बीकानेर पहुंचे ICMR-NIV निदेशक डॉ. नवीन कुमार
बीकानेर पहुंचे ICMR-NIV निदेशक डॉ. नवीन कुमार

- SP मेडिकल कॉलेज में वायरल कल्चर लैब शुरू होने की जगी उम्मीद
बीकानेर, 17 अक्टूबर। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के प्रयासों से सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में वायरल रोगों की जांच और अनुसंधान सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी सिलसिले में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (आईसीएमआर-एनआईवी) के निदेशक डॉ. नवीन कुमार ने मेडिकल कॉलेज का दौरा कर वायरस रिसर्च एंड डायग्नोस्टिक लेबोरेटरी (वीआरडीएल) का निरीक्षण किया। कॉलेज आगमन पर प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा ने उनका स्वागत किया।


निरीक्षण के दौरान प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा ने मेडिकल कॉलेज में जोनल वायरल कल्चर जांच लैब शुरू करने का औपचारिक अनुरोध किया। बीकानेर में इस सुविधा के प्रारंभ होने से स्थानीय स्तर के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी वायरल रोगों की सटीक जांच और शोध क्षमताओं को बड़ा बल मिलेगा।


दौरे के दौरान डॉ. नवीन कुमार ने ‘भारत में महामारी से निपटने की तैयारी’ विषय पर एक विशेष प्रस्तुति भी दी। उन्होंने कहा कि भारत निपाह, जीका, कोविड-19, एमपॉक्स और एवियन इन्फ्लुएंजा जैसे उभरते वायरल संक्रमणों से निपटने के लिए अपनी निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत कर रहा है। उन्होंने ‘वन हेल्थ’ मिशन के तहत मानव, पशु और पर्यावरण स्वास्थ्य के समन्वय के साथ-साथ बायो-सेफ्टी और जीनोमिक निगरानी पर विशेष बल दिया।
इस दौरान कोविड-19 महामारी के समय वीआरडीएल की प्रधान अन्वेषक डॉ. अंजलि गुप्ता और सह-प्रधान अन्वेषक डॉ. अभिषेक बिन्नानी द्वारा दिए गए उत्कृष्ट योगदान की भी सराहना की गई। कार्यक्रम में डॉ. दीप शिखर आचार्य, डॉ. जितेंद्र आचार्य, डॉ. नीति शर्मा, डॉ. रेखा आचार्य, डॉ. इंद्र पुरी, डॉ. पी.डी. तंवर तथा वेटरनरी यूनिवर्सिटी के डॉ. रामकुमार सहित अनेक चिकित्सक और तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।

