01 December 2022 06:00 PM
पुलिस ने 4 घंटे में ढूंढकर लौटाया
नयी दिल्ली , 1 दिसम्बर। ग्रेटर नोएडा में एक NRI दंपति 1 करोड़ की ज्वेलरी से भरा बैग उबर कैब में भूल गया। उन्होंने बिसरख पुलिस थाने में मामले की जानकारी दी। पुलिस तुरंत एक्शन में आई और सिर्फ 4 घंटे में कैब को ढूंढकर दंपति का बैग लौटा दिया। वे अपनी बेटी की मेहंदी के फंक्शन के लिए गहने लेकर होटल जा रहे थे, उसी दौरान कैब की डिक्की में वे अपना गहनों का बैग भूल गए।
बेटी की शादी के लिए लंदन से आया था NRI परिवार
निखिलेश कुमार सिन्हा अपने परिवार के साथ लंदन में रहते हैं। हाल ही में वे अपनी बेटी की शादी के लिए भारत आए हैं। बुधवार को ग्रेटर नोएडा के सरोवर पोर्टिको होटल में उनकी बेटी की मेहंदी का फंक्शन था। होटल पहुंचने के लिए निखिलेश ने ग्रुरुग्राम से उबर कैब बुक की, लेकिन जब वे होटल पहुंचे तो याद आया कि उन्होंने ज्वेलरी का बैग तो कैब में ही छोड़ दिया है।
पुलिस ने कैब का लाइव लोकेशन ट्रैक की
NRI ने मामले की जानकारी बिसरख पुलिस थाने में की। पुलिस ने कैब का लाइव लोकेशन ट्रैक किया और गाजियाबाद के लालकुआं में चालक को ढूंढ निकाला। ड्राइवर ने बताया कि निखिलेश के बाद उसने कई और राइड्स पूरी की थीं और उसे ज्वेलरी के बैग के बारे में कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने उसकी कार की डिक्की से बैग लेकर NRI परिवार को सौंपा। इस पर निखिलेश और उनके परिवार ने पुलिस को धन्यवाद दिया।
RELATED ARTICLES