किलपाॅक तेरापंथी सभा के अशोक परमार दोबारा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित
किलपाॅक तेरापंथी सभा के अशोक परमार दोबारा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित



- नए तेरापंथ भवन के लिए मांगा सहयोग
चेन्नई, 7 जून । श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, किलपाॅक, चेन्नई का प्रथम वार्षिक साधारण अधिवेशन रविवार को पट्टालम स्थित तेरापंथ जैन विद्यालय में अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। अधिवेशन के दौरान सर्वसम्मति से एक बड़ा निर्णय लेते हुए अशोक परमार को आगामी द्विवर्षीय कार्यकाल (सत्र 2026-2028) के लिए पुनः निर्विरोध संस्था का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।


अधिवेशन की कार्यवाही का शुभारंभ सामूहिक नमस्कार महामंत्र के श्रद्धापूर्ण उच्चारण के साथ हुआ। इसके पश्चात सभा के सहमंत्री विकास सेठिया ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन कर सभी को नैतिक व धार्मिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के आरंभ में निवर्तमान अध्यक्ष अशोक परमार ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने कार्यकाल की सफलताओं का श्रेय पूरी टीम को देते हुए प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और समाज के दानदाताओं के प्रति तन-मन-धन से मिले समर्थन के लिए गहरा आभार व साधुवाद प्रकट किया।


सभा के मंत्री विजय सुराणा ने विगत वर्ष का प्रगति प्रतिवेदन (मंत्री रिपोर्ट) सदन के सम्मुख रखा, वहीं कोषाध्यक्ष इन्दरचन्द बोथरा ने संस्था का प्रामाणिक आय-व्यय ब्योरा (लेखा-जोखा) प्रस्तुत किया। सदन में उपस्थित सभी प्रबुद्ध सदस्यों ने करतल ध्वनि और ‘ओम् अर्हम्’ के सामूहिक उद्घोष के साथ दोनों रिपोर्टों को सर्वसम्मति से पारित किया। इस दौरान एक भावुक क्षण भी आया, जब इस कार्य अवधि के दौरान देवलोकगमन कर चुके समाज के दिवंगत श्रावक-श्राविकाओं और सभा सदस्यों की आत्म-शांति के लिए सामूहिक रूप से ‘लोगस्स’ पाठ का ध्यान कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
अधिवेशन के उत्तरार्ध में चुनावी प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी गौतमचन्द डागा और सह-अधिकारी प्रसन्न बोथरा को मंच सौंपा गया। चुनाव अधिकारी ने स्क्रूटनी के बाद सदन को सूचित किया कि अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन पत्र प्राप्त हुआ है, जो पूरी तरह वैध है। इसके आधार पर उन्होंने अशोक परमार को पुनः आगामी दो वर्षों के लिए निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया और उन्हें दायित्व पत्र सौंपा। दोबारा यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर परमार ने समाज के इस अटूट विश्वास के लिए कृतज्ञता जताई और आगामी दिनों में बनने वाले नवीन ‘तेरापंथ भवन’ के निर्माण सहित अन्य सामाजिक प्रकल्पों को गति देने के लिए सभी से एकजुट होकर सहयोग करने का आह्वान किया।
इस विशेष अवसर पर प्रकाश दुधोड़िया, संतोष सेठिया, अणुव्रत समिति के उपाध्यक्ष स्वरूप चन्द दाँती, प्रसन्न बोहरा, विजयराज कटारिया, निर्मल छाजेड़, प्रवीण कोठारी, किलपाॅक महिला मण्डल की अध्यक्षा श्रीमती अनिता सुराणा, संदीप भण्डारी, संदीप मुथा, धर्मीचन्द छल्लाणी, बाबुलाल डूंगरवाल, अशोक आच्छा और विमल बोहरा सहित कई गणमान्य प्रबुद्धजनों ने अपने विचार व्यक्त किए तथा नवनिर्वाचित अध्यक्ष को माला व शाल पहनाकर बधाई दी। पूरे अधिवेशन की कार्यवाही का कुशल और प्रभावी संचालन मंत्री विजय सुराणा द्वारा किया गया, जबकि सहमंत्री विकास सेठिया ने सभी अतिथियों व आगंतुकों का आभार ज्ञापन किया। वार्षिक अधिवेशन की समाप्ति के बाद समाज के सैकड़ों सदस्यगणों ने केलिस में विराजित साध्वी श्री उदितयशा जी (ठाणा-4) और ताम्बरम में प्रवास कर रहे मुनिप्रवर पुलकितकुमार जी (ठाणा 2) के दर्शन-वंदन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।


