बम होने की सूचना पर एअर इंडिया के विमान की थाईलैंड में इमरजेंसी लैंडिंग, फुकेट से दिल्ली आ रहा था; 156 यात्री सवार थे


बैंकॉक ,13 जून। थाईलैंड के फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की फ्लाइट AI-379 की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यहां प्लेन में बम होने की सूचना मिली थी। विमान में 156 लोग सवार थे। फ्लाइट फुकेट से दिल्ली आ रही थी।




न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने फ्लाइट ट्रैकर ‘फ्लाइट्रेडर24’ के हवाले से बताया कि एअर इंडिया की फ्लाइट ने फुकेट एयरपोर्ट से भारतीय समयानुसार सुबह 9.30 बजे (स्थानीय समयानुसार दोपहर 2.30 बजे) टेकऑफ किया था।


विमान अंडमान सागर के ऊपर एक बड़ा चक्कर लगाते हुए पलटा और करीब 20 मिनट बाद फुकेट में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिग की। सभी यात्री और क्रू सेफ हैं, किसी को भी कोई नुकसान नहीं हुआ है।
नेशन थाईलैंड ने बताया कि बम की धमकी मिलते ही फुकेट एयरपोर्ट ने एयरपोर्ट कंटिन्जेंसी प्लान (ACP) एक्टिवेट कर दिया। एयरपोर्ट अफसरों ने कहा कि धमकी को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। ज्यादा जानकारी मिलने पर अपडेट दिया जाएगा।

अहमदाबाद विमान हादसा, भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक जिंदा बचा:बाकी 241 यात्रियों की मौत, एअर इंडिया की फ्लाइट लंदन जा रही थी; पूर्व CM रूपाणी का भी निधन
एअर इंडिया का विमान 12 जून को अहमदाबाद में क्रैश हुआ था। इसमें अब तक 265 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें से 241 मृतक विमान में सवार पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स थे। 5 मृतक उस मेडिकल हॉस्टल के हैं, जहां प्लेन क्रैश हुआ था। विमान जिस बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिरा, वहां 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। हालांकि, अभी यह क्लियर नहीं हुआ है कि हॉस्टल में कितनी मौतें हुई हैं। 4 MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी के मारे जाने की खबर आ रही है।
एअर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। दो मिनट बाद ही फ्लाइट क्रैश हो गई। इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी शामिल हैं, जबकि सिर्फ एक यात्री की जान बची है। प्लेन की सीट नंबर 11-A पर बैठे हुए भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार हादसे में जिंदा बच गए हैं। उनका वीडियो भी सामने आया है। इससे पहले न्यूज एजेंसी ANI ने पुलिस कमिश्नर के हवाले से जानकारी दी थी कि एक अन्य व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। थोड़े और समय पहले AP ने कहा था कि विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है।
गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी सवार थे, उनका भी निधन
हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है। भाजपा के राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने X पर यह जानकारी दी। हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने अपनी पोस्ट डिलीट कर दी। प्लेन जिस बिल्डिंग से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते हैं। जानकारी के मुताबिक हादसे के समय इमारत में 50 से 60 डॉक्टर मौजूद थे, इनमें 15 से ज्यादा घायल हो गए हैं। हादसे की जगह से मिले ज्यादातर शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करने में बेहद मुश्किल आ रही है। उनकी पहचान DNA टेस्ट के बाद ही संभव होगी।
शाह बोले- मृतकों की पहचान के लिए 1000 डीएनए टेस्ट कराने होंगे
गृह मंत्री अमित शाह बोले- विमान में सवार 242 में से 241 लोगों का निधन हुआ है, उनकी पहचान डीएनए टेस्ट से कराई जाएगी। सभी यात्रियों के परिजनों का DNA लिया जा रहा है। विदेश में रहने वाले परिजन को जानकारी दी गई है। शवों के DNA लिए गए हैं। 1000 से ज्यादा DNA टेस्ट किए जाएंगे। गुजरात के पास इतनी बड़ी संख्या में टेस्ट की कैपेसिटी है।
उड़ान भरते ही अचानक आग का गोला बना:बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान की बैट्री से बनावट तक विवाद
बोइंग का 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अपनी फ्यूल एफिशिएंसी और आरामदायक सफर के लिए जाना जाता है। हालांकि इसकी सेफ्टी को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इसमें खामियां सामने आने के बाद दुनियाभर में इसकी फ्लीट के उड़ान भरने पर 3 महीने के लिए रोक लगा दी गई थी। जानकारी के मुताबिक विमान एयरपोर्ट की दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हुआ। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया।
टाटा ग्रुप मृतकों के परिजन को ₹1 करोड़ देगा
टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा- टाटा ग्रुप द्वारा मृतकों के परिजन को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सभी घायलों का इलाज पूरी तरह टाटा ग्रुप की ओर से कराया जाएगा। बी.जे. मेडिकल कॉलेज के छात्रावास (Hostel) के निर्माण में भी टाटा ग्रुप मदद करेगा।