30 March 2023 10:57 PM
चरखी दादरी , 30 मार्च। चरखी दादरी निवासी आईएएस विवेक आर्य के दादा-दादी ने बुधवार रात घर पर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। बुजुर्ग दंपती ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा जो दम तोड़ने से पहले उन्होंने पुलिस को सौंपा। इस पर संज्ञान लेकर पुलिस ने परिवार के चार लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। मृतक दंपती का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया जाएगा। जानकारी के मुताबिक जगदीशचंद और भागली देवी अपने बेटे के पास बाढड़ा के शिव कॉलोनी में रहते थे।
आत्महत्या के प्रयास के बाद ईआरवी 151 मौके पर पहुंची और बाढड़ा थाने से भी पुलिस टीम को मौके पर बुलाया गया। हालत बिगड़ने पर बुजुर्ग दंपती को पहले बाढड़ा के निजी अस्पताल ले जाया गया और वहां हालत गंभीर होने के चलते उन्हें दादरी सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है जिसमें जगदीशचंद के दुखों की व्याख्या लिखी है। उन्होंने लिखा है कि मेरे बेटों के पास बाढ़ड़ा में 30 करोड़ की संपत्ति है, लेकिन उन के पास मुझे देने के लिए दो रोटी नहीं हैं। मैं अपने छोटे बेटे के पास रहता था। 6 साल पहले उसकी मौत हो गई।
FIR में पुलिस को जगदीश ने अपने बेटे और बहू पर कार्रवाई करने की बात कही और साथ ही उन्होंने कहा उनकी सम्पत्ति बेटों को न देकर आर्य समाज को दान कर दी जाए। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बेटे और पुत्रवधुओं पर 306 के अतंर्गत अभियोग दर्ज किया गया है जिसका अनुसंधान किया जा रहा है। जो भी तथ्य सामने आएगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
परिवार के चार लोगों पर दर्ज किया मामला
जानकारी के अनुसार मूलरूप से गोपी निवासी जगदीशचंद्र (78) और भागली देवी (77) अपने बेटे विरेंद्र के पास बाढड़ा में रहते थे। विरेंद्र आर्य का बेटा विवेक आर्य 2021 में आईएएस बना था और उन्हें हरियाणा कैडर मिला है। इस समय वो अंडर ट्रेनी काम कर रहे हैं। बुधवार रात जगदीशचंद्र और उनकी पत्नी भागली देवी ने बाढड़ा स्थित अपने आवास पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। देर रात करीब ढाई बजे जगदीशचंद्र ने जहर निगलने की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम में दी। इसके बाद ईआरवी 151 मौके पर पहुंची और बाढड़ा थाने से भी पुलिस टीम को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस को जगदीशचंद्र ने सुसाइड नोट सौंपा। वहीं, हालत बिगड़ने पर बुजुर्ग दंपती को पहले बाढड़ा के निजी अस्पताल ले जाया गया और वहां हालत गंभीर होने के चलते उन्हें दादरी सिविल अस्पताल भेजा गया। दादरी अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाढड़ा थाना पुलिस ने देर रात ही उनके शव कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिए। वीरवार सुबह पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पोस्टमार्टम के लिए आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट के आधार पर बाढड़ा थाना पुलिस ने परिवार के ही चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
RELATED ARTICLES