बीकानेर के सरकारी समाचार

bikaner govt news बीकानेर के सरकारी समाचार
क्विक जेप्स विज्ञापन 13 oct 2026

 

दीपावली के दौरान चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर विधायक जेठानंद व्यास ने सीएमएचओ और मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को लिखा पत्र

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखने से लेकर पीबीएम और जिला अस्पताल तक आपातकालीन सेवाएं, चिकित्सक, दवाइयां और बर्न वार्ड तैयार रखने के दिए निर्देश

pop ronak
BC opening

बीकानेर, 19 अक्टूबर। दीपावली पर्व के दौरान आमजन को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र विधायक श्री जेठानंद व्यास ने चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध तथा सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र वर्मा को पत्र लिखे हैं। उन्होंने शहर के समस्त शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित पीबीएम अस्पताल और एसडीएम जिला अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बी. सी. घिया और एसडीएम जिला राजकीय अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील हर्ष को भी पत्रों की प्रतिलिपि भेजी है।

विधायक व्यास ने कहा है कि दीपावली के दौरान आमजन की आवाजाही और विभिन्न गतिविधियों में वृद्धि के साथ पटाखों से दुर्घटनाएं, जलने की घटनाएं, आंखों में चोट तथा अन्य आकस्मिक चिकित्सा परिस्थितियां सामने आने की आशंका रहती है। ऐसे में चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक संसाधनों, चिकित्सकों और चिकित्सा कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है, जिससे जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिल सके।

शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर रहें आवश्यक सुविधाएं

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को लिखे पत्र में विधायक ने सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आवश्यक दवाइयां, ड्रेसिंग सामग्री, प्राथमिक उपचार किट और चिकित्सा उपकरण पर्याप्त मात्रा में रखने के निर्देश देने का आग्रह किया है। पटाखों से जलने और आंखों में चोट लगने सहित दुर्घटनाओं के मामलों में प्राथमिक उपचार, आपातकालीन सहायता तथा गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की समुचित व्यवस्था पर भी जोर दिया है। इसके साथ ही एम्बुलेंस सेवाओं के साथ समन्वय, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा है।

पीबीएम और एसडीएम अस्पताल में 24 घंटे सक्रिय हों आपातकालीन सेवाएं

सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को लिखे पत्र में विधायक ने उनके अधीन संचालित पीबीएम अस्पताल और एसडीएम जिला अस्पताल में दीपावली के मद्देनजर विशेष चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने दोनों अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे सुचारू रखने, बर्न वार्ड एवं आपातकालीन विभाग में पर्याप्त बेड, दवाइयां, मरहम-पट्टी और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रखने तथा चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कार्मिकों का ड्यूटी रोस्टर पहले से तैयार करने पर जोर दिया है।

विधायक ने ऑक्सीजन, जीवनरक्षक दवाइयों और प्राथमिक उपचार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ गंभीर मरीजों के त्वरित उपचार एवं जरूरत पड़ने पर रेफरल की समुचित व्यवस्था रखने को कहा है। अस्पताल परिसरों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा मरीजों और उनके परिजनों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने और एम्बुलेंस सेवाओं को सक्रिय बनाए रखने की आवश्यकता भी जताई है।

विधायक व्यास ने संबंधित अधिकारियों से चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने का आग्रह किया है, जिससे दीपावली के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति में नागरिकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े और उन्हें त्वरित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध हो सके।
=======
स्कूलों में जागरूकता अभियान के बाद अब दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग चलाएगा विशेष अभियान

दूध, मावा, मिठाइयों, घी, तेल, मसालों और ड्राई फ्रूट के लिए जाएंगे नमूने, मिलावट पर होगी सख्त कार्रवाई

बीकानेर, 19 अक्टूबर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त श्री अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार प्रदेश में 3 से 16 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा कोचिंग सेंटरों में ‘ईट राइट हेल्दी राजस्थान’ अभियान चलाया गया। इसके तहत बीकानेर जिले में भी 50 से अधिक सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा कोचिंग सेंटरों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि अभियान के दौरान 22,300 से अधिक छात्र-छात्राओं को पौष्टिक आहार के महत्व तथा फास्ट फूड से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को स्वस्थ खानपान अपनाने की शपथ भी दिलाई गई।

