बचेंद्री पाल के नेतृत्व में 10 सदस्यीय महिला दल ने जीती आदि कैलाश की राह, बीकानेर की डॉ. सुषमा बिस्सा ने फहराया परचम
बचेंद्री पाल के नेतृत्व में 10 सदस्यीय महिला दल ने जीती आदि कैलाश की राह, बीकानेर की डॉ. सुषमा बिस्सा ने फहराया परचम



बीकानेर/नैनीताल, 9 जून। देश की दस ख्यातिनाम महिला पर्वतारोहियों की एक विशेष टीम ने ‘आदि कैलाश’ की चुनौतीपूर्ण और आध्यात्मिक यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया है। भारत की पहली महिला एवरेस्ट पर्वतारोही बचेंद्री पाल के नेतृत्व में इस दल ने दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों में साहस और संकल्प का परिचय देते हुए अपना अभियान पूरा किया।


परंपरागत स्वागत और ओम पर्वत के दर्शन
दल की महत्वपूर्ण सदस्या और बीकानेर की अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही डॉ. सुषमा बिस्सा ने बताया कि यात्रा के दौरान जब यह दल व्यास घाटी पहुंचा, तो वहां के स्थानीय होमस्टे संचालकों और ग्रामीणों ने अपनी विशिष्ट परंपराओं के साथ टीम का भव्य स्वागत किया। दल ने अपनी यात्रा के दौरान पार्वती सरोवर की कठिन ट्रैकिंग पूरी की। इसके पश्चात आदि कैलाश और गौरीकुंड के दर्शन कर कुट्टी होते हुए यह दल ‘ओम पर्वत’ पहुंचा, जहां प्रकृति के इस चमत्कारिक स्वरूप के दर्शन किए।


विमला रावत ने की अगवानी
गुंजी पहुंचने पर पूर्व आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में प्रमुख सामाजिक व प्रशासनिक भूमिका निभा रहीं विमला रावत ने दल की सभी सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके इस साहसी अभियान के लिए भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
दिवंगत पर्वतारोही रीटा गौंबू को श्रद्धांजलि
इस यात्रा का एक भावुक क्षण वह था जब टीम ने आदि कैलाश पहुंचकर पूर्व एवरेस्ट पर्वतारोही और इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन (IMF) की पूर्व उपाध्यक्ष दिवंगत रीटा गौंबू मारवा को याद किया और उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मेडिटेशन के साथ हुआ समापन
अभियान के अंतिम चरण में दल चौकोरी होते हुए नैनीताल पहुंचा। यहां श्री अरबिंदो आश्रम में सभी सदस्यों ने ध्यान (मेडिटेशन) किया और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। इसके पश्चात सभी महिला सदस्य अपने-अपने गृह राज्यों के लिए रवाना हुईं।
दल में शामिल प्रमुख चेहरे
आर. के. शर्मा ने जानकारी दी कि इस प्रतिष्ठित दल में देश के विभिन्न कोनों से अनुभवी महिलाएं शामिल थीं। बीकानेर: अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही डॉ. सुषमा बिस्सा एवं डॉ. आशु मलिक। देहरादून: प्रसिद्ध पर्यावरणविद् व एवरेस्ट पर्वतारोही हर्षवंती बिष्ट एवं आशा।
नागपुर: विमला देओस्कर। गुजरात: गंगोत्री इंदुमती। लखनऊ: मेजर कृष्णा दुबे।आगरा: मीनाक्षी। गोपेश्वर: उपमा।


