26 January 2023 11:43 PM
नई दिल्ली, 26 जनवरी (थार न्यूज़)। लोकसभा चुनाव से पूर्व होने वाले 9 राज्यों के चुनावों को लेकर राजनैतिक दलों की तैयारियां इन दिनों जोरों-शोरों से चल रही है। 2024 का लोकसभा चुनाव
2019 के मुकाबले कुछ मामलों में अलग भी रहेगा। एनडीए और यूपीए के सहयोगी दलों की हुई दलबदली का स्पष्ट असर इन चुनावों में देखने को मिलेगा। क्योंकि एनडीए और यूपीए दोनों में कुछ नए दल शामिल हुए हैं। 2019 में कुछ दल जो एनडीए में थे, वे अब यूपीए में जा चुके हैं। जिनमें मुख्यत: नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू और उद्धव ठाकरे की पार्टी शामिल है। वहीं यूपी में पिछले चुनाव में सपा और बसपा के साथ में चुनाव लडऩे का उलट इस बार रहेगा। लोकसभा चुनाव से पहले देश का मिजाज सर्वे में कुछ राज्यों में बीजेपी को अधिक फायदा तो वहीं कुछ राज्यों में काफी नुकसान होता दिख रहा है। न्यूज चैनल आज तक के सर्वे में जो बात सामने आई है, उसके मुताबिक यदि चुनाव आज होते हैं तो महाराष्ट्र, कर्नाटक, बिहार में बीजेपी को काफी सीटों का नुकसान होगा।
सर्वे के मुताबिक आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी को मुख्यत: तीन राज्यों में काफी सीटों का स्पष्ट नुकसान होना प्रतीत हो रहा है। वे राज्य हैं, महाराष्ट्र, कर्नाटक और बिहार। सर्वे के मुताबिक यदि इन राज्यों में आज चुनाव हुए तो यूपीए को कर्नाटक में 17 लोकसभा सीटें मिल सकती हैं। पिछली बार 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां उसके खाते में केवल 2 सीटें आई थीं। यानी बीजेपी को कर्नाटक में काफी नुकसान होता दिख रहा है। कर्नाटक में लोकसभा से पहले विधानसभा चुनाव भी है। वहीं महाराष्ट्र में यूपीए के खाते में 34 सीटें जाती दिख रही हैं। आज चुनाव हुए तो 34 सीटें यूपीए जीत सकती है जबकि पिछली बार केवल 6 सीटें मिली थीं। यहां उद्धव ठाकरे के यूपीए में जाने का फायदा उसे दिख रहा है। वहीं बिहार में 2019 के मुकाबले यूपीए 24 सीटें अधिक जीत सकती हैं। हालांकि इस बार जेडीयू भी उनके साथ है। 2019 के चुनाव में यूपीए को बिहार में केवल एक सीट मिली थी वहीं इस बार सर्वे के मुताबिक 25 सीटें उसे मिलती दिख रही हैं।
सर्वे के मुताबिक कुछ बड़े राज्यों में बीजेपी पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार और अधिक सीटें जीतने जा रही है। इसमें सीटों के लिहाज से सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश भी शामिल है। यूपी में यदि आज चुनाव हुए तो बीजेपी के खाते में 70 सीटें जाती दिख रही हैं। पिछले चुनाव के मुकाबले यह 6 अधिक है। पिछली बार यूपी में लोकसभा चुनाव सपा और बसपा दोनों मिलकर लड़े थे। यानी इस बार चुनाव में बीजेपी 2014 वाला ही कमाल करती दिख रही है। इसके साथ ही बीजेपी को इस बार असम लोकसभा की 14 सीटें मिल सकती हैं। पिछले चुनाव में यहां पार्टी को 12 सीटें मिली थीं। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल जहां बीजेपी और ममता बनर्जी की पार्टी में सीधा मुकाबला है, वहां भी बीजेपी को फायदा होता दिख रहा है। इस सर्वे के मुताबिक बीजेपी को यहां लोकसभा में 20 सीटें मिल सकती हैं, पिछली बार 18 सीटें पार्टी के पास थीं। वहीं तेलंगाना में भी बीजेपी को फायदा होता दिख रहा है। यहां पार्टी पिछले चुनाव के मुकाबले 2 अधिक सीटों पर जीत दर्ज करते हुए दिख रही है। यहां बीजेपी इस बार 6 सीटें मिल सकती हैं।
2024 में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनती हुई दिख रही है। सर्वे के मुताबिक आज चुनाव हुए तो एनडीए को 298 सीटें, यूपीए के खाते में 153 सीटें जाती हुई दिख रही हैं तो वहीं अन्य को 92 सीटें मिल सकती हैं। वोट प्रतिशत की बात की जाए तो इस बार एनडीए को नुकसान हो रहा है। आज चुनाव हुए तो सर्वे के मुताबिक 43 प्रतिशत वोट बीजेपी को हासिल होंगे। 2019 लोकसभा चुनाव में एनडीए को 60 फीसदी वोट हासिल हुए थे। यूपीए को 29 प्रतिशत और अन्य को 28 प्रतिशत वोट हासिल हो सकते हैं। वहीं अलग-अलग दलों की बात की जाए तो बीजेपी को आज चुनाव हुए तो 284 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस को 68 और अन्य के खाते में 191 सीटें जाती हुई दिख रही हैं।
RELATED ARTICLES