बीकानेर में मिलिट्री एरिया के पास मिली 10 फीट लंबी सुरंग, जासूसी के शक में हड़कंप, जांच में सामने आई बेघर भाइयों की मजबूरी
बीकानेर में मिलिट्री एरिया के पास मिली 10 फीट लंबी सुरंग



बीकानेर, 8 अप्रैल। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे बीकानेर जिले में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मिलिट्री इंटेलिजेंस (MI) और पुलिस को बीकानेर कैंट से महज 250 मीटर की दूरी पर एक 10 फीट लंबी सुरंगनुमा संरचना मिली। डूंगर कॉलेज परिसर में मिली इस सुरंग से हेडफोन, बिजली के तार और रोटियां बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और जासूसी नेटवर्क के संदेह में दो भाइयों को डिटेन किया गया।


जासूसी नहीं, सिर छुपाने का था प्रयास
जयनारायण व्यास कॉलोनी थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने सघन जांच के बाद स्पष्ट किया कि यह मामला जासूसी का नहीं, बल्कि बेघर होने की एक विवशता का है। हिरासत में लिए गए अजय मेहरा और विजय मेहरा सार्दुलगंज क्षेत्र के निवासी हैं, जिनके पिता का देहांत हो चुका है और मां मानसिक रूप से अस्वस्थ है। अतिक्रमण विरोधी अभियान में अपना घर खोने के बाद अजय ने डूंगर कॉलेज की झाड़ियों में छिपकर रहने के लिए यह गड्ढा खोदा था।


सोशल मीडिया वीडियो से सुरक्षा एजेंसियां हुई सक्रिय
अजय पिछले एक महीने से इस सुरंगनुमा गड्ढे में रह रहा था और धीरे-धीरे इसे अस्थाई कमरे का रूप देने की योजना बना रहा था। इसी दौरान किसी राहगीर ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। सैन्य क्षेत्र के अति संवेदनशील परिधि (250 मीटर) के पास ऐसी संदिग्ध संरचना दिखने के कारण एमआई और स्थानीय पुलिस ने तुरंत संयुक्त कार्यवाही की।
पुलिस ने दी क्लीन चिट
पूछताछ में सामने आया कि अजय कबाड़ बीनकर अपना गुजारा करता है और सुरंग में मिला सामान उसकी दिनचर्या का हिस्सा था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद किसी भी प्रकार की जासूसी या राष्ट्रविरोधी साजिश से इनकार किया है। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से दोनों भाइयों से विस्तृत पूछताछ जारी है।
