बीकानेर के 9 सरकारी समाचार
बीकानेर के 9 सरकारी समाचार


- कैंपस प्लेसमेंट शिविर गुरुवार को
बीकानेर, 18 फरवरी। उप-क्षेत्रीय रोज़गार कार्यालय में कैम्पस प्लेसमेंट का आयोजन गुरुवार प्रातः 10 बजे से किया जाएगा। उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के उपनिदेशक हरगोबिंद मित्तल ने बताया कि शिविर में जिले के बेरोज़गार आशार्थियों को रोज़गार सहायता, स्वरोज़गार एवं रोज़गार हेतु व्यक्तिगत मार्गदर्शन की जानकारी प्रदान की जाएगी।
शिविर में बेरोज़गार आशार्थियों को रोज़गार प्रदान करने के उद्देश्य से फाइनेन्स सेक्टर की मुथुट फाइनेन्स लिमिटेड, एचडीबी फाइनेंसियल सर्विसेज, स्वतन्त्र माइक्रो फाइनेन्स, वैथोनिक फाइनेंसियल सर्विसेज द्वारा पर 12वीं, बीकॉम, एमकॉम, बीबीए, एमबीए, स्नातक, एमए, एमसीए आदि योग्यता वाले 18 से 37 आयु वर्ग के आशार्थियों का रिलेशनशिप मैनेजर, रिसेप्सनिस्ट, कस्टमर केयर एक्जीक्यूटिव, रिलेशनशिप एक्जीक्यूटिव, सेल्स ऑफिसर, मैनेजर आदि पदों पर प्राथमिक चयन प्रक्रिया की जायेगी।
शिविर में बेरोज़गार आशार्थी समस्त शैक्षणिक / प्रशैक्षणिक एवं अन्य योग्यता प्रमाण पत्र मय फोटो उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठा सकतें हैं।
============


- 25वां कला मेला 17 मार्च से
जयपुर, 18 फरवरी। राजस्थान ललित कला अकादमी एवं जवाहर कला केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में 25वें कला मेले का आयोजन जवाहर कला केन्द्र के शिल्पग्राम परिसर में दिनांक 17 से 21 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस कला मेले में ऑक्टोनम पद्धति की करीब 110 स्टॉलों का निर्माण करवाया जाएगा। जिसमें राज्य के वरिष्ठ, युवा कलाकार, कला महाविद्यालयों के विद्यार्थी अपनी कृतियों का प्रदर्शन करेंगे।
अकादमी सचिव डॉ. रजनीश हर्ष ने बताया कि इस बार स्टॉल आवंटन के लिए आवेदन ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से गूगल फॉर्म में किया जायेगा जिसका लिंक अकादमी की अधिकारिक वेबसाइट, फेस बुक, इंसटाग्राम एवं अकादमी कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है।
इस कला मेला से संबंधित नियमावली की जानकारी गूगल फॉर्म में जनरेट QR code से प्राप्त की जा सकती है। स्टॉल आवेदन हेतु गूगल फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 8 मार्च को रात्रि 12 बजे तक रहेगी उसके बाद गूगल फॉर्म लिंक स्वतः ही बंद हो जायेगा ।


चूंकि इस वर्ष अकादमी का यह 25वां कला मेला है जिसमें अन्य भाषायी अकादमियों के कार्यक्रम भी इस कला मेले में सम्मिलित किये जायेंगे। जिससे एक ही परिसर में कला एवं साहित्य का समागम रहेगा ।
===============
- विशेष पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता 20 को
बीकानेर, 18 फरवरी। जिला प्रशासन तथा क्षेत्रीय खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र द्वारा दिव्यांग खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन और खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 20 फरवरी को प्रातः 9 बजे से डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष ने बताया कि प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट थ्रो, लंबी कूद तथा जैवलिन थ्रो की स्पर्धाएं होंगी। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण पूर्णतया निशुल्क है। विजेताओं को मेडल और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने अधिक से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों से भाग लेने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।
===========
स्वस्थ जीवनशैली के संदेश के साथ निकली ‘ईट राइट वॉकथॉन’
700 से अधिक नर्सिंग विद्यार्थी एवं आशा सहयोगिनियों की रही सहभागिता
बीकानेर, 18 फरवरी। संतुलित आहार एवं मिलेट्स के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बीकानेर में ‘ईट राइट वॉकथॉन’ का आयोजन किया गया। वॉकथॉन को सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर प्रांगण से प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
वॉकथॉन में सात सौ से अधिक नर्सिंग विद्यार्थियों एवं आशा सहयोगिनियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने ‘ईट राइट’ के संदेश के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने तथा मोटे अनाज (मिलेट्स) को दैनिक भोजन में शामिल करने का आह्वान किया।
वॉकथॉन सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से प्रारंभ होकर मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम, शास्त्री नगर में संपन्न हुई, जहां ईट राइट मिलेट्स मेले का आयोजन किया गया। मेले में मिलेट्स आधारित व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई तथा पोषण संबंधी जानकारी आमजन को दी गई।
इस अवसर पर आरसीएचओ डॉ. भवानी शंकर गहलोत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, सुरेंद्र कुमार, भानुप्रताप सिंह गहलोत, राकेश गोदारा, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील जैन, डॉ. कैलाश गहलोत, डॉ. शिवराज सिद्ध, मालकोश आचार्य सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वस्थ बीकानेर के संकल्प को सुदृढ़ करते हुए समुदाय में सही खानपान की आदतों को प्रोत्साहित करना रहा।
=====
मिनी वित्त भवन में कोषालय के लिए बनेगा स्ट्रांग रूम, जिला कलक्टर ने किया भूमि पूजन
बीकानेर, 18 फरवरी। जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने जयपुर रोड स्थित मिनी वित्त भवन में कोषालय के लिए बनने वाले स्ट्रांग रूम का भूमि पूजन करते हुए बुधवार को इसकी आधारशिला रखी। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि इसका निर्माण समयबद्ध और पूर्ण गुणवत्ता के साथ किया जाए, जिससे स्ट्रांग रूम का उपयोग आवश्यक कार्यों के लिए हो सके। इस दौरान संयुक्त निदेशक पेंशन सुश्री पुष्पांजलि श्रीमाली, स्थानीय निधि अंकेक्षण विभाग के संयुक्त निदेशक श्री पूंजाराम गर्ग, कोषाधिकारी श्री धीरज जोशी, अतिरिक्त कोषाधिकारी पेंशन सुश्री चंद्रकला, जलदाय विभाग की लेखाधिकारी ललिता नानकानी, नगर निगम के लेखाधिकारी श्री अशोक माली सहित कोष कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस परिसर का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाया जाएगा। यह वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूर्ण होना संभावित है। भूमि पूजन सहायक लेखाधिकारी प्रथम श्री दयानिधि तिवाड़ी ने करवाया। इस दौरान सहायक कोषाधिकारी अशोक कुमार हर्ष, सहायक लेखाधिकारी श्री चंद्रप्रकाश भोजक, श्री भंवरलाल प्रजापत, श्री शरद वर्मा, श्री वीरेंद्र शर्मा आदि ने विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप
==========
‘श्रीअन्न’ की समझें महत्ता, थाली में दें ‘मिलेट्स’ को स्थान, ‘आहार से उपचार’ की अवधारणा को करें साकारः श्री मेघवाल
खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय व स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित हुआ ‘ईट राईट मिलेट्स’ मेला, केन्द्रीय मंत्री ने किया उद्घाटन-स्टाॅल्स का किया अवलोकन
बीकानेर, 18 फरवरी। केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि सदियों से मोटा अनाज हमारे खान-पान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। देखा-देखी सहित कई अन्य कारणों से हम इससे दूर होते रहे, जिससे हमारा शरीर कई बीमारियों से ग्रसित हो गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मोटे अनाज (मिलेट्स) को ‘श्रीअन्न’ की संज्ञा देते हुए इसके महत्त्व को घर-घर तक पहुंचाया है। हमें एक बार फिर इसकी महत्ता समझनी होगी और थाली में मोटे अनाज को स्थान देना होगा। उन्होंने कहा कि यह ‘आहार से उपचार’ की अवधारणा को साकार करने में सहायक है।
मेघवाल ने बुधवार को सरदार पटेल मेडिकल काॅलेज परिसर में आयोजित ‘ईट राइट मिलेट्स’ मेला के उद्घाटन समारोह के दौरान यह उद्गार व्यक्त किए। खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय व स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में श्री मेघवाल ने कहा कि बाजरा, मक्का, ज्वार, रागी आदि मोटे अनाज विटामिन और फाइबर से भरपूर हैं। यह हमारे शरीर की पोषण संबंधी सभी आवश्यकताओं को पूरा करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के देश में भरपूर मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध है, लेकिन आज सही खान-पान की जरूरत है। ऐसे कार्यक्रमों की बदौलत आमजन में जागरुकता आएगी।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का अत्यंत महत्त्वाकांक्षी कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री ने हमारे पूर्वजों की विरासत को समझते हुए, इसे आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बीकानेर की स्थापना से आज तक प्रत्येक स्थापना दिवस पर ‘बाजरे का खीचड़ा’ बनाने की परम्परा है, क्योंकि हमारे पूर्वज बाजरे की पोष्टिकता को समझते थे। उन्होंने आह्वान किया कि सभी एक बार फिर ‘मिलेट्स’ की ओर बढ़ें। इससे पहले उन्होंने मेले का उद्घाटन किया। मेले में लगाए गए सभी 16 स्टाॅल्स का अवलोकन किया। केन्द्रीय मंत्री ने मिलेट्स के विभिन्न उत्पादों को चखा और इनकी सराहना की।
चिकित्सा एवं स्वाथ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डाॅ. देवेन्द्र चौधरी ने कहा कि आज केन्द्र और राज्य सरकारें मिलेट्स अपनाने का आह्वान कर रही हैं तथा ऐसे आयोजन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आमजन इसे समझें और मिलेट्स अपनाएं।
सरदार पटेल मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. सुरेन्द वर्मा ने मिलेट्स में प्रभावी रोग प्रतिरोधक क्षमता होती है। इनका उपयोग स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पुखराज साध ने बताया कि जिले की नई फूड लैब जल्द ही बनकर तैयार होने वाली है। जहां आर्गेनिक उत्पादों का परीक्षण हो पाएगा। इससे पहले जिला क्षय रोग निवारण अधिकारी डाॅ. चंद्रशेखर मोदी ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि आज हम संचारी से गैर-संचारी रोगों की ओर बढ़ रहे हैं। इनकी रोकथाम में मिलेट्स की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है।
