28 March 2023 10:42 PM
बीकानेर, 28 मार्च। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को राजकीय डूंगर कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष कार्यालय उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए बीकानेर पहुंचे। मुख्यमंत्री इसके बाद गंगाशहर स्थिति तेरापंथ भवन में कांग्रेस के संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। बीकानेर के उपनगर गंगाशहर के तेरापंथ भवन से आज कांग्रेस के नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया। श्री गंगानगर, हनुमानगढ़ , चूरू व बीकानेर जिलों के सैकड़ों कार्यकर्ता आज दोपहर संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मलेन में शामिल होने पहुंचे। सुरक्षा के भारी बंदोबस्त किये गए थे। संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मलेन को संबोधित करते हुए अशोक गहलोत ने कहा- इंदिरा गांधी को भी संसद से बाहर किया गया था, लेकिन वो पूरी शक्ति के साथ वापस सदन में आईं। ऐसा ही राहुल गांधी के साथ किया जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एकत्र होना ऐतिहासिक है। ये याद रखा जाएगा कि राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करने पर हम एकत्र हुए थे।
गहलोत ने कहा- देश में तानाशाही चल रही है, जिसे खत्म करने के लिए पहले कांग्रेस की सरकार राजस्थान में रिपीट करनी है। इसके बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना ही प्रथम लक्ष्य होना चाहिए। गहलोत ने कहा- राहुल गांधी को बंगला खाली करने के लिए कहा गया है, राहुल गांधी ने बड़ी सज्जनता के साथ कहा- वो बंगला खाली कर देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एक साथ आना होगा। आने वाले दिनों में सरकार को रिपीट करना है। गहलोत ने बजट घोषणाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जितना चाहा, उससे ज्यादा सरकार ने दिया है। उन्होंने ओल्ड पेंशन स्कीम को भी गिनाया।
मुझे कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी है- रंधावा
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा- जब मैं राजस्थान आया तो खबरों से लगा कि राजस्थान में न जाने कितनी फूट है। कितनी लड़ाई है। आज मुझे लगता है कि राजस्थान में सरकार रिपीट होगी। रंधावा ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा- कांग्रेस के बूथ स्तर के कार्यकर्ता को एक जुटकर होकर इस तानाशाही सरकार को हटाना होगा। रंधावा ने कहा कि देश की आजादी के लिए कांग्रेस ने काम किया। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी देश के लिए शहीद हुए।
जोश दिखाना होगा
रंधावा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार सिर्फ बातों से वापस नहीं आएगी। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जोश दिखाना होगा। आवाज उठानी होगी। इसके बाद एक कार्यकर्ता ने खड़े होकर नाराबाजी शुरू की तो रंधावा ने उसकी तारीफ करते हुए कहा कि ऐसा ही जोश कार्यकर्ताओं को बनाकर रखना होगा।
इन्होंने भी रखे विचार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द डोटासरा ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आ गए हैं। ऐसे में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जोश बनाकर रखना होगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उपलब्धियों को गिनाना होगा। शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करने के बाद भी कांग्रेस डरेगी नहीं। उन्होंने शायरी करते हुए कहा कि हम लड़ने के लिए तैयार है। आपदा प्रबंधन मंत्री गोविन्द मेघवाल, ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी और कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी ने भी विचार रखे।
राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन समारोह--मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय में 30 नए कक्षा कक्षों के निर्माण के लिए की घोषणा