दीपावली पर मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान

डॉ. साध ने बताया कि नवरात्रि और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों के निरीक्षण एवं नमूनीकरण का सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरीक्षण और नमूने लेने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत दूध एवं दूध से बने खाद्य पदार्थों, मसालों, मिठाइयों, घी, तेल, मावे तथा ड्राई फ्रूट के नमूने प्राथमिकता से लिए जाएंगे।

खाद्य अनुज्ञा पत्र प्रदर्शित करना अनिवार्य

डॉ. साध ने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को अपने प्रतिष्ठान पर खाद्य अनुज्ञा पत्र अथवा पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। जिन कारोबारकर्ताओं ने अभी तक खाद्य अनुज्ञा पत्र या पंजीकरण नहीं करवाया है, वे तत्काल आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें। ऐसा नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत धारा 58 एवं 63 में कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य निर्माताओं को अपने प्रतिष्ठानों में फूड हैंडलर्स का मेडिकल रिकॉर्ड, पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट तथा खाद्य उत्पादों की पिछले छह माह की जांच रिपोर्ट की फाइल संधारित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सिंथेटिक रंगों और मिलावटी मावे पर होगी सख्ती

खाद्य सुरक्षा विभाग ने फास्ट फूड एवं स्ट्रीट फूड विक्रेताओं, होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को किसी भी प्रकार के सिंथेटिक खाद्य रंगों का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी है। निर्देशों की अवहेलना करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मावे का कारोबार करने वालों को मिलावटी एवं फफूंद लगा मावा संग्रहित नहीं करने तथा उसका भंडारण एवं विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। मावे को अखबार के कागज में रखने पर भी रोक संबंधी हिदायत दी गई है। पनीर, मावा, दूध एवं दूध से बनी मिठाइयों जैसे शीघ्र खराब होने वाले खाद्य पदार्थों का परिवहन कोल्ड चेन बनाए रखते हुए करने को कहा गया है।

विभाग ने कचौड़ी, समोसे, पकौड़े आदि खाद्य पदार्थों को अखबार अथवा रंगीन कागज में परोसने से बचने तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए हैं।

ये खाद्य सुरक्षा अधिकारी करेंगे कार्रवाई

जिले में खाद्य पदार्थों के निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह, सुरेन्द्र कुमार, राकेश कुमार गोदारा, निशान्त चारण, श्रीमती सोना रानी, श्रीमती ममता सोनगरा, इंद्र प्रकाश ढाका तथा महावीर मेघवाल द्वारा की जाएगी। विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
========
पंचायती राज आम चुनाव : तीसरे चरण के निर्वाचन की लोक सूचना जारी

पहले दिन आए चार नाम निर्देशन पत्र, मंगलवार को रहेगा अवकाश

बीकानेर, 19 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण में श्रीडूंगरगढ़, लूणकरणसर और रीडी पंचायत समिति के 63 सदस्यों के निर्वाचन के लिए लोक सूचना सोमवार को जारी हुई। इसके साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन लूणकरणसर और रीडी पंचायत समिति के सदस्य के लिए एक-एक अभ्यर्थी ने 1-1 तथा श्रीडूंगरगढ़ के लिए दो अभ्यर्थियों ने दो सहित कुल चार नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। तीसरे चरण में श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के 19, लूणकरणसर के 27 और रीडी के 17 सहित कुल 63 सदस्यों के लिए निर्वाचन होगा। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर है। इस दौरान प्रतिदिन प्रातः 11 से दोपहर 3 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। मंगलवार को दशहरे का राजपत्रित अवकाश होने के कारण नाम निर्देशन पत्र नहीं लिए जाएंगे। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से होगी। 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। इसके ठीक बाद चुनाव प्रतीकों आवंटन और अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। श्रीडूंगरगढ़ और लूणकरणसर पंचायत समिति के सदस्यों के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की कार्यवाही संबंधित उपखंड अधिकारी कार्यालय में तथा रीडी पंचायत समिति के सदस्यों के लिए रीडी के ग्राम पंचायत भवन में की जा रही है।
========
पंचायती राज चुनाव : जिला परिषद-पंचायत समिति और पंच-सरपंच चुनाव के दौरान चरणवार सूखा दिवस के आदेश जारी

बीकानेर,19 अक्टूबर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के मद्देनजर जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा पंच-सरपंच पदों के चुनाव के लिए मतदान और मतगणना के अवसर पर सूखा दिवस घोषित किया गया है।

जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री निशान्त जैन ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

