सीबीएसई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतने पर विद्यालय में भव्य सम्मान
सीबीएसई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतने पर विद्यालय में भव्य सम्मान

- स्वर्णिम सफलता से मुस्कान बोथरा ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव
बीकानेर, 22 अक्टूबर। श्री जैन पब्लिक स्कूल, बीकानेर की कक्षा 8 की प्रतिभाशाली छात्रा मुस्कान बोथरा ने सीबीएसई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 (अंडर-14) में स्वर्ण पदक अर्जित कर अपने परिवार, विद्यालय एवं संपूर्ण राजस्थान प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस गौरवपूर्ण स्वर्णिम उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ मुस्कान को मोतियों की माला पहनाकर तथा स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर भावभीना सम्मान दिया गया।


आयोजित कार्यक्रम में मुस्कान के पिता रवि रंजन बोथरा, माता श्रीमती प्रियंका बोथरा तथा परिवार के अन्य सदस्यगण भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। परिजनों ने मुस्कान की इस ऐतिहासिक सफलता पर गहरा हर्ष व्यक्त करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया।



समारोह में विद्यालय के शालाध्यक्ष विजय कुमार कोचर ने मुस्कान को बधाई देते हुए कहा कि उसकी यह सफलता अनुशासन, एकाग्रता एवं कठिन परिश्रम का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने मुस्कान के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। विद्यालय के सचिव सीए माणक कोचर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का क्षण बताया तथा मुस्कान को भविष्य में भी नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रूपश्री सिपानी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मुस्कान की यह उपलब्धि इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के विद्यालय के प्रयास सार्थक सिद्ध हो रहे हैं। वहीं विद्यालय की सीईओ श्रीमती सीमा जैन ने मुस्कान को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास एवं दृढ़ संकल्प से सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।
मुस्कान की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर पूरे विद्यालय परिवार में उल्लास का माहौल रहा। विद्यालय परिवार ने उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि वह आगे भी अपनी मेहनत और प्रतिभा से परिवार, विद्यालय एवं देश का नाम रोशन करती रहेगी।

