14 January 2022 01:19 PM
धर्म परिवर्तन कर हिंदू बने वसीम रिजवी गिरफ्तार:धर्म संसद में मुस्लिमों के खिलाफ हेट स्पीच देने का आरोप, हरिद्वार पुलिस ने भेजा जेल
हरिद्वार में 17 से 19 दिसंबर तक हुई धर्म संसद में नफरती भाषण देने के आरोप में जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी उर्फ वसीम रिजवी की गुरुवार को गिरफ्तारी हुई। इस दौरान की एक वीडियो सामने आया है। इसमें उत्तराखंड पुलिस वसीम रिजवी के साथ नरसिंहानंद गिरि को गाड़ी से नीचे उतरने के लिए बोल रही है। नरसिंहानंद गिरि पुलिस अफसरों से यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं, 'यार तुम सब मरोगे, अपने बच्चों को भी मरवाओगे '
23 दिसंबर को हरिद्वार पुलिस ने जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी उर्फ वसीम रिजवी के खिलाफ नफरती भाषण देने का मुकदमा दर्ज किया था। बाद में इस मुकदमे में नरसिंहानंद गिरी, अन्नपूर्णा उर्फ पूजा शकुनि पांडे, सिंधु सागर, धर्मदास, परमानंद, आनंद स्वरूप समेत 10 लोगों के नाम बढ़ाए गए थे। हरिद्वार के एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी उर्फ वसीम रिजवी को गुरुवार देर शाम यूपी और उत्तराखंड के बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर से हुई थी गिरफ्तारी
यह वीडियो यूपी-उत्तराखंड के नारसन बॉर्डर की है, जब वसीम रिजवी, नरसिंहानंद गिरि और एक अन्य महाराज गाड़ी में बैठे हुए थे। हरिद्वार की ज्वालापुर थाना पुलिस ने उनकी गाड़ी को रोका। तीनों को गाड़ी से नीचे उतारने का प्रयास किया। इस दौरान नरसिंहानंद गिरि और पुलिस अफसरों में नोकझोंक हुई। उन्होंने पुलिस से पूछा- इन्हें क्यों गिरफ्तार कर रहे हो आप।
महामंडलेश्वर की पुलिस से नोकझोंक
उधर, जब वसीम रिजवी की गिरफ्तारी हुई तो उनके साथ जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर नरसिंहानंद गिरि मौजूद थे। गिरफ्तारी को लेकर उनकी हरिद्वार पुलिस के साथ खूब नोकझोंक हुई। उन्होंने पुलिस से कहा- इन्हें क्यों गिरफ्तार कर रहे हो आप। इस पर पुलिस ने कहा कि लीगल प्रोटोकॉल के अनुसार हमें अरेस्टिंग करनी है। इन मुकदमों में वह मुख्य आरोपी हैं। इस पर गिरी ने कहा कि तीनों के तीनों में साथ हूं। इन्होंने कोई अकेले कर ली क्या?
इस पर पुलिसकर्मी उन्हें समझाते हैं कि स्वामी जी आप आइए तो। हम आपको नहीं आने को नहीं कह रहे हैं। आप साथ-साथ आइए तो। त्यागी जी समझ रहे हैं। इस पर गिरी ने कहा कि त्यागी जी तो समझ रहे हैं, लेकिन हम नहीं समझ रहे हैं। इस पर पुलिसकर्मी फिर कहते हैं कि आप हमारे पीछे आ जाइए। इस पर गिरी फिर कहते हैं कि हमारे भरोसे तो वह हिंदू बने हैं।
पुलिस ने कहा कि लीगल प्रोटोकॉल के अनुसार, हमें अरेस्टिंग करनी है। 3 मुकदमों में वह आरोपी हैं। इस पर नरसिंहानंद ने कहा कि तीनों के तीनों मुकदमों में मैं साथ हूं। 44 सेकेंड की वीडियो में आखिरी के 6 सेकेंड नरसिंहानंद गिरि कहते हैं- तुम सब मरोगे, अपने बच्चों को भी मरवाओगे। सीओ स्तर के अधिकारी हाथ पकड़ते हुए कहते हैं- तुम चलो तो सही। नरसिंहानंद कहते हैं- चल रहा हूं सीओ साहब।
रिजवी की जमानत अर्जी पर सुनवाई आज संभव
हरिद्वार कोर्ट ने जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी उर्फ वसीम रिजवी को गुरुवार शाम ही जेल भेज दिया। इसके विरोध में जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि हरकी पैड़ी के सर्वानंद घाट पर अन्न-जल त्यागकर निर्जला उपवास पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि वसीम रिजवी की रिहाई तक यह सत्याग्रह जारी रहेगा। नरसिंहानंद गिरि ने कहा कि हम तब तक बैठे रहेंगे, जब तक वह जेल से छूट नहीं जाते। इसके बाद ही हम अन्न-जल ग्रहण करेंगे। एक अपराध जो बहुत सारे लोगों ने किया, उसमें सिर्फ एक को गिरफ्तार किया, बाकी को छोड़ दिया। हमें दुनिया के 200 करोड़ मुसलमानों को सनातन में लाना है। उधर, वसीम रिजवी की जमानत अर्जी पर आज हरिद्वार की मुख्य अदालत में सुनवाई हो सकती है।
गाजियाबाद के मंदिर में हुआ था वसीम रिजवी का धर्मांतरण
नरसिंहानंद गिरि गाजियाबाद में डासना देवी मंदिर के पीठाधीश्वर हैं। इसी मंदिर में उन्होंने 6 दिसंबर को वसीम रिजवी का धर्मांतरण कराया और उन्हें नया नाम जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी दिया था। धर्मांतरण के बाद से वसीम रिजवी मुस्लिम धर्म को लेकर लगातार विवादित बयानबाजी कर रहे हैं। इसे लेकर उन पर हरिद्वार में तीन मुकदमे पिछले दिनों दर्ज हुए हैं।
RELATED ARTICLES
© Copyright 2019-2025, All Rights Reserved by tharexpressnews | Designed by amoadvisor.com