बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर सरकारी समाचार


- विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम अन्तर्गत ज़िले की मतदाता सूचियों का किया अंतिम प्रकाशन
- जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नम्रता वृष्णि ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
बीकानेर, 21 फ़रवरी । ज़िला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नम्रता वृष्णि ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस कॉन्फ़्रेस कर बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में दिनांक 27.10.2025 को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण, 2026 कार्यक्रम घोषित किया गया था, जिसके अन्तर्गत दिनांक 04.11.2025 से दिनांक 11.12.2025 तक गणना चरण के उपरान्त दिनांक 16.12.2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था, जिसमें बीकानेर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 1725059 थी।


श्रीमती वृष्णि ने बताया कि आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 16.12.2025 से 19.01.2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किये गये। इस अवधि में बीकानेर जिले में 38359 फॉर्म-6/6A 13010 फॉर्म-7 तथा 9672 फॉर्म-8 स्वीकृत हुए। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा दावे एवं आपत्तियों हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों की सूची फॉर्म 9, 10, 11, 11ए और 11 बी में तैयार की गई और ऐसी सूचियों की एक प्रति उनके कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रत्येक कार्य दिवस को प्रदर्शित की गई। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्रति सप्ताह प्राप्त होने वाले दावे एवं आपतियों की सूचियां मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों से साझा की गईं। यह सूचियाँ जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) / मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की बेवसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध होने बाबत जानकारी प्रदान की गई।


ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूर्व में प्राप्त समस्त फॉर्म तथा दावे-आपत्तियाँ प्राप्त करने की अवधि दिनांक 16.12. 2025 से 19.01.2026 में प्राप्त समस्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी / सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा किया जाकर दिनांक 21.02.2026 को मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन किया गया। इस प्रकार जिले में प्रारूप मतदाता सूची में कुल 1725059 मतदाताओं में 1.45 प्रतिशत वृद्धि के उपरान्त कुल मतदाताओं की संख्या 1750408 है, जिनमें पुरुष 924743 महिला 825649 तथा ट्रांसजेण्डर 16 है।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची – 2026 की एक सॉफ्ट कॉपी (फोटोरहित) एवं एक हार्ड कॉपी निःशुल्क संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर बैठक आयोजित कर उपलब्ध कराई गई। यह सूचियाँ जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) / मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की बेवसाइट https://election.rajasthan.gov.in तथा https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन उपलब्ध है तथा कोई भी मतदाता इस सूची मे अपना नाम ऑनलाइन EPIC सर्च के माध्यम से देख सकता है, इस बाबत भी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी प्रदान की गई।
