14 January 2023 09:45 PM
बेनोनी, 14 जनवरी। आईसीसी महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हराते हुए टूर्नामेंट में धमाकेदार आगाज किया है। टीम इंडिया के लिए श्वेता सेहरावत ने नाबाग 92 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इसके अलावा कप्तान शेफाली वर्मा ने 16 गेंद में 45 रन बनाकर विस्फोटक अंदाज दिखाया। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत के लिए 167 रन का लक्ष्य रखा था। भारत के लिए शेफाली और सेहरावत ने सात ओवर में 77 रन की साझेदारी की। भारत के लिए 51 टी20 , दो टेस्ट और 21 वनडे खेल चुकी शेफाली शानदार फॉर्म में दिखी।
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को मनचाहे शॉट खेले। अपनी पारी में उन्होंने नौ चौके और एक छक्का लगाया। वह आठवें ओवर में स्पिनर मियाने स्मिट की गेंद पर आउट हुई। वहीं सेहरावत ने 57 गेंद की अपनी पारी में 20 चौके लगाए। उन्होंने 21 गेंद बाकी रहते भारत को जीत तक पहुंचाया।
शेफाली ने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए दो विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका के लिए सिमोन लौरेंस ने 44 गेंद में 61 और इलांड्री जांसे वान रेंसबर्ग ने 13 गेंद में 23 रन बनाए। बायें हाथ की स्पिनर सोनम यादव ने रेंसबर्ग को विकेट के पीछे रिचा घोष के हाथों लपकवाकर भारत को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद शेफाली ने ओलुहले सियो को पवेलियन भेजा। लौरेंस के 17वें ओवर में रन आउट होने के बाद मेजबान टीम की रनगति पर अंकुश लग गया। टीम ने पांच विकेट पर 166 रन बनाए।
RELATED ARTICLES