बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार


- सतर्कता समिति की बैठक गुरुवार को
बीकानेर, 17 मार्च। जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक गुरुवार प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी।
जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति के सचिव एवं प्रभारी अधिकारी सतर्कता ने बताया कि उपखंड स्तरीय अधिकारी अपने उपखंड से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहेंगे।
=======


- राजस्थान दिवस सप्ताह 2026 के तहत संग्रहालय में स्वच्छता व रंगोली कार्यक्रम आयोजित
बीकानेर, 17 मार्च। राजस्थान दिवस सप्ताह 2026 के तहत मंगलवार को गंगा राजकीय संग्रहालय में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संग्रहालय के कार्मिकों ने पूरे परिसर की साफ-सफाई की।


कार्यक्रम के तहत विद्यालय की छात्राओं को आमंत्रित कर रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न रंगों के सुंदर संयोजन से आकर्षक रंगोलियां बनाई।
इस अवसर पर विभागीय संरक्षित स्मारक कीर्ति स्तंभ को स्थानीय प्रशासन के सहयोग से रंग-बिरंगी रोशनी से विद्युत सज्जा कर विशेष रूप से आकर्षक बनाया गया।
============
- धरोहर संरक्षण के लिये करने होंगे प्रभावी प्रयास
- राजस्थानी भाषा अकादमी व इन्टेक की ओर से ‘राजस्थान री अणमोल धरोहर‘ संगोष्ठी आयोजित
बीकानेर, 17 मार्च। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किये जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी तथा इन्टेक, बीकानेर चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को रोटरी क्लब सभागार में ‘राजस्थान री अणमोल धरोहर‘ विषयक राजस्थानी संगोष्ठी आयोजित की गई।
इन्टेक के कन्वीनर पृथ्वीराज रतनू ने कहा कि राजस्थान की असंख्य धरोहरें विश्वविख्यात हैं। हमें अपनी महान धरोहर पर गर्व करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को भी इनके महत्त्व के बारे में जागरूक करना चाहिए। डॉ. रीतेश व्यास ने विषय-प्रवर्तन करते हुए धरोहर के मूर्त, अमूर्त, प्राकृतिक प्रकारों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया और कहा कि धरोहर संरक्षण की दिशा में आमजन को भी प्रभावी भूमिका निभानी होगी।
अकादमी सचिव शरद केवलिया ने राज्य की पुरातात्विक, स्थापत्य, सांस्कृतिक, धार्मिक, साहित्यिक, कला आदि क्षेत्रों की अमूल्य धरोहरों की जानकारी देते हुए कहा कि ये हमारे प्रदेश की पहचान, इतिहास, मूल्यों को दर्शाती हैं। डॉ. कृष्णलाल बिश्नोई ने अपनी राजस्थानी कविता ‘ख्यातां में सिरमौर‘ के माध्यम से राजस्थान की विभिन्न धरोहरों का महत्त्व बताया। डॉ. नमामीशंकर आचार्य ने प्रदेश की कलात्मक व साहित्यिक धरोहरों के बारे में बताया। अमरसिंह खंगारोत ने राजस्थान के विविध पुस्तकालयों, अभिलेखागार व संग्रहालयों में उपलब्ध महत्त्वपूर्ण पुस्तकों व पांडुलिपियों की जानकारी दी। डॉ. नंदलाल वर्मा व प्रवीण गुप्ता ने धरोहर संरक्षण के संबंध में अनेक सुझाव प्रस्तुत किये। इस अवसर पर गोविंद जोशी, डॉ. मोहम्मद फारूक चौहान, जुगलकिशोर पुरोहित, सुभाष बिश्नोई ने भी विचार रखे। कवि राजेन्द्र स्वर्णकार ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन किया गया। इस दौरान घनश्याम कल्याणी, महेन्द्र सिंह राठौड़, श्रीनिवास थानवी, कानसिंह, विमलचंद भोजक, रोहित कुमार स्वामी आदि उपस्थित थे।
===========
- राजस्थान युवा शक्ति दिवस का जिला स्तरीय समारोह रवीन्द्र रंगमंच पर हुआ आयोजित
बीकानेर, 17 मार्च। राजस्थान दिवस समारोह की श्रृंखला में मंगलवार को राजस्थान युवा शक्ति दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम रवीन्द्र रंगमंच पर आयोजित हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में जयपुर में आयोजित हुए राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। जयपुर में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री डाॅ. प्रेमचंद बैरवा, युवा एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़, विधि मंत्री श्री जोगाराम पटेल आदि मौजूद रहे। वहीं जिला स्तरीय समारोह में संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा, जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि, श्रीमती सुमन छाजेड़, अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) सुरेश यादव, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) श्री रमेश देव, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त निदेशक श्री सत्येन्द्र सिंह राठौड़, उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के