अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रशिक्षण शिविर के लिए बीकानेर के सेंसाई विवेक अग्रवाल चयनित
अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रशिक्षण शिविर के लिए बीकानेर के सेंसाई विवेक अग्रवाल चयनित

बीकानेर, 23 अक्टूबर । बीकानेर के कराटे प्रशिक्षक सेंसाई विवेक अग्रवाल का चयन पठानकोट (पंजाब) में आयोजित होने वाले ‘इंडिया ओपन अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रशिक्षण शिविर-2026’ के लिए हुआ है। उनका यह चयन बीकानेर के खेल जगत, विशेषकर कराटे के क्षेत्र के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है।


संस्था अध्यक्ष आशीष गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आगामी 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक पठानकोट में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में ‘केनकिकाई गोजुर्यू कराटे’, अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय फेडरेशन अध्यक्ष ग्रैंड मास्टर जोस फंडोका के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।



उन्नत तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय मानकों का मिलेगा प्रशिक्षण
इस शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों को गोजुर्यू कराटे की उन्नत तकनीकों, प्रभावी प्रशिक्षण पद्धतियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाई जाने वाली तकनीकी बारीकियों का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस आयोजन से प्रतिभागियों को अपने कौशल को निखारने, प्रशिक्षण संबंधी ज्ञान को समृद्ध करने और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपनी दक्षता विकसित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
समाजसेविका डॉ. अर्पिता गुप्ता ने कहा कि सेंसाई विवेक अग्रवाल का इस अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन होना बीकानेर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त तकनीकी ज्ञान एवं अनुभव का लाभ स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा तथा बीकानेर और राजस्थान में कराटे प्रशिक्षण के स्तर को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
सेंसाई विवेक अग्रवाल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण शिविर में सहभागिता से कराटे की उन्नत तकनीकों और प्रशिक्षण की नवीन पद्धतियों को सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि वे इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव को अपने विद्यार्थियों के साथ साझा कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने तथा उनकी खेल क्षमता को विकसित करने का पूरा प्रयास करेंगे।
सेंसाई विवेक अग्रवाल की इस उपलब्धि पर संस्था पदाधिकारी विक्रम जाखड़, आरव अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

