

बीकानेर, 29 नवम्बर । जीव दया और सामाजिक सरोकार के संकल्प के साथ संचालित ‘₹1/- प्रतिदिन सेवा योजना’ के अंतर्गत रविवार, 29 नवंबर को प्रातः 8:30 बजे मुरलीधर गौचर भूमि में 34वें सप्ताह का सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान योजना से जुड़े सेवा साथियों और नागरिकों ने मिलकर गौवंश को पौष्टिक हरा चारा व औषधियुक्त लड्डू खिलाए, साथ ही पक्षियों के लिए दाना-पानी व चुग्गा तथा चींटियों के लिए आटा-शक्कर (कीड़ी नंगरा) की व्यवस्था की।


आयोजकों ने बताया कि प्रतिदिन केवल एक रुपये के सहयोग से शुरू हुई यह मुहिम जनसहयोग के माध्यम से लगातार 34 सप्ताह से निरंतर संचालित हो रही है। इस मौके पर उपस्थित साथियों ने सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए आगामी सप्ताहों में इस अभियान को और अधिक विस्तार देने का संकल्प लिया।



सेवा कार्यक्रम में सीए विनोद पारख, सीए राजेश बोथरा, पुखराज लालानी, गौतम पुगलिया, मुकेश जांगिड़ और गिरधारी सुथार सहित योजना परिवार के अनेक सदस्य व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

