बच्चों में स्वास्थ्य व संस्कारों के समन्वय के लिए पतंजलि योग समिति की विशेष पहल
बच्चों में स्वास्थ्य व संस्कारों के समन्वय के लिए पतंजलि योग समिति की विशेष पहल



- बीकानेर में 11 जून से सजेगा निःशुल्क योग और खेलकूद शिविर
बीकानेर, 10 जून। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों और युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के संचार के लिए बीकानेर में एक विशेष पहल की जा रही है। भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं युवा भारत (बीकानेर) के संयुक्त तत्वावधान में 11 जून से एक भव्य ‘निःशुल्क योग एवं खेलकूद संस्कार शिविर’ का आयोजन होने जा रहा है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वस्थ और सुसंस्कारित जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।


11 से 28 जून तक बाबा रामदेव पार्क में लगेगा शिविर


शिविर का आयोजन 11 जून 2026 से 28 जून 2026 तक निरंतर किया जाएगा। यह शिविर प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से 7:30 बजे तक मुरलीधर व्यास कॉलोनी रोड (गोकुल सर्किल) स्थित बाबा रामदेव पार्क में संचालित होगा। शिविर पूरी तरह निःशुल्क है, जिसमें विद्यार्थी, बालक-बालिकाएं और उनके अभिभावक भी भाग ले सकेंगे।
योगाभ्यास के साथ होगा व्यक्तित्व निर्माण
शिविर संयोजक नन्दकिशोर गहलोत ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस 18 दिवसीय शिविर में प्रतिभागियों को केवल योगाभ्यास ही नहीं कराया जाएगा, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जाएगा। शिविर के अंतर्गत नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम और ध्यान (मेडिटेशन)। शारीरिक विकास के लिए विभिन्न खेलकूद गतिविधियां। भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और चरित्र निर्माण से जुड़े विशेष रचनात्मक सत्र आयोजित होंगे ।
संयोजक ने कहा कि वर्तमान दौर में युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के लिए शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य और संस्कारों का समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
प्रतिभागियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
शिविर प्रबंधन समिति (महिला पतंजलि योग समिति, युवा भारत एवं पतंजलि किसान सेवा समिति) ने संभागियों से अपील की है कि वे शिविर में शामिल होने के लिए सुबह खाली पेट आएं। साथ ही, अपनी सुविधा के लिए बैठने हेतु एक दरी (मैट) और पीने के पानी की बोतल अपने साथ अवश्य लेकर आएं। स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और योग प्रेमियों ने इस रचनात्मक आयोजन की सराहना करते हुए इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।


