बीकानेर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते अधिकारी को दबोचा
बीकानेर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते अधिकारी को दबोचा


बीकानेर, 15 दिसंबर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बीकानेर जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए, एक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी ने यह कार्रवाई आज सोमवार को शिकायत मिलने के बाद की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसीबी टीम ने एक जाल बिछाकर संबंधित अधिकारी को उस समय दबोच लिया, जब वह परिवादी से रिश्वत की राशि स्वीकार कर रहा था। अधिकारी को गिरफ्तार करने के बाद एसीबी टीम ने उसके आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान भी शुरू कर दिया है। एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई किस विभाग के अधिकारी के खिलाफ हुई है और कितनी राशि की रिश्वत ली जा रही थी, इसकी विस्तृत जानकारी प्रेस नोट जारी होने के बाद ही सामने आएगी। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की इस त्वरित कार्रवाई से सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।


थार एक्सप्रेस के सूत्रों के अनुसार एसीबी की विशेष शाखा ने बीकानेर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए स्टेट जीएसटी ऑफिस के एक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, एसीबी की टीम ने टैक्स असिस्टेंट ऑफिसर (TAO) पुरुषोत्तम जोशी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए दबोचा है।
एसीबी से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी पुरुषोत्तम जोशी ने परिवादी से टैक्स सेटलमेंट (कर निपटान) के एवज में रिश्वत की मांग की थी। परिवादी ने इस मामले की शिकायत एसीबी कार्यालय में दर्ज कराई, जिसके बाद एसीबी टीम ने शिकायत का सत्यापन किया।सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर, एसीबी ने आज सोमवार को ट्रैप (जाल) की कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया और पुरुषोत्तम जोशी को रिश्वत की राशि स्वीकार करते समय रेंज हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की इस त्वरित कार्रवाई से सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है। एसीबी अब आरोपी अधिकारी से जुड़े अन्य मामलों और ठिकानों की जाँच कर रही है।


₹9 लाख की रिकवरी सेटलमेंट का था मामला
एसीबी के अनुसार, आरोपी पुरुषोत्तम जोशी को बालाजी कोल्डड्रिंक कंपनी की नौ लाख रुपए की टैक्स रिकवरी का सेटलमेंट करने के एवज में रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया है। आरोप है कि टैक्स बचाने के लिए अधिकारी द्वारा परिवादी से ₹50,000 की रिश्वत की मांग की गई थी।
एसीबी का कहना है कि संबंधित फर्म ने दो दिन पहले, यानी 13 दिसंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जीएसटी रिकवरी लगभग साढ़े नौ लाख रुपए निकली है और इसके सेटलमेंट के लिए पुरुषोत्तम जोशी ₹50,000 की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत का सत्यापन करवाने के बाद सोमवार को एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ने की कार्रवाई को अंजाम दिया। सेल टैक्स ऑफिस में जैसे ही आरोपी टैक्स असिस्टेंट ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर दबोच लिया।
कार्यालय में अफरा-तफरी, बैंक खाते भी खंगालेगी एसीबी
कार्रवाई के दौरान जीएसटी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसीबी टीम आरोपी अधिकारी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और रिश्वत से जुड़े दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि विभाग में गड़बड़ी की शिकायतें उन्हें पिछले कई दिनों से मिल रही थीं। एसीबी अब गिरफ्तार कर्मचारी के बैंक खातों और आवासीय ठिकानों पर भी गहन छानबीन कर सकती है। मामले में आगे की जाँच जारी है और अन्य भ्रष्टाचार से जुड़े खुलासे होने की संभावना है।
