08 March 2023 09:41 PM
हैदराबाद , 8 मार्च। साध्वी श्री डॉ मंगल प्रज्ञा जी ने अपनी सहवर्तिनी साध्वी सुदर्शन प्रभा जी, साध्वी सिद्धियशा जी, साध्वी डॉ राजुल प्रभा जी, साध्वी डॉ चैतन्यप्रभा जी एवं साध्वी डॉ शौर्य प्रभा जी के साथ हैदराबाद शहर प्रवेश किया। नगर सीमा पर सम्पूर्ण तेरापंथ समाज की समस्त संस्थाओं ने साध्वी श्री का भव्य स्वागत किया एवं सफल चातुर्मास प्रवास की आध्यात्मिक शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर साध्वी श्री जी ने कहा- जिनशासन और भैक्षव शासन हमारी साधना का प्रवर आधार है। तेरापंथ संघ की एकाचार्य परम्परा हमारे विकास का प्रमुख हेतु है। आज गुरु आज्ञानुसार हमारा हैदराबाद आगमन हुआ है। हमें अपनी शक्ति का यथा सामर्थ्य नियोजन कर अपना आध्यात्मिक उत्थान करना है। सबके जीवन में अध्यात्म का सूर्य उदित होता रहे, ऐसा प्रयास करना है। ज्ञान, दर्शन चारित्र और तप की मंदाकिनी में अभिस्नात होना है। जागरण का दीप हर घर में जले, नए संकल्प के साथ हर मानस निरन्तर प्रस्थान करे, यह हमारी भावना है, मंगलकामना है। तेरापंथ शासन की गरिमा को हम और अधिक उचाईँया प्रदान करें, नई सोच के साथ, नया अभियान चलाना है।
साध्वी श्री जी ने कहा हैदराबाद श्रावक - समाज आज पूर्ण उत्साह के साथ हमारी अगवानी करने आया है, यह उत्साह निरन्तर प्रवर्धमान रहे। साध्वी वृन्द ने "महाश्रमण महाकृपा से पावस होगा मंगलकारी" गीत का सह संगान किया। तेरापंथ सभा के अध्यक्ष बाबूलाल बैद एवं तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्षा अनिता गिरिया ने स्वागत स्वर प्रस्तुत किए। पुलिस अधिक्षक एवं मार्गवर्ती तेलांगना प्रवासियों ने अपने हृदयभावों के साथ संत-समागम के भव्य दृश्य को निहारा, अपनी जिज्ञासा व्यक्त की और समाधान भी पाया ।साध्वी श्री जी ने सांघी नगर स्थित गिरीश सांघी के निवास स्थान से प्रस्थान कर, हैदराबाद शहर में भव्य जुलूस के साथ प्रवेश किया, और तौरूर के एलामा फंक्शन हॉल' में प्रवास किया। पूर्व एम एल ए (MLA) रहे गिरीश सांघी के साथ साध्वी श्री की विभिन्न विषयों पर वार्ता हुई। उन्होंने साध्वी श्री के आगामी चातुर्मास के प्रति मंगलकामना की। इस अवसर पर तेरापंथ सभा, महिलामंडल, युवक परिषद, तेरापंथ प्रोफेशनल फॉरम आदि संस्थाओं की विशेष उपस्थिति रही।
RELATED ARTICLES