

बीकानेर, 5 नवम्बर । जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में रमा एकादशी का पर्व अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गुलाबी ठंड के बीच सुबह-सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और बाबा के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।


मंदिर ट्रस्ट के सचिव सुरेश चंद्र भसीन ने बताया कि रमा एकादशी के विशेष धार्मिक आयोजनों के तहत आगामी वैवाहिक सीजन को देखते हुए कई श्रद्धालु अपने घरों में होने वाले विवाह समारोह के निमंत्रण कार्ड लेकर बाबा के दरबार में पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम को विवाह का पहला निमंत्रण अर्पित कर परिवार में मांगलिक कार्य निर्विघ्न संपन्न होने की अर्जी लगाई। इस दौरान दूर-दराज के शहरों में रहने वाले परिजनों को मोबाइल वीडियो कॉल के जरिए बाबा के दर्शन करवाने का अनूठा नजारा भी देखने को मिला।



मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों, भजनों और “एक आस तुम्हारी है, विश्वास तुम्हारा है, तेरे सिवा दुनिया में कौन हमारा है” की गूंज से सराबोर रहा। इस पावन अवसर पर चेतन शर्मा एवं किशन शर्मा द्वारा बाबा श्याम का अत्यंत आकर्षक एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया तथा विभिन्न प्रकार के फल-फ्रूट व व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।
#Bikaner, #KhatuShyamMandir, #RamaEkadashi, #BikanerNews, #RajasthanNews, #DevotionalEvent, #TharExpressNews,