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उत्थान और उनकी प्रगति के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। युवाओं और विद्यार्थियों को समर्पित बजट पेश कर भविष्य के संकल्पना को साकार किया जा रहा है। शिक्षा क्षेत्र में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों एवं नवाचारों से ही आज राजस्थान अग्रणी राज्य बना है। इसी का परिणाम है कि भारतीय सिविल सेवा में चयनित होने में राज्य के युवा आगे हैं। गहलोत मंगलवार को बीकानेर के राजकीय डूँगर महाविद्यालय में छात्रसंघ कार्यालय उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सशक्त माध्यम है, जिससे युवा अपने भविष्य के लिए सही रास्ता चुन सकते हैं। युवा वर्ग शिक्षा प्राप्ति के साथ देश की हर घटना की जानकारी भी रखें। देश की आजादी से पूर्व एवं बाद के त्याग और बलिदान को पढ़ें और अन्य ज्ञानवर्धक गतिविधियों में भी शामिल हों। इसी से व्यक्तिव और कृतित्व मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि इतिहास वही बनाता है, जो इतिहास जानता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र में आज जो फैसले ले रही है, उनका लाभ भविष्य में मिलेगा। उन्होंने समारोह में महाविद्यालय के छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने छात्र हितों को देखते हुए 30 नए कक्षा कक्षों के निर्माण के लिए घोषणा की।
प्रदेश में लगेंगे 100 मेगा जॉब फेयर
गहलोत ने कहा कि सभी को रोजगार उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। राज्य सरकार अब 100 मेगा जॉब फेयर लगाकर युवाओं को ऑन द स्पॉट ही रोजगार दिलाने के लिए प्रयासरत है। अभी जयपुर, भरतपुर, जोधपुर एवं बीकानेर सहित कई शहरों में फेयर लगाकर हजारों युवाओं को रोजगार दिलाया गया है। सरकार द्वारा करीब 1.36 लाख राजकीय नौकरियां दी जा चुकी है, इतनी ही प्रक्रियाधीन हैं। आगामी वर्ष में एक लाख नौकरियां और दी जाएगी।
प्रदेश में बड़े शिक्षण संस्थान स्थापित
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार षिक्षा के चहुंमुखी विकास के लिए संकल्पबद्ध है। बेहतर शिक्षा के लिए हरसम्भव प्रयास और नवाचार किए जा रहे हैं। प्रदेश में आईआईटी, आईआईएम, एम्स, ट्रिपल आईटी, निफ्ट, एनआईए, आरयूएचएस, लॉ, एग्रीकल्चर, स्पोर्ट्स एवं पुलिस यूनिवर्सिटी जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थान स्थापित हो चुके हैं। साथ ही अब प्रदेश में विश्वविद्यालयों की संख्या 92 हो गई है। पिछले चार वर्षों में ही 211 महाविद्यालय खोले जा चुके हैं तथा 92 महाविद्यालय और खोले जा रहे हैं। अब प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना में 30 हजार विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग, राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना में 500 विद्यार्थियों को विदेश में निःशुल्क शिक्षा, महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की स्थापना जैसे नवाचारों से राज्य में शिक्षा का स्वरूप ही बदल गया है।
समारोह में शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि महाविद्यालय में 15 करोड़ रुपए की लागत से सभागार बनेगा। आपदा प्रबंधन एवं सहायता मंत्री श्री गोविंद राम मेघवाल ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। प्रदेश में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की शुरूआत की गई है। ऊर्जा मंत्री श्री भंवर सिंह भाटी ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हुए हैं। प्रदेश में 91 कन्या महाविद्यालय खुलने से बालिकाओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के सुअवसर मिले हैं।
इस अवसर पर पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री श्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि छात्र शक्ति से ही लोकतंत्र अधिक मजबूत होगा। युवा सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ें और देश की प्रगति में अपनी अहम भूमिका निभाएं। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि जिस प्रदेश के युवाओं में पढ़ने की रूचि होती है, वह प्रदेश उत्तरोत्तर प्रगति करता है। राजस्थान मे ऐसा ही माहौल है। छात्रसंघ अध्यक्ष श्री हरिराम गोदारा ने राज्य सरकार द्वारा छात्र कल्याण में संचालित योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
समारोह में राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद की अध्यक्षा व विधायक श्रीमती कृष्णा पूनिया, केश कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री महेंद्र गहलोत, भू-दान यज्ञ बोर्ड के अध्यक्ष श्री लक्ष्मण कड़वासरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, छात्रसंघ के पदाधिकारी, अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
-----
