बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार

- वोट मैराथन के जरिए मतदाताओं को किया जागरूक, ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने लिया मतदान का संकल्प
बीकानेर, 23 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन तथा जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी श्रीमती शैलजा पांडे के निर्देशन में पंचायत चुनाव के मद्देनजर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य अधिकाधिक मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है।


स्वीप प्रकोष्ठ सह प्रभारी सुरेश बिश्नोई ने बताया कि इसी क्रम में शुक्रवार को पंचायत समिति मुख्यालयों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर वोट मैराथन का आयोजन कर मतदाताओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने वोट मैराथन के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के महत्व को समझा तथा आगामी पंचायत चुनाव में निर्भीक एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया।



स्वीप प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रशांत जोशी ने बताया कि निर्धारित कैलेंडर के अनुसार मतदाता जागरूकता के लिए निरंतर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके तहत वोट मैराथन, दिव्यांग एवं वरिष्ठजन मतदाता संवाद, मतदान जागरूकता रंगोली एवं मेहंदी, नारी शक्ति संवाद, गरबा और वोट बारात जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व से अवगत कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रकोष्ठ के सह-समन्वयक गोपाल जोशी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को आगामी पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के महत्व की जानकारी देना आवश्यक है, ताकि वे जागरूक नागरिक के रूप में लोकतंत्र में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकें।
======
आठ से दस जनवरी तक होगा अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव, विभिन्न नवाचारों से देंगे भव्य रूप
जिला कलक्टर की अध्यक्षता में कैमल फेस्टिवल को लेकर बैठक
बीकानेर, 23 अक्टूबर। जिला कलक्टर निशान्त जैन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव में अधिक से अधिक देशी और विदेशी पर्यटकों की भागीदारी हो, इसके मद्देनजर इसका भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
जिला कलक्टर ने शुक्रवार को जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में यह निर्देश दिए। बैठक में जिले में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा की गई। ऊंट उत्सव की प्रारम्भिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि यह बीकानेर को विशेष पहचान दिलाने वाला आयोजन है। इस बार यह 8 से 10 जनवरी 2027 तक आयोजित होगा। इसे विभिन्न नवाचारों के साथ भव्य तरीके से आयोजित किया जाए। उन्होंने इसकी रूपरेखा को जल्दी से जल्दी अंतिम रूप देने के निर्देश दिए और कहा कि वैश्विक स्तर पर इसका प्रचार हो, इसके लिए पारम्परिक माध्यमों के साथ सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफाॅम्र्स का उपयोग भी किया जाए।
सात-आठ जनवरी को होगा बीकानेर भुजिया महोत्सव
जिला कलक्टर ने बताया कि 7 और 8 जनवरी को ग्रामीण हाट में बीकानेरी भुजिया महोत्सव आयोजित होगा। इसके प्रोत्साहन के लिए उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र की ओर से यह आयोजन किया जाएगा। भुजिया महोत्सव में भुजिया बनाने, पैकेजिंग एवं विपणन का प्रायोगिक प्रदर्शन एवं आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। भुजिया व्यापारियों और निर्माताओं को आमंत्रित किया जाएगा तथा भुजिया उद्योग से जुड़ा संवाद होगा।
शीघ्र शुरू करें हैरिटेज सेल
जिला कलक्टर ने हैरिटेज संरक्षण के लिए नगर निगम की हैरिटेज सेल को शीघ्र प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे जुड़े बायलाॅज को शीघ्र अंतिम रूप दे दिया जाए। उन्होंने जिले में पर्यटकों के लिए शहर में होम स्टे और गेस्ट हाउस की सुविधा बढ़ाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक कृष्ण कुमार ने जिले के पर्यटन परिदृश्य के बारे में बताया और भावी योजना की जानकारी दी। बैठक में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक महेश व्यास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
=======
उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए विभाग सख्त, विभिन्न इकाइयों में डिब्बा बंद वस्तुओं का किया औचक निरीक्षण
बीकानेर, 23 अक्टूबर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामलात विभा मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 तथा राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियम, 2011 के तहत जिले की औद्योगिक इकाइयों में व्यापक औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत गठित विभागीय जांच दल विधिक माप विज्ञान अधिकारी दीपक पूनिया के नेतृत्व में 2 औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान रस रसना फूड प्राइवेट लिमिटेड एवं खंडेलवाल फूड्स प्राइवेट लिमिटेड बीछवाल इंडस्ट्रियल क्षेत्र पर सभी कांटे सत्यापित, पैकर रजिस्ट्रेशन उपलब्ध होना एवं आवश्यक घोषणाओं पाई गई एवं नेट वेट सही पाया गया।
उपभोक्ताओं को सही नाप तौल, सही एमआरपी एवं यूएसपी यूनिट सेल मूल्य तथा मैन्युफैचरर पैकर एड्रेस की सूचना देना सभी प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी होती है।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में औद्योगिक इकाइयों में डिब्बा बंद वस्तुओं पर नियमित जांच जारी रहेगी तथा दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा करना तथा आमजन को सही माप-तौल के साथ गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित कराना है, जिससे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध होगी।
=======
पंचायती राज आम चुनावः नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूर्ण, शनिवार को होगी संवीक्षा
बीकानेर, 23 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव के तृतीय चरण की तीन पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुक्रवार को सम्पन्न हुई। अंतिम दिन तक लूणकरणसर पंचायत समिति में 116 अभ्यर्थियों ने 123, रिडी में 81 अभ्यर्थियों ने 82 तथा श्रीडूंगरगढ़ में 94 अभ्यर्थियों ने 96 नाम निर्र्देशन पत्र प्रस्तुत किए। शुक्रवार को अंतिम दिन लूणकरणसर पंचायत समिति में 45 अभ्यर्थियों ने 51, रिडी में 40 ने 41 तथा श्रीडूंगरगढ़ में 32 अभ्यर्थियों ने 33 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा शनिवार को प्रातः 11 बजे से की जाएगी। अभ्यर्थी 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी के ठीक बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा तथा अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
========
पंचायती राज आम चुनाव: द्वितीय चरण की पांच पंचायत समितियों के मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम का हुआ द्वितीय रेंडमाइजेशन
बीकानेर, 23 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में जिले की पांच पंचायत समितियों में जिला परिषद तथा पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए उपयोग होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का द्वितीय रेंडमाइजेशन शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन, पांच पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया।
उल्लेखनीय है कि द्वितीय चरण में हदां, बीठनोक, बज्जू, कोलायत और बीकानेर पंचायत समिति की कुल 382 मतदान केंद्रों पर मतदान होंगे। द्वितीय रेंडमाइजेशन के दौरान इन पंचायत समितियों के मतदान के लिए 382 कंट्रोल यूनिट तथा 116 आरक्षित सहित कुल 498 ईवीएम आवंटित की गई। वहीं मतदान के लिए कुल 764 तथा 230 आरक्षित सहित 994 बैलेट यूनिट आवंटित की गई। इससे पहले 16 अक्टूबर को प्रथम रेंडमाइजेशन हुआ था।
इस दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, प्रशिक्षु आईएएस श्री मनु गर्ग, पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारी, ईवीएम वेयर हाउस के नोडल अधिकारी श्री भवानी प्रकाश, भाजपा के श्री दिलीप सिंह आडसर, कांग्रेस के श्री प्रहलाद सिंह मार्शल और आरएलपी के श्री हनुमान मौजूद रहे।
=========================

