नेत्रदान पखवाड़े के तहत तुलसी सेवा संस्थान में जागरूकता अभियान
नेत्रदान पखवाड़े के तहत तुलसी सेवा संस्थान में जागरूकता अभियान


- नेत्रदान का संकल्प लेकर दिया मानवता की सेवा का संदेश
श्रीडूंगरगढ़ , 7 सितंबर । तेरापंथ युवक परिषद् श्रीडूंगरगढ़ द्वारा अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के “Vision for Visionless 2.0” अभियान के अंतर्गत चल रहे राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े (25 अगस्त से 8 सितंबर) के तहत सोमवार को तुलसी सेवा संस्थान में नेत्रदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।


चिकित्सकों, स्टाफ और युवाओं ने लिया नेत्रदान का संकल्प


कार्यक्रम में उपस्थित नर्सिंग व तकनीकी स्टाफ, प्रशासक सूर्य प्रकाश गांधी, डॉ. एन.पी. मारू, प्रवीण कुमार गुप्ता, अरिहंत बैद, राजकुमार सुथार एवं रामानंद सिद्ध ने नेत्रदान के महत्व को समझते हुए समाज में अधिक से अधिक लोगों को इसके प्रति जागरूक और प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान तेरापंथ युवक परिषद् श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष विक्रम मालू एवं नेत्रदान प्रवृत्ति सलाहकार अशोक झाबक ने नेत्रदान की प्रक्रिया और इसके सामाजिक प्रभाव की विस्तृत जानकारी दी। मंच संचालन एवं आभार ज्ञापन कोषाध्यक्ष चमन श्रीमाल ने किया।
नेत्रदान है अंधकारमय जीवन में रोशनी का जरिया
समारोह के दौरान तुलसी सेवा संस्थान का सम्मान कर संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि नेत्रदान केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि किसी की अंधेरी दुनिया में रोशनी देने का पवित्र माध्यम है। मृत्यु के पश्चात किए गए नेत्रदान से दो जरूरतमंद व्यक्तियों के जीवन में दृष्टि का उजाला लौटाया जा सकता है।
इस अवसर पर प्रवीण बोथरा, शुभम बोथरा, दीपक छाजेड़, रोशन सिंघी, रौनक पारख, नारायण माली सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वयं नेत्रदान का संकल्प लिया और समाज को प्रेरित करने का बीड़ा उठाया।
नेत्रदान के लिए ऐसे करें पंजीयन:
तेरापंथ युवक परिषद् ने आमजन से नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की है। इच्छुक नागरिक आधिकारिक लिंक abtyp.org/eye-donation पर जाकर परिषद् की सूची में ‘श्रीडूंगरगढ़’ का चयन कर अपना संकल्प पत्र भर सकते हैं।