उपनिदेशक श्री हरगोबिंद मित्तल, रोजगार अधिकारी चौधरी दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के नियुक्त कार्मिक, कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं सहित विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संभागीय आयुक्त और जिला कलक्टर ने विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना के तहत चार लाभार्थियों को पांच-पंाच तथा एक लाभार्थी को दो लाख रुपए सब्सिडी प्रदान की। रोजगार सहायता शिविरों में निजी क्षेत्र में रोजगार पाने वाले तीन युवाओं को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए। इनमें प्रखर मुंजाल, नवरत्न और सैयद जिशान शाह शामिल रहे। वहीं राजस्थान सेंटर आॅफ एडवांस टेक्नोलाॅजी और आरकेसीएल से प्रशिक्षण प्राप्त चार-चार युवाओं को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए। समारोह के दौरान ‘मुख्यमंत्री की युवाओं के नाम पाती’ का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित ने किया। उन्होंने मुख्यमंत्री की पाती का वाचन किया। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले एन्तरप्रेन्योर्स ने भी अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी रही।
=============
- ज़िले में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध-डीएसओ
- ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के अधिकारियों के साथ एलपीजी के स्टॉक, आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को लेकर की चर्चा
- अब व्यवसायिक सिलेंडरों की कुल माँग के 20 फ़ीसदी सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर चल रही कवायद
बीकानेर, 17 मार्च।रसद विभाग की टीम ने मंगलवार को जिला रसद अधिकारी श्री नरेश शर्मा के नेतृत्व में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के एलपीजी बॉटलिंग प्लांट्स का विजिट किया गया।
जिला रसद अधिकारी श्री शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) के अधिकारियों के साथ एलपीजी के स्टॉक, आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को लेकर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा की गई। बैठक में बीकानेर जिले में एलपीजी आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू है। आमजन को किसी प्रकार की घबराने की आवश्यकता नहीं है।उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और नियमित प्रक्रिया के तहत गैस सिलेंडर बुक करवाएं। दो दिन बाद डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है
अब व्यवसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर चल रही कवायद
जिला रसद अधिकारी श्री नरेश शर्मा ने बताया कि ज़िले में व्यावसायिक सिलेंडरों की कुल माँग के 20 फ़ीसदी सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने की कवायद की जा रही है।
==========
एक जिला-एक उत्पाद कार्यशाला बुधवार को
बीकानेर, 17 मार्च। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र द्वारा ‘एक जिला एक उत्पाद’ कार्यशाला का आयोजन बुधवार सायं 4 बजे जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में आयोजित होगी।
कार्यशाला में बीकानेर जिले के प्रमुख उत्पाद ‘बीकानेरी नमकीन’ के प्रोत्साहन, उन्नयन एवं निर्यात संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही “एक जिला एक उत्पाद नीति 2024” के अंतर्गत उद्योगों को मिलने वाली सुविधाओं एवं योजनाओं से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया जाएगा।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक सुरेन्द्र कुमार ने अधिक से अधिक उद्यमियों, व्यापारियों एवं नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।
======
विद्यार्थियों के लिए स्मारकों व संग्रहालयों में पूरे सप्ताह निःशुल्क प्रवेश
विद्यार्थियों को मिलेगा ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ने का अवसर
बीकानेर, 17 मार्च। जिले के विद्यार्थियों के लिए बुधवार से विशेष पहल के तहत विभागाधीन सभी संरक्षित स्मारकों एवं संग्रहालयों में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है। यह निर्णय निदेशक, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग, जयपुर के निर्देशों के अनुरूप लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, 7 वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश पहले से ही निःशुल्क है। साथ ही, लेटर पैड हस्ताक्षर युक्त पत्र के साथ आने वाले शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को भी पूरे सप्ताह प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक निःशुल्क भ्रमण कराया जाएगा।
