राजकीय बालिका सैनिक स्कूल को मिला स्वचालित स्कूल बेल सिस्टम
राजकीय बालिका सैनिक स्कूल को मिला स्वचालित स्कूल बेल सिस्टम


पंडित धर्म प्रकाश शर्मा ट्रस्ट और डॉ. हुकम चंद चौधरी की पहल


बीकानेर, 06 अगस्त । शिक्षा के क्षेत्र में एक आधुनिक एवं प्रेरणादायी पहल करते हुए पूज्या रामी देवी रामनारायण राठी बालिका सैनिक विद्यालय (जयमलसर) को ऑटोमैटिक स्कूल बेल सिस्टम भेंट किया गया है। यह उपहार पंडित धर्म प्रकाश शर्मा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित डॉ. हुकम चंद चौधरी द्वारा प्रदान किया गया।


इस स्वचालित बेल प्रणाली में डिजिटल टाइमर, एम्पलीफायर एवं स्पीकर शामिल हैं। यह आधुनिक सिस्टम विद्यालय की दैनिक शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों को समयबद्ध तथा सुचारु बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से विद्यालय की प्रार्थना सभा, कालांश (पीरियड) परिवर्तन, मध्याह्न भोजन, अवकाश तथा अन्य आवश्यक सूचनाएं एवं घोषणाएं निर्धारित समय पर स्वतः संचालित होंगी।
तकनीकी सुविधाओं से प्रभावी बनेगी कार्यप्रणाली
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा, समस्त शिक्षण स्टाफ एवं विद्यालय परिवार ने इस सराहनीय योगदान के लिए पंडित धर्म प्रकाश शर्मा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट और डॉ. हुकम चंद चौधरी का आभार जताया। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस तकनीक के माध्यम से विद्यालय की कार्यप्रणाली में अधिक अनुशासन और प्रभावशीलता आएगी।
इस अवसर पर डॉ. हुकम चंद चौधरी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि “वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुव्यवस्थित शैक्षणिक माहौल के लिए विद्यालयों को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस करना बेहद जरूरी है। समाज के सहयोग से शिक्षा और जनहित के ऐसे प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।”


