बीकानेर महापौर चुनाव में नया मोड़ भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत को 8 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन
डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत को 8 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन



बीकानेर, 19 सितम्बर । बीकानेर नगर निगम में 21 सितम्बर को होने वाले महापौर (मेयर) चुनाव से ठीक पहले स्थानीय राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महापौर प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत को 8 निर्दलीय पार्षदों ने अपना खुला समर्थन देने की घोषणा कर दी है। इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद 80 सदस्यों वाले निगम सदन में चुनावी मुकाबला बेहद रोचक और दिलचस्प हो गया है।


विकास कार्यों पर जताया विश्वास: मुकेश दाधीच
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नगर निगम चुनाव संभाग प्रभारी मुकेश दाधीच ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हो रहे चहुंमुखी विकास, बीकानेर के क्षेत्रीय सांसद व केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल तथा स्थानीय विधायकों (सिद्धि कुमारी व जेठानंद व्यास) के प्रयासों पर भरोसा जताते हुए निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का निर्णय लिया है। भाजपा परिवार ने सभी समर्थक पार्षदों का स्वागत करते हुए आभार जताया।


लगातार तीसरी बार निगम में भाजपा का मेयर बनाने का संकल्प
दाधीच ने दावा किया कि प्रदेश सरकार सड़क, पेयजल, बिजली और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 21 सितम्बर को होने वाले मतदान में डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत भारी मतों से विजय हासिल करेंगे और भाजपा लगातार तीसरी बार नगर निगम बीकानेर में अपना बोर्ड बनाने में सफल होगी।
