बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
हुलासमल जी लालानी
  • सांसद एवं विधायक निधि के कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूर्ण करें- जिला कलेक्टर
  • जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित
  • संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का निस्तारण तीन से पांच दिनों में करने के दिए निर्देश
  • स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में स्वीकृत शौचालयों को अति शीघ्र पूर्ण करवाने के दिए निर्देश

बीकानेर, 06 मार्च। जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में शुक्रवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की मासिक समीक्षा बैठक जिला परिषद सभागार में आयोजित की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को सांसद एवं विधायक निधि के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो कार्य पूर्ण हो गए हैं उनके पूर्णता प्रमाण पत्र अति शीघ्र भिजवाएं और जो कार्य अभी शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें शीघ्र शुरू करवा कर जियोटैग करवाने के निर्देश दिए।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

जिला कलेक्टर ने अब तक स्वीकृत, प्रगतिरत और अप्रारंभ कार्यों की पंचायत समिति वार समीक्षा की और गत वर्षों के बकाया कार्यों का समायोजन अति शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई और कोताही ना बरती जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से इन कार्यों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

pop ronak

जिला कलेक्टर ने विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों पर लेबर बढ़ाने और वर्ष 2024-25 तक के अपूर्ण कार्यों को अति शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में वर्ष 2024-25 में स्वीकृत आवासों को शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।

श्रीमती वृष्णि ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में स्वीकृत किए गए शौचालयों को अति शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा भी की और लंबित प्रकरणों का निस्तारण तीन से पांच दिनों में करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। जिला कलेक्टर ने ग्रामीण और विशेषकर सीमांत क्षेत्र के कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सोहनलाल, एसीईओ पंचायती राज श्रीमती प्रियंका तलानिया, एसीईओ ग्रामीण विकास श्री दलीप कुमार, अधिशासी अभियंता श्री रामनिवास शर्मा, श्री अशोक गहलोत सहित अन्य तकनीकी अधिकारी और जिले के सभी विकास अधिकारी समेत अन्य स्टॉफ उपस्थित रहा।
============
पालनहार योजना के लाभार्थियों को करवाना होगा वार्षिक सत्यापन
बीकानेर, 6 मार्च। पालनहार योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए लाभान्वित बच्चों का वार्षिक सत्यापन (रिन्यूअल) करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार ने बताया कि जिले में कुल 13,259 बच्चों को योजना का लाभ मिल रहा है, जिनमें से 12,698 बच्चों का वार्षिक सत्यापन हो चुका है, जबकि 561 बच्चे अभी सत्यापन से वंचित हैं। बीकानेर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में अभी भी 162 बच्चों का वार्षिक सत्यापन शेष है। अब तक श्रीडूंगरगढ़ में 110, खाजूवाला में 22, कोलायत में 58, लूणकरणसर में 34, नोखा में 88, पांचू में 59, बज्जू खालसा में 25 तथा पूगल में 3 बच्चे अभी सत्यापन से वंचित हैं।
पालनहार योजना के अंतर्गत अनाथ बालक-बालिकाओं, पेंशन प्राप्त कर रही तलाकशुदा या परित्यक्ता महिला के बच्चों, पुनर्विवाहित विधवा माता के बच्चों, नाता जाने वाली माता के बच्चों तथा विशेष योग्यजन माता-पिता के बच्चों को लाभान्वित किया जाता है।
विभाग द्वारा इन बच्चों के संरक्षण एवं शिक्षा की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पालनहार परिवार को प्रति माह आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना के संशोधित नियम 2022 के नियम 9 ऑनलाइन आवेदन एवं अनुदान प्रक्रिया के अनुसार आवेदक द्वारा स्वयं के जीवित होने एवं बच्चों का विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र में अध्ययनरत होने का वार्षिक सत्यापन करवाना अनिवार्य है।
पंवार ने बताया कि वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया तीन तरीकों से करवाई जा सकती है। पहला, शाला दर्पण पोर्टल पर आधार नंबर अपडेट होने पर बच्चों का सत्यापन स्वतः हो जाएगा। दूसरा, एसएसओ आईडी के माध्यम से पालनहार स्कीम एप में फेस रिकग्निशन प्रक्रिया से सत्यापन किया जा सकता है। तीसरा, यदि एप के माध्यम से सत्यापन नहीं हो पाता है तो संबंधित ब्लॉक के सामाजिक सुरक्षा कार्यालय में जाकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर भौतिक सत्यापन कराया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों में अध्ययनरत पालनहार योजना से लाभान्वित सभी बच्चों का वार्षिक सत्यापन समय पर करवाना सुनिश्चित किया जाए।
======
जिला बाल संरक्षण इकाई की समीक्षा बैठक बुधवार को
बीकानेर, 6 मार्च। जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में जिले में बाल संरक्षण कार्यों की समीक्षा के लिए जिला बाल संरक्षण इकाई की बैठक बुधवार (11 मार्च) को दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी।
सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने तथा अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट 10 मार्च को दोपहर 12 बजे तक ई-मेल adicps.bikaner-rj@gov.in पर भिजवाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह जानकारी बाल अधिकारिता विभाग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक अरुण सिंह शेखावत द्वारा दी गई।
========
जिला स्तरीय समन्वय-समीक्षा समिति की बैठक 12 को

