बीकानेर पीबीएम अस्पताल में फिर प्रसूता की मौत
बीकानेर पीबीएम अस्पताल में फिर प्रसूता की मौत


- नॉर्मल डिलीवरी के बाद बिगड़ी तबीयत, बीपी बढ़ने के बावजूद दवा न देने का आरोप
बीकानेर, 24 अगस्त । बीकानेर के पीबीएम (PBM) अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक और प्रसूता की तबीयत बिगड़ने से मौत का मामला सामने आया है। चूरू जिले के सरदारशहर निवासी प्रसूता अनुपमा को प्रसव के लिए पीबीएम अस्पताल लाया गया था, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों के हंगामे को देखते हुए शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है, जिसका सोमवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।


नॉर्मल डिलीवरी के बाद वेंटिलेटर पर गई प्रसूता


मृतका के पति आनंद मीणा द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 11 अगस्त को अनुपमा को हाई ब्लड प्रेशर और एक्लेम्पसिया (Eclampsia) की शिकायत पर डॉ. कमलेश यादव की यूनिट में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उसकी नॉर्मल डिलीवरी हुई, लेकिन इसके तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।
तबीयत गंभीर होने पर प्रसूता को पहले ट्रॉमा आईसीयू (ICU) में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया और बाद में पोस्ट कोविड आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां उसने रविवार सुबह अंतिम सांस ली।
सीनियर डॉक्टरों पर लापरवाही और बीपी की दवा न देने का आरोप
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि 14 अगस्त को जब प्रसूता की तबीयत ज्यादा बिगड़ी, तब कई बार मिन्नतें करने के बावजूद कोई सीनियर डॉक्टर मौके पर नहीं आया। रेजीडेंट डॉक्टरों ने सब कुछ सामान्य बताकर परिजनों को टाल दिया।
भाजपा नेता ने भी उठाए सवाल
भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह शेखावत ने भी मामले में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रसूता का BP ज्यादा होने के बावजूद उसे BP की दवा नहीं दी गई। जिस रात उसकी तबीयत बिगड़ी, उस समय भी कोई सीनियर डॉक्टर मौके पर नहीं आया। शेखावत का कहना है कि अगर मामले को गंभीरता से लिया जाता तो अनुपमा की तबीयत सुधर सकती थी।