इसी क्रम में विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों को ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार (18 मार्च) को विशेष रूप से सभी स्मारकों और संग्रहालयों में निःशुल्क प्रवेश रखा गया है। जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों और कॉलेजों को निfर्देश दिए हैं कि इस अवसर का अधिक से अधिक विद्यार्थी लाभ उठाकर अपनी सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूक हो सकें। यह जानकारी अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (नगर) रमेश देव ने दी।
=======
- जिले में 700 हेक्टेयर में अनार व 300 हेक्टेयर में हो रही खजूर की खेती
- किसान खुद के खेत में बना रहे प्याज भंडारण संरचना, 50 फीसदी मिल रहा अनुदान
- स्थानीय भौगोलिक परिस्थिति के अनुरूप फसलों को दें बढ़ावा- एडीएम प्रशासन
- जिला कृषि एवं उद्यानिकी विकास समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित
बीकानेर, 17 मार्च। जिला कृषि एवं उद्यानिकी विकास समिति की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम (प्रशासन) श्री सुरेश कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में एडीएम प्रशासन श्री यादव ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप फसलों को बढ़ावा दिया जाए तथा कृषि से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए।
प्याज भंडारण संरचना पर 50 प्रतिशत अनुदान
बैठक में उद्यानिकी विभाग के सहायक निदेशक श्री मुकेश गहलोत ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत समन्वित फसलोत्तर प्रबंधन योजना में किसानों को अपने खेत में प्याज भंडारण संरचना निर्माण पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। 25 मीट्रिक टन क्षमता की भंडारण संरचना के निर्माण पर 87 हजार 500 रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाता है।
जिले में 45 प्याज भंडारण संरचनाएं स्वीकृत
उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 45 प्याज भंडारण संरचनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं, जो नोखा, पांचू, श्रीडूंगरगढ़ (जसरासर), कुचौर, सालासर, साधासर, मसूरी, सिनियाला, मैयासर, थावरिया, अभयसिंहपुरा, झझेऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित की गई हैं। इन संरचनाओं के माध्यम से किसान उत्पादन के तुरंत बाद प्याज बेचने के बजाय उचित भंडारण कर अनुकूल बाजार भाव मिलने पर विक्रय कर अधिक लाभ अर्जित कर रहे हैं।
अनार, खजूर और किन्नू की खेती का विस्तार
गहलोत ने बताया कि जिले में वर्तमान में लगभग 700 हेक्टेयर क्षेत्र में अनार, 300 हेक्टेयर में खजूर तथा करीब 200 हेक्टेयर में किन्नू एवं अन्य नींबू वर्गीय फसलों की खेती की जा रही है। उन्होंने बताया कि अनार की ‘भगवा सिंदूरी’ किस्म तथा खजूर की ‘बरई’ एवं ‘मेडजूल’ किस्म यहां की जलवायु के अनुरूप पाई गई है।
विभागीय प्रगति की प्रस्तुति
बैठक के दौरान कृषि विस्तार के सहायक निदेशक श्री सुरेन्द्र मारू, पीडी आत्मा डॉ बनवारी लाल डाबला, काजरी के प्रमुख डॉ नवरतन पंवार तथा केवीके बीकानेर से डॉ मदन लाल ने पीपीटी के माध्यम से विभागीय प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक श्री मदन लाल, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ बिरमाराम, उद्यानिकी विभाग की उपनिदेशक श्रीमती रेणु वर्मा, सहायक निदेशक श्री मुकेश गहलोत, पीडी आत्मा डॉ बनवारी लाल डाबला, सहायक निदेशक श्रीमती मीनाक्षी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
========
जिला कलेक्टर ने डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में विकास कार्यों की समीक्षा की
बीकानेर, 17 मार्च। जिला कलेक्टर एवं जिला क्रीड़ा परिषद की अध्यक्ष श्रीमती नम्रता वृष्णि ने मंगलवार को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में विकास कार्यों के निरीक्षण किया और अधिकारियों की बैठक ली।उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
जिला क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष एवं आयुक्त नगर निगम श्री मयंक मनीष ने बताया कि बैडमिंटन हॉल मरम्मत एवं अन्य विकास कार्यों की 40 लाख की निविदा की गई है। इसके कार्य प्रगति पर हैं। इसके अतिरिक्त बास्केटबॉल कोर्ट, वुशू एरिना, पिकलबॉल कोर्ट, बॉक्स क्रिकेट एरिना, क्रिकेट पिच एरिना, फुटबॉल ग्राउंड नवीनीकरण, एथलेटिक्स ट्रैक नवीनीकरण, स्क्वैश कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 3 से 4 करोड़ रुपये की निविदा प्रक्रिया जारी है।
बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा स्टेडियम के चारों ओर पैदल एवं साइकिल पथ के निर्माण की निविदा प्रक्रियाधीन है, जिसकी अनुमानित लागत 1.10 करोड़ रुपये है। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि साइकिल पथ के बीच के क्षेत्र में ईओआई के माध्यम से पौधारोपण कर उसके रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम द्वारा स्टेडियम की नियमित साफ-सफाई की जा रही है तथा 18 सीसीटीवी कैमरे एवं 12 सुरक्षा गार्ड्स की व्यवस्था की गई है। जिला कलेक्टर ने हाल ही में उद्घाटित जिम हॉल का निरीक्षण कर उसके प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में कोषाधिकारी धीरज जोशी, जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष, अधीक्षण अभियंता चिराग गोयल, लेखाधिकारी अशोक माली, आरएसआरडीसी की अधिशासी अभियंता शिल्पा कच्छावा, बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता नवीन मीणा एवं सहायक प्रशासनिक अधिकारी किशनगोपाल पुरोहित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
=========
- कृषि भूमि के क्रय-विक्रय की रजिस्ट्री के समय फार्मर आईडी होगी अनिवार्य
- समर्थन मूल्य पर फसल बेचने के लिए भी फार्मर आईडी की होगी अनिवार्य
- फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के निर्देश, शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर
- जयपुर से आई फार्मर रजिस्ट्री की राज्य विशेषाधिकारी श्रीमती मुक्ता राव ने दिए निर्देश
- फार्मर रजिस्ट्री को लेकर प्रत्येक पटवार मंडल स्तर पर आयोजित किए जाएंगे विशेष शिविर
बीकानेर, 17 मार्च। फार्मर रजिस्ट्री की राज्य विशेषाधिकारी श्रीमती मुक्ता राव ने मंगलवार को जिले में फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित बैठक में श्रीमती राव ने फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने व शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समर्थन मूल्य पर फसल बेचने के लिए भी फार्मर आईडी होगी अनिवार्य
बैठक में श्रीमती मुक्ता राव ने कहा कि व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से किसानों को अवगत कराया जाए कि भविष्य में समर्थन मूल्य पर फसल विक्रय करने के लिए फार्मर आईडी की जरूरत होगी। इसके अतिरिक्त, उन्हें खाद-बीज जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ तथा फसल बीमा क्लेम भी फार्मर आईडी से मिल सकेगा।
कृषि भूमि के क्रय-विक्रय की रजिस्ट्री के समय फार्मर आईडी अनिवार्य होगी
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पंजीयन के अभाव में भविष्य में नामांतरण की कार्यवाही संभव नहीं होगी तथा कृषि भूमि के क्रय-विक्रय की रजिस्ट्री के लिए फार्मर आईडी की जरूरत पड़ेगी।
पंजीयन कराने पर जमीन की धोखाधड़ी से बच सकेगा किसान, फोन पर तत्काल मिलेगी जानकारी
श्रीमती राव ने बताया कि पंजीयन होने पर किसान की भूमि में कुछ भी परिवर्तन होगा तो उसे तत्काल फोन पर इसकी जानकारी मिल जाएगी। इससे किसान जमीन की धोखाधड़ी से बच सकेगा। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि व मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि का पंजीकरण भी फार्मर आईडी बनवाने के बाद ही हो सकेगा।
प्रत्येक पटवार मंडल स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगें
बैठक में श्रीमती राव ने समस्त तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करें। पंजीयन कार्य को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक पटवार मंडल स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, किसानों का डोर-टू-डोर सर्वे कर उन्हें पंजीयन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
संबंधित भू-अभिलेख निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र में पटवार मंडलों पर पटवारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा सभी पटवारियों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्राप्त कर तहसील कार्यालय में प्रस्तुत करें।विदित है कि जिले में वर्तमान में अब तक 1,67,427 किसानों का पंजीयन कर फार्मर आईडी जारी की जा चुकी है।
बैठक में जिले की भू-अभिलेख प्रभारी अधिकारी आईएएस सुश्री महिमा कसाना, फार्मर रजिस्ट्री टेक्निकल कंसलटेंट श्री दीपेश शर्मा, तहसीलदार श्री निशिकांत, तहसीलदार भू-अभिलेख निरीक्षक नाल श्री हरी नारायण सिंह, जिला कार्यालय भू-अभिलेख निरीक्षक श्री किशन सोनी सहित जिले के समस्त तहसीलदार, भू-अभिलेख निरीक्षक, पटवारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