बीकानेर, 6 मार्च। बीकानेर की दिसम्बर तिमाही की जिला स्तरीय समन्वय-समीक्षा समिति की बैठक 12 मार्च को प्रातः 11 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित की जाएगी। अग्रणी बैंक कार्यालय के मुख्य प्रबंधक लक्ष्मण राम मोडासिया ने बताया कि सभी जिला समन्वयको-बैंक नियंत्रकों को सभी आवश्यक सूचनाएं साथ लाने के लिए पत्र भेजा गया है।
===========
‘बाल विवाह मुक्त भारत’ रथ यात्रा का शुभारम्भ, पोस्टर का किया विमोचन
बीकानेर, 6 मार्च। बाल विवाह मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान के तहत बाल विवाह मुक्त रथ यात्रा का शुभारम्भ व पोस्टर का विमोचन शुक्रवार को हुआ।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) श्री रमेश देव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री चक्रवर्ती सिंह, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष एड. जुगल किशोर व्यास, किशोर न्याय बोर्ड सदस्य अरविंद सेंगर, राजकीय संप्रेषण गृह अधीक्षक रामनारायण बिश्नोई ने हरी झंडी दिखाकर कलेक्ट्रेट परिसर से इस रथ रवाना किया।
राजस्थान महिला कल्याण मंडल, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के जिला समन्वयक अमित कुमार ने बताया कि बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह मुक्त भारत रथ यात्रा आगामी दिनों में जिले के अलग-अलग ब्लॉक क्षेत्रों में जाएगा। रथ के माध्यम से ऑडियो संदेश, पोस्टर, पंपलेट जनसंवाद एवं शपथ कार्यक्रम के द्वारा आम जन को जागरूक किया जाएगा व आमजन को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत 18 वर्ष से कम आयु की लड़की व 21 वर्ष से कम आयु के लड़के की शादी नहीं करवाने व बाल विवाह के दुष्परिणाम जी बारे में जानकारी दी जाएगी व शपथ दिलाकर जागरूक किया जाएगा। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जुगल किशोर व्यास ने बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई व शपथ दिलवाई। बाल विवाह मुक्ति रथ खारा व बीछवाल गाँव, अंत्योदय नगर, नयाशहर आदि क्षेत्रों मे पहुंचा व ग्रामीणों द्वारा रथ का स्वागत किया गया। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति से जंमजय व्यास, हाजरा बानो, सुनीता, किशोर न्याय बोर्ड से किरण गौड़, कमल, चाइल्ड हेल्पलाइन से प्रवेश व राजस्थान महिला कल्याण मंडल से पिंकी जनागल, बाबूलाल, न्याय मित्र अनिल तिवारी, गुरसेवक, एडवोकेट सुनील भाटी मौजूद रहे।
======
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सम्मान समारोह 7 मार्च को
बीकानेर, 6 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग, बीकानेर महिला उत्थान एवं जागृति समिति तथा अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में महिला सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार को दोपहर 2 बजे से धरणीधर ऑडिटोरियम में किया जाएगा। कार्यक्रम में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सुमन छाजेड़, कौशल शर्मा, दीपक पारीक, महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना, थानाधिकारी कविता पूनिया, सहायक पर्यटन अधिकारी नेहा शेखावत, वर्णिका, सरोज बिस्सा मौजूद रहेंगी।
=========

एसकेआरएयू का 22वां दीक्षांत समारोह 13 मार्च को

राज्यपाल सौंपेंगे 1694 विद्यार्थियों को उपाधियाँ, स्वर्ण पदकों से चमकेंगे मेधावी चेहरे

बीकानेर, 6 मार्च । स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (SKRAU) अपना 22वां दीक्षांत समारोह आगामी 13 मार्च को अत्यंत भव्यता के साथ आयोजित करने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित समारोह की अध्यक्षता राजस्थान के राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागडे करेंगे। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस दीक्षांत उत्सव में कृषि और विज्ञान के क्षेत्र में भविष्य गढ़ने वाले सैंकड़ों युवाओं को उनके शैक्षणिक पुरुषार्थ का फल मिलेगा।

समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल तथा राज्य के कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा शिरकत करेंगे। दीक्षांत अतिथि के तौर पर भारत सरकार के पादप किस्मों के संरक्षण एवं किसान अधिकार प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रो. त्रिलोचन मोहपात