भाजपा नेता महावीर रांका ने सीएम गहलोत को दिए दो ज्ञापन -ईसीबी कार्मिकों के साथ न्याय व कॉलेज में करोड़ों के घोटाले की हो जांच
बीकानेर। भाजपा नेता महावीर रांका ने सीएम अशोक गहलोत को बीकानेर आगमन पर ईसीबी कार्मिकों से जुड़े दो ज्ञापन दिए। पूर्व यूआईटी चैयरमेन महावीर रांका ने बताया कि ज्ञापन में उल्लेखित किया गया है कि अधिकारियों की हठधर्मिता और भ्रष्ट आचरण के चलते इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर अपनी साख खोता जा रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि कॉलेज में 18 अशैक्षणिक कार्मिकों को राजनैतिक दुर्भावना के चलते निष्कासित कर दिया गया था। हाईकोर्ट द्वारा दिए गए आदेशों की भी पालना नहीं की जा रही है। विगत 20 मार्च को भी हाईकोर्ट द्वारा अवमानना याचिका में सुनवाई करते हुए कार्मिकों को माह मार्च 2023 का वेतन दिनांक 7 अप्रेल 2023 तक भुगतान किए जाने संबंधित आदेश प्रसारित किए गए हैं, किन्तु तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा राजनैतिक दबाव के चलते इस विषय पर निर्णय नहीं किया जा सका है। दूसरे ज्ञापन में ईसीबी में हुए करीब 21 करोड़ रुपए के घोटाले की जांच की मांग की है। उक्त प्रकरण में मात्र एक कार्मिक के विरुद्ध एफआईआर करवाकर लीपापोती की गई है। पूर्व चैयरमेन महावीर रांका ने उक्त दोनों मामलों में न्यायसंगत कार्यवाही करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में पूर्व पार्षद राजेन्द्र शर्मा, मधुसूदन शर्मा, भाजपा नेता इंद्र ओझा, मोहिम्मद ताहिर, भगवतीप्रसाद गौड़, तेजाराम राव, शंभु गहलेात, जगदीश मोदी, आनन्द सोनी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष जसराज सींवर व कैलाश पारीक आदि शामिल रहे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का बीकानेर पहुंचने पर किया भव्य अभिनंदन
बीकानेर, 28 मार्च। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार प्रातः नाल हवाई अड्डे पहुंचे। यहां पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री गहलोत का भव्य अभिनंदन किया गया। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और पूर्व मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा भी मुख्यमंत्री के साथ आए। इस दौरान शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला, आपदा प्रबंधन मंत्री श्री गोविंद राम मेघवाल, ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी, भूदान आयोग के अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा, केश कला बोर्ड के अध्यक्ष महेंद्र गहलोत, संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन, जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल, पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी यादव, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, डॉ. भीमराव अंबेडकर न्याय पीठ के महानिदेशक मदन गोपाल मेघवाल, यशपाल गहलोत, जिया उर रहमान, महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक संजय आचार्य, ऋषि कुमार व्यास, अनिल कल्ला, अरविंद मिड्ढा, गोपाल गहलोत, राजेंद्र मूंड, भागीरथ तेतरवाल, गजेन्द्र सिंह सांखला सहित अनेक लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया .
मुख्यमंत्री को सौंपी रिपोर्ट
बीकानेर, 28 मार्च। गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक संजय आचार्य ने 26 और 27 मार्च को आयोजित राज्यस्तरीय खादी और ग्रामोद्योग कार्यक्रम की रिपोर्ट मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत प्रस्तुत की। उन्होंने इस दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों के बारे में बताया। वहीं परशुराम सेवा समिति के अध्यक्ष नवरतन व्यास ने बीकानेर में परशुराम सेवा समिति को रियायती दर पर भूमि आवंटित करने की संबंधी ज्ञापन दिया। उन्होंने इस संबंध में पूर्व में की गई कार्यवाही के बारे में मुख्यमंत्री को बताया। इस दौरान सुशील किराडू साथ रहे। राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास आयोग के सदस्य सांगीलाल वर्मा व राज्य सफाई कर्मचारी के पूर्व सदस्य चंद्रशेखर चांवरिया मुख्यमंत्री का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। पूर्व पार्षद गोपाल पुरोहित, होलसेल भंडार के पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र व्यास ने भी सूत की माला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
RELATED ARTICLES