आदेशानुसार जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के प्रथम चरण के चुनाव के लिए 20 अक्टूबर की सायं 6 बजे से 22 अक्टूबर को सायं 6 बजे तक, द्वितीय चरण के लिए 26 अक्टूबर की सायं 6 बजे से 28 अक्टूबर को सायं 6 बजे तक, तृतीय चरण के लिए 1 नवंबर की सायं 6 बजे से 3 नवंबर को सायं 6 बजे तक तथा चतुर्थ चरण के लिए 12 नवंबर की सायं 6 बजे से 14 नवंबर को सायं 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा।

इसी प्रकार पंच एवं सरपंच पदों के चुनाव के प्रथम चरण के लिए 22 अक्टूबर की सायं 6 बजे से 24 अक्टूबर को मतगणना समाप्ति तक, द्वितीय चरण के लिए 28 अक्टूबर की सायं 6 बजे से 30 अक्टूबर को मतगणना समाप्ति तक, तृतीय चरण के लिए 3 नवंबर की सायं 6 बजे से 5 नवंबर को मतगणना समाप्ति तक तथा चतुर्थ चरण के लिए 14 नवंबर की सायं 6 बजे से 16 नवंबर को मतगणना समाप्ति तक सूखा दिवस घोषित किया गया है।

जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के लिए 20 नवंबर को पूरे दिन सूखा दिवस रहेगा। यह आदेश समस्त पंचायत समिति क्षेत्रों के लिए लागू होंगे।

आदेश के अनुसार सूखा दिवस संबंधित चुनाव क्षेत्रों तथा उनके पांच किलोमीटर के परिधीय क्षेत्र में प्रभावी रहेगा। आदेशों की पालना सुनिश्चित करवाने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी, बीकानेर को निर्देशित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि पहले चरण में खाजूवाला, पूगल, छत्तरगढ़ और रुणिया में, द्वितीय चरण में हदां, बीठनोक, बज्जू खालसा, कोलायत और बीकानेर में, तृतीय चरण में श्रीडूंगरगढ़, रीडी और लूणकरणसर में तथा चौथे चरण में नोखा, पांचू और जसरासर में चुनाव होंगे।
========
रबी सीजन में उर्वरक आपूर्ति व वितरण पार्दर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा किया जा रहा है उर्वरक विक्रेताओं का सघन निरीक्षण

रबी सीजन में किसानों को मांग अनुरूप मिलेगा डीएपी व यूरिया-उर्वरक की पर्याप्त व्यवस्था

बीकानेर, 19 अक्टूबर। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल के निर्देशानुसार जिले के समस्त कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा राज एग्री क्यूसी ऐप से उर्वरकों का ऑनलाइन निरीक्षण किया जाना है।

संयुक्त निदेशक (कृषि) मदनलाल ने बताया कि रबी सीजन में उर्वरक आपूर्ति व वितरण पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा अब तक 92 कृषि आदान विक्रेताओं का सघन निरीक्षण किया जा चुका है। शेष का निरीक्षण निर्देशानुसार किया जा रहा है। इसके मद्देनजर कृषि आदान निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि आगामी दो दिवस में सभी उर्वरक विक्रेताओं का शत-प्रतिशत निरीक्षण सुनिश्चित करें।

वर्तमान में रबी सीजन में बुवाई प्रारंभिक अवस्था में है, जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। जिले में यूरिया 11559 मै.टन, डीएपी 1899 मै.टन, एसएसपी 4355 मै.टन, एनपीके 1675 मै.टन व एमओपी 587 मै.टन उपलब्ध है। गुण नियंत्रण कार्यक्रम को ओर अधिक सशक्त /प्रभावी बनाने, निरीक्षण प्रकिया को पारदर्शी बनाने एवं कृषि आदान विकेताओं की रियल टाईम मोनिटरिंग हेतु मोबाईल ऐप विकसित किया गया है।

उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अनियमितता पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिये कृषि विभाग द्वारा विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है। गुणवत्ता नियंत्रण के लिए कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा औचक निरीक्षण किये जा रहे हैं। उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण एवं आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जा रही है। जिससे किसानों को समय पर गुणवत्ता युक्त उर्वरक मिल सके। उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की टेगिंग रोकने के लिये विभाग द्वारा सख्त निर्देश जारी किये गये हैं। कृषि आदान विक्रेता स्तर पर अनियमितता पाये जाने पर नियमानुसार विक्रेता के विरूद्ध विभाग द्वारा कठोर कार्यवाही की जाएगी।

======

 

खाओसा