निकाय चुनाव में भाजपा-कांग्रेस का बहिष्कार करेगी करणी सेना, महिपाल सिंह मकराना की चेतावनी
निकाय चुनाव में भाजपा-कांग्रेस का बहिष्कार करेगी करणी सेना, महिपाल सिंह मकराना की चेतावनी


बीकानेर, 2 सितंबर। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर राजस्थान की सियासत में श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के ऐलान ने हलचल तेज कर दी है। बीकानेर में आयोजित प्रेस वार्ता में मकराना ने घोषणा की कि करणी सेना आगामी निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही प्रमुख दलों का पूर्ण बहिष्कार करेगी।


महिपाल सिंह मकराना ने स्पष्ट किया कि ‘यूजीसी रोलबैक’ की मांग को लेकर संगठन का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार इस पर कोई पुनर्विचार नहीं करती। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज दोनों दलों का परंपरागत वोटर रहा है, लेकिन अब परिस्थितियों में बदलाव आ चुका है। मकराना के अनुसार, कांग्रेस सवर्ण समाज को ‘भटकती आत्मा’ मानती है, जबकि भाजपा यह समझती है कि सवर्ण वोटर कहीं नहीं जाएंगे। ऐसे में वोट की ताकत से समाज दोनों पार्टियों को अपनी राजनीतिक क्षमता का अहसास कराएगा।


उल्लेखनीय है कि करणी सेना पिछले कई महीनों से यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर राज्यभर में रैलियां और यात्राएं निकाल रही है। जयपुर में आयोजित ऐसी ही एक यात्रा के दौरान एक युवक की मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया था। बीकानेर में हुई इस प्रेस वार्ता के अंत में करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि मंच का संचालन करणी सेना के प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने किया।
