साहित्य के साधकों का होगा सम्मान, बीकानेर के सात रचनाकारों को मिलेगा ‘भाई जी रामरतन कोचर स्मृति सम्मान’
साहित्य के साधकों का होगा सम्मान



बीकानेर, 7 मार्च । लोक जागृति संस्थान द्वारा स्वतंत्रता सेनानी भाईजी रामरतन कोचर की स्मृति में नगर के सात प्रतिष्ठित रचनाकारों को सम्मानित करने की घोषणा की गई है। संस्थान के अध्यक्ष ग़ुलाम मुस्तफ़ा ‘बाबू भाई’ ने जानकारी दी कि यह गरिमामय समारोह स्थानीय राजमाता सुदर्शन आर्ट गैलरी (नागरी भंडार) में आगामी 9 मार्च 2026 सोमवार को शाम 4:00 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार मधु आचार्य ‘आशावादी’ करेंगे।


इस वर्ष राजस्थानी साहित्य के क्षेत्र में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शंकर लाल स्वामी एवं डॉ. गौरी शंकर प्रजापत को सम्मानित किया जाएगा। उर्दू साहित्य के क्षेत्र में इस्हाक़ ग़ौरी ‘शफ़क़’, अब्दुल जब्बार ‘जज़्बी’ व इमरोज़ नदीम को उनके विशिष्ट योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। वहीं, हिंदी साहित्य के क्षेत्र में श्रीमती सरोज भाटी व डॉ. अजय जोशी को ‘भाई जी रामरतन कोचर स्मृति सम्मान’ से नवाजा जाएगा।


काव्य गोष्ठी का भी होगा आयोजन
संस्थान के अध्यक्ष ने जानकारी दी कि सम्मान समारोह के साथ-साथ एक विशेष काव्य गोष्ठी का भी आयोजन रखा गया है। इसमें नगर के लब्धप्रतिष्ठ रचनाकार अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे, जिससे साहित्य प्रेमियों को विभिन्न रसों और विचारधाराओं के संगम का आनंद मिलेगा।
स्वतंत्रता सेनानी भाईजी रामरतन कोचर की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम बीकानेर की साहित्यिक विरासत को अक्षुण्ण रखने और नए रचनाकारों को प्रोत्साहित करने की एक महत्वपूर्ण कड़ी बन चुका है।