श्रीमती वृष्णि ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, हटाना व प्रविष्टियों में संशोधन एक अनवरत प्रक्रिया जो सतत जारी है, इसके लिए क्रमशः फॉर्म 6 मय घोषणापत्र (अनुलग्न-IV), 7 एवं 8 ECINet App/Voters Portal (https://voters.eci.gov.in) पर जाकर ऑनलाईन अथवा संबंधित बीएलओ से सम्पर्क कर भरा जा सकता है। इस बाबत भी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी प्रदान की गई।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के विरूद्ध अपील लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 तथा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 23 एवं 27 के अन्तर्गत प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अन्तिम प्रकाशन दिनांक 21.2.2026 से 15 दिवस में तथा जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में द्वितीय अपील मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान को जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के 30 दिवस के भीतर प्रस्तुत कर सकते हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप ज़िला निर्वाचन अधिकारी श्री सुरेश कुमार यादव, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बीकानेर पूर्व सुश्री महिमा कसाना, निर्वाचन शाखा प्रभारी श्री शिव कुमार पुरोहित समेत कांग्रेस जिला अध्यक्ष बीकानेर शहर श्री मदन मेघवाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बीकानेर देहात श्री बिशनाराम सिहाग, कांग्रेस जिला महासचिव श्री प्रहलाद सिंह मार्शल,बीजेपी से श्री कोजू राम सारस्वत, आरएलपी से श्री केशरनाथ उपस्थित रहे।
*****
शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ के तहत की कार्यवाही
बीकानेर, 21 फरवरी। प्रदेश में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य अधिकारियों के दल ने शनिवार को अतिरिक्त आयुक्त भगवतसिंह एवं सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध के नेतृत्व में नोखा रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित घी निर्माता फैक्ट्री मैसर्स श्री मारुति फूड प्रोडक्ट पर कार्यवाही की। फर्म मालिक मुकेश पारीक ने बताया कि यहाँ पर गुजरात से क्रीम मंगाकर उसको गर्म करके 410 से 420 रुपए लीटर के भाव से टुडे चॉइस नाम से घी बेचा जा रहा था। जबकि घी का बाजार भाव कम से कम 525 रुपए प्रति लीटर है। मौके 1 नमूना एफएसएस एक्ट के तहत घी का लिया जाकर 765 किलोग्राम घी मिलावट के संदेह पर सीज़ किया गया। इसके अलावा मेसर्स युवराज फ़ूड प्रोडक्ट, फड़ बाजार से नमकीन एवं केसर बाटी का एक-एक नमूना एफएसएस एक्ट के तहत लिया गया। NUCHEM फ़ूड, इंडस्ट्रियल एरिया खारा से रिफाइंड ग्राउंड नट आयल का 1 नमूना FSS एक्ट के तहत लिया गया। कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा एवं अमित शर्मा शामिल रहे।
जाँच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
===========
जिला स्तरीय कब बुलबुल उत्सव शुरू
बीकानेर, 21 फरवरी। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय के तत्वावधान में 21 से 23 फरवरी तक 5 से 10 वर्ष की आयु वर्ग के कब बुलबुल का जिला स्तरीय कब बुलबुल उत्सव शनिवार को उप प्रधान ऋषिराज थानवी के मुख्य आदित्य में शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर थानवी ने कहा कि स्काउट गाइड के लिए अनुशासन सीखने का क्रम 5 वर्ष की आयु से ही प्रारंभ हो जाता है, जो उन्हें अच्छे नागरिक के रूप में तैयार करते हैं। सीओ स्काउट जसवंतसिंह राजपुरोहित के अनुसार में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 235 कब बुलबुल सहभागिता कर रहे हैं। शिविर में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। प्रथम दिवस देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, लोक नृत्य प्रतियोगिता,जंगल खेल आदि का आयोजन किया गया। सीओ गाइड मीनाक्षी भाटी ने बताया कि शिविर के द्वितीय दिवस पर साहसिक खेल, हस्तशिल्प, पोस्टर प्रतियोगिता, विशाल कैंप फायर आदि गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। शिविर संचालक सुगनाराम चौधरी ने बताया कि 21 फरवरी को स्काउट गाइड के पूर्व सहायक राज्य संगठन आयुक्त घनश्याम व्यास को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
========
महिला अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित हुआ कार्यक्रम
