29 April 2023 06:23 PM
बीकानेर , 29 अप्रैल। बाफना स्कूल में आज एक एक्सपर्ट टॉक का आयोजन हुआ जिसमें दिल्ली आकाशवाणी में कार्यरत और मीडिया तथा कॉरपोरेट कम्युनिकेशन एक्सपर्ट, विभा बिष्ट मुख्य वक्ता थी। विभा बिष्ट ने स्कूल शिक्षक-शिक्षिकाओं से शैक्षिक उन्नयन और नवाचारों के बारे में बात की तथा अपने विचार रखे।
विभा बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि सकारात्मक शैक्षिक उन्नयन के लिए जरूरी है कि विद्यार्थियों को शिक्षित करते समय एक सहज और स्वाभाविक माहौल मिले। वो माहौल उन्हें प्रेयर, प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और प्राइज के माध्यम से बखूबी मिल सकता है। एक बच्चे के सर्वांगीण विकास में उसका आत्मविश्वास सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होता है। स्कूल ही एकमात्र माध्यम है जिसके द्वारा एक विद्यार्थी अपने अंदर आत्मविश्वास को समाहित कर सकता है। शिक्षक को अपने विद्यार्थी के आत्मविश्वास के निर्माण में हमेशा जागरूक रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाषा पर पकड़ आज के युग की एक महती आवश्यकता है क्योंकि वो आपके व्यक्तित्व का निर्माण करती है। भाषा केवल बातचीत का माध्यम नहीं है बल्कि संस्कार और संस्कृति को एक दूसरे तक पहुंचाने का जरिया भी है। कामयाबी के शिखर तक पहुंचने में भाषा का ज्ञान आवश्यक है। शिक्षकों को अपने विद्यार्थी में भाषाई कौशल को विकसित करने के लिए आवश्यक रूप से कार्य करना चाहिए और उसकी उपयोगिता के बारे में भी बताकर उन्हें जागरूक करते रहना चाहिए। किसी भी विषय की समझाइश की भाषा इतनी सरल होनी चाहिए कि विद्यार्थी को विषय वस्तु समझ आ सके तथा उस विषय के प्रति उसकी रुचि बनी रह सके।
उन्होंने बताया कि आज के सोशल मीडिया के समय में बच्चे नैतिक शिक्षा से बहुत दूर हो गए हैं जो उनके अंदर संस्कारों के पतन का कारण भी बनता है। इसे दूर करने के लिए बच्चों को हमारे देश की प्राचीन कहानियां को सुनाया जाए जिससे उनके आचरण में नैतिकता, संयम और अहिंसा के गुण विद्यमान होंगे। अंत में उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जब भी आप से बात करें तो आप उसे बहुत गौर से सुने इससे विद्यार्थी को लगेगा कि शिक्षक उसको महत्व दे रहा है जिससे उसके अंदर ज्ञान की कुशलता को अधिक से अधिक ग्रहण करने की रुचि पैदा हो सके।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के सीईओ डॉ पीएस वोहरा ने स्कूल प्रबंधन की ओर से मीडिया तथा कॉरपोरेट कम्युनिकेशन एक्सपर्ट, विभा बिष्ट का सम्मान किया तथा उनका आभार प्रकट करते हुए कहा कि आपके द्वारा शैक्षिक उन्नयन और नवाचार हेतु सुझाए गए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्कूल आवश्यक रूप से कार्य करेगा जिससे शैक्षिक क्रियाकलापों को शानदार गति प्रदान की जा सके।
RELATED ARTICLES