

- केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने नाल एयरफोर्स स्टेशन पर जवानों संग मनाई दीपावली
बीकानेर, 7 नवम्बर । दीपावली के पावन पर्व पर इस बार बीकानेर शहर रोशनी और भव्य सजावट के रंगों से पूरी तरह जगमगा उठा। इस बार सजावट का दायरा केवल पारंपरिक गेटों तक सीमित न रहकर सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख सर्किल्स और पुराने शहर के बाजारों तक विस्तृत नजर आया।


पंचशती सर्किल पर श्रीनाथजी की प्रतिमा व आतिशबाजी



शहर में सबसे विशेष आकर्षण पंचशती सर्किल की सजावट रही, जिसे बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा तैयार करवाया गया था। शुक्रवार रात केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मेयर अनिल कल्ला और कलेक्टर निशांत जैन ने यहां पूजा-अर्चना की। सर्किल पर श्रीनाथजी की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसके चारों ओर हुई रंगबिरंगी आतिशबाजी ने पूरे माहौल को बेहद मनमोहक बना दिया। इसके अलावा पब्लिक पार्क क्षेत्र (कलेक्टर कार्यालय, शहीद स्तंभ, लिलीपॉन्ड व एसपी निवास के सामने) तथा पुराने शहर के जस्सूसर गेट, गोकुल सर्किल और दम्माणी चौक को भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया।
नाल एयरफोर्स स्टेशन पर जवानों के साथ मनाई दीपावली
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को नाल एयर फोर्स स्टेशन का दौरा कर वहां तैनात भारतीय वायुसेना के जवानों के साथ दीपावली का पर्व मनाया। उन्होंने कहा कि सैनिकों के अदम्य साहस और समर्पण के कारण ही देशवासी चैन की सांस ले रहे हैं। इस दौरान उन्होंने वर्ष 1941 में नाल एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात रहे प्रसिद्ध गजल गायक जगजीत सिंह के पिता सरदार अमर सिंह धीमान के योगदान को याद किया तथा उनकी स्मृति में वहां ऑडिटोरियम बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की। इस अवसर पर एयर कमोडोर अमित बुधवार सहित कई सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दिसंबर से बीकानेर पश्चिम के 39 वार्डों में होगा स्वच्छता सर्वेक्षण
बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक जेठानंद व्यास ने शहरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने बताया कि आगामी दिसंबर माह से विधायक जनसुनवाई केंद्र के माध्यम से पश्चिम क्षेत्र के सभी 39 वार्डों में स्वच्छता सर्वेक्षण करवाया जाएगा। इसके लिए गठित कमेटी नियमित निरीक्षण करेगी और सबसे स्वच्छ पाए जाने वाले वार्ड के सफाई कार्मिकों को हर महीने सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।