प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी उर्मिला भादू ने मिलेट्स के महत्त्व के बारे में बताया। माने खां एंड टीम द्वारा कठपुतली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से श्रीअन्न की जानकारी दी गई। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानु प्रताप सिंह गहलोत, सुरेंद्र कुमार, राकेश गोदारा व समस्त प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारियों सहित विभागीय टीम को सम्मानित किया। मिलेट्स से संबंधित प्रश्नोत्तरी, पोस्टर मेकिंग तथा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जिनके विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, पीबीएम अधीक्षक डाॅ. बी.सी. घीया, श्री चम्पालाल गेदर, डाॅ. सत्यप्रकाश आचार्य, श्री अशोक प्रजापत, नर्सिंग स्कूल प्राचार्य डॉ अब्दुल वाहिद, बीएससी नर्सिंग प्रिंसिपल घनश्याम जांगिड़, आरसीएचओ डॉ. भवानी शंकर गहलोत, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र तनेजा, डॉ लोकेश गुप्ता, समस्त ब्लॉक सीएमओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, राजकीय बीएससी नर्सिंग कॉलेज तथा जीएनएम स्कूल के विद्यार्थी आशा सहयोगिनियां और आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन नर्सिंग अधिकारी महिपाल चौधरी व सुनील सेन ने किया।
==============
गुरुवार को आएंगे राजेंद्र नायक
बीकानेर, 18 फरवरी। राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार नायक गुरुवार (19 फरवरी) को दोपहर 3 बजे बीकानेर आएंगे। वे सायं 4 बजे सर्किट हाउस में अनुजा निगम, उद्योग विभाग तथा राजस्थान दक्षता एवं आजीविका निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। श्री नायक रात्रि विश्राम बीकानेर में ही करेंगे तथा 20 फरवरी को दोपहर 12 बजे श्रीगंगानगर के लिए प्रस्थान करेंगे।
==
जिले में जनगणना के प्रथम चरण के लिए प्रशिक्षण गुरुवार से
बीकानेर, 18 फरवरी। निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी, जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार में जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के लिए जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण 19 से 20 फरवरी दो दिन एवं नियमित सहायकों का प्रशिक्षण 19 से 21 फरवरी तक तीन दिन तक हरिश्चंद्र माथुर राजस्थान लोक प्रशासन संस्थान में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरूआत संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा एवं जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि द्वारा की जाएगी।
सहायक निदेशक कल्पेश गुप्ता एवं सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड सेकेण्ड अशोक जनगणना कार्य निदेशालय जयपुर के द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगी। जिसमें जिला जनगणना अधिकारी, उपजिला जनगणना अधिकारी, नगर निगम के जनगणना अधिकारी, जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, अधिशाषी अधिकारी एवं नायब तहसीलदार तथा प्रत्येक चार्ज क्षेत्र से एक नियमित सहायक प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
=========
लूणकरणसर में बनेगा जिले का पहला मिनी सचिवालय, 12 करोड़ से होंगे नहरी पेयजल योजना के कार्य
उप मुख्यमंत्री ने विधानसभा में की अनेक घोषणाएं, खाद्य मंत्री श्री सुमित गोदारा के प्रयासों से लूणकरणसर को फिर मिली कई सौगातें
बीकानेर, 18 फरवरी। उप मुख्यमंत्री श्रीमती दियाकुमारी ने बुधवार देर शाम विधानसभा में कई घोषणाएं की। इनमें लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र को भी कई सौगातें मिली हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने बताया कि उप मुख्यमंत्री द्वारा लूणकरणसर विधानसभा के सुई, दुलचासर एवं बखुसर गांवों में नहरी पेयजल योजना का कार्य के कार्यों की घोषणा की गई है। इस पर 12 करोड़ रुपए व्यय होंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्य से इन गांवों में नहरी पानी मिल सकेगा, जो कि किसानों और ग्रामीणों के लिए लाभदायक साबित होगा। इसी प्रकार उन्होंने लूणकरणसर में जिले का पहला मिनी सचिवालय बनाने की घोषणा करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मिनी सचिवालय बनने से क्षेत्र की सभी प्रशासनिक इकाईयां एक छत के नीचे कार्य करेंगी, जिससे आमजन के कार्य अधिक आसानी से होंगे तथा उनके समय, ऊर्जा एवं धन की बचत होगी। श्री गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने गत दो वर्षों की तरह इस बार क्षेत्र के लिए अनेक घोषणाएं की हैं, जिससे क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।