बीकानेर, 21 फरवरी। महिला अधिकारिता द्वारा रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित जिला उद्योग संघ सभागार में मुख्यमंत्री वर्क फ्रॉम होम का आयोजन किया गया। इस दौरान पीपीटी द्वारा http ://mahilawfh.rajasthan.gov.in पोर्टल की जानकारी दी गई।महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने बताया गया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए तथा उनकी समानता, समता और गरिमा के साथ काम हेतु राज्य सरकार के निर्देशन में महिला अधिकारिता द्वारा विभिन्न योजनाओं को संचालित किया जाता है। इस क्रम में महिलाओं की आजीविका तथा स्वावलंबन को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री वर्क फ्रॉम होम को आरंभ किया गया है। इसमें महिला अभिरूचि तथा क्षमता को ध्यान में रखते हुए एक पोर्टल का विकास किया गया है। इसके माध्यम से योजना के तहत नियोक्ता और कार्मिक को आनलाइन पोर्टल द्वारा विभिन्न सुविधाएं दी जाती हैं। इस योजना द्वारा संस्था तथा महिला दोनों का रजिस्ट्रेशन करके अधिकाधिक महिलाओं को लाभ पहुंचाया जा सकता है और साथ ही महिलाओं और संस्था दोनों लाभ लें सकती है।महिला गरिमा और सम्मान से काम कर सके, इस हेतु शी-बाक्स पोर्टल का भी विकास किया गया है। जिसके तहत औद्योगिक संस्थानों तथा सभी औपचारिक और अनौपचारिक स्थलों पर महिलाओं को कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण देने हेतु कार्यस्थलों पर आंतरिक कमेटी के गठन तथा उन्हें शी-बाक्स पर अपलोड करने की प्रकिया समझाते हुए बताया कि उन सभी कार्यस्थलों पर जहां 10 या दस से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। तो आंतरिक शिकायत कमेटी का गठन अनिवार्य है। उसे शी-बाक्स पर अपलोड भी करना है, इसलिए सभी औद्योगिक संस्थानों तथा वर्क प्लेस अपना रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से करें। इस कड़ी में अतिथियों का सम्मान करते हुए डॉ अनुराधा सक्सेना द्वारा बताया कि हमारे मुख्य अतिथि विधायक बीकानेर पश्चिम जेठानंद व्यास ने निरंतर महिलाओं और बालिकाओं के हितों के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मुख्य अतिथि जेठानंद व्यास द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बेटी जन्मोत्सव के आयोजन पर सक्रिय रूप से भाग लेते हुए बच्चियों का उत्साहवर्धन किया गया और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत गिफ्ट ड्राइग किट तथा पानी की बोतल इत्यादि दिए गए तथा बच्चियों को सम्मानित करते हुए कहा गया कि नारी शक्ति अपने आप में सक्षम है। आज नारी किसी भी क्षेत्र में कम नहीं है बल्कि देखा जाए तो महिला आज पुरूषों के बराबर कंधे से कंधा मिलाकर न केवल जीविकोपार्जन बल्कि राजनीति से लेकर सामाजिक सभी मोर्चों पर अग्रणी पंक्ति में खड़ी हैं। महिलाओं को लेकर चलाई जा रही सभी योजनाओं को सभी आगे से आगे समाज की हर महिला तक पहुंचाएं ताकि वो अपने हितों की न केवल रक्षा कर सके बल्कि सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास की सर्वोच्च सीढ़ी पार कर समाज और अपने देश की महिलाओं के लिए एक उदाहरण बन सके।
इस क्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पच्चिसिया ने कहा कि महिला अधिकारिता की हर योजना न केवल महिला सशक्तिकरण बल्कि महिलाओं के समानता समता और विकास के लिए मील का पत्थर है और हम इस कार्यक्रम में ही नहीं महिलाओं से जुड़ी हर योजना में महिला अधिकारिता के खड़े हैं और आगे भी महिलाओं के हितों की संरक्षा के लिए सभी कटिबद्ध रहेंगे।
कार्यक्रम में जिला उद्योग संघ के सचिव वीरेंद्र किराडू, व्यापार मंडल के कमल बोथरा, पॉलिटेक्निक कॉलेज प्रवक्ता मंजू सुथार, सुशीला चौधरी औद्योगिक संस्थानों, फर्म इंडस्ट्री और स्वयं सेवी संस्थाओं द्वारा भी अपने विचार रखे गए। कार्यक्रम में महिला अधिकारिता की योजना मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत निकिता बिहानी को 8,88,888 रूपए का चेक वितरण किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागीय योजनाओं, महिला अधिकारों कर्तव्यों और कानूनों और अधिनियमो पर चर्चा करते हुए विभिन्न योजनाओं के प्रचार प्रसार सामग्री का वितरण किया गया तथा स्वयं सेवी संस्थाओं के सचिव, अध्यक्ष, प्रतिनिधि सदस्यों तथा महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन गुंजन द्वारा किया गया और सभी अतिथियों और आगंतुकों का धन्यवाद करते हुए प्रचेता विजय लक्ष्मी जोशी ने विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया।
