मेजर जनरल दीपक शेरोन ने किया अग्निवीर भर्ती रैली का निरीक्षण

मेजर जनरल दीपक शेरोन ने किया अग्निवीर भर्ती रैली का निरीक्षण
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025

प्रशासन और सेना के बीच तालमेल की सराहना

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

बीकानेर, 12 फ़रवरी । स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के सुव्यवस्थित और पारदर्शी संचालन का जायजा लेने के लिए जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC), 24 रैपिड डिवीजन, मेजर जनरल दीपक शेरोन ने गुरुवार को भर्ती स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और जिला प्रशासन द्वारा दी जा रही नागरिक सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए इसे ‘अभ्यर्थी-हितैषी’ पहल बताया।

pop ronak

सेना भर्ती इंचार्ज कर्नल अंकुर कुमार ने जानकारी दी कि जीओसी ने निरीक्षण की शुरुआत पंजीकरण क्षेत्र से की, जहाँ युवाओं की एंट्री और प्रारंभिक कागजी कार्रवाई की जा रही थी। इसके बाद उन्होंने शारीरिक दक्षता परीक्षण (PFT) क्षेत्र का अवलोकन किया। मेजर जनरल शेरोन ने रनिंग ट्रैक और शारीरिक मानकों के मापन की प्रक्रिया को स्वयं देखा और सेना के मानकों के अनुरूप अनुशासित ढंग से कार्य संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया।

चिकित्सा और दस्तावेज़ सत्यापन प्रक्रिया पर विशेष ध्यान

भर्ती प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए मेजर जनरल शेरोन ने दस्तावेज़ जांच क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया। यहाँ अभ्यर्थियों के शैक्षणिक और पहचान संबंधी प्रमाणपत्रों का डिजिटल और भौतिक सत्यापन किया जा रहा था। उन्होंने चिकित्सा परीक्षण क्षेत्र का भी दौरा किया, जहाँ विशेषज्ञ मेडिकल टीम आधुनिक उपकरणों के माध्यम से अभ्यर्थियों की विस्तृत जांच कर रही थी।

जीओसी ने कहा कि इस स्तर के बड़े आयोजनों में सेना और प्रशासन का बेहतर तालमेल ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सेना में चयन प्रक्रिया की गरिमा और पारदर्शिता को बनाए रखने पर जोर दिया, जिससे युवाओं का विश्वास व्यवस्था के प्रति और अधिक मजबूत हो सके।

18 फरवरी तक जारी रहेगी भर्ती प्रक्रिया

कर्नल अंकुर कुमार के अनुसार, रैली स्थल पर दूर-दराज से आने वाले युवाओं के लिए पेयजल, छाया और चिकित्सा सहायता जैसी मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि यह भर्ती रैली 29 जनवरी से शुरू हुई थी और 18 फरवरी 2026 तक चलेगी। इसमें बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, झुंझुनूं और श्रीगंगानगर जिलों के हजारों युवा अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *