खूनी रंजिश में बदला आपसी झगड़ा, पति ने मफलर से गला घोंटकर की पत्नी की हत्या
खूनी रंजिश में बदला आपसी झगड़ा, पति ने मफलर से गला घोंटकर की पत्नी की हत्या


बीकानेर/जसरासर, 12 जनवरी । जिले के जसरासर थाना क्षेत्र के बादनूं गांव में रविवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की मफलर से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका का बेटा अपनी मां का शव देख बदहवास हालत में थाने पहुंचा। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


बादनूं गांव के एक खेत में ढाणी बनाकर रहने वाले नानूराम नायक (45) और उसकी पत्नी सुशीला देवी (40) के बीच रविवार सुबह करीब 5 बजे किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। कड़ाके की ठंड के बीच दोनों अपनी झोपड़ी में चाय और खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे, तभी विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर नानूराम ने सुशीला के गले में लिपटे मफलर से ही उसका दम घोंट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।


मां का शव देख बेटों के उड़े होश
सुबह करीब 9 बजे जब काफी देर तक हलचल नहीं हुई, तो बड़ा बेटा मनोज अपनी मां को देखने झोपड़ी की तरफ गया। वहां का मंजर देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई; सुशीला का निर्जीव शरीर फर्श पर पड़ा था और पिता गायब थे। मनोज ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अपने ही पिता के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। मृतका का पीहर सांडवा क्षेत्र में बताया जा रहा है, जहाँ इस घटना के बाद मातम छाया हुआ है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी की तलाश तेज
जसरासर थाना अधिकारी आलोक सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बीकानेर से एफएसएल (FSL) टीम को बुलवाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित करवाए। पुलिस ने शव को नोखा के जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है, जहां सोमवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। थाना अधिकारी ने बताया कि आरोपी नानूराम की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात से शांत माने जाने वाले बादनूं गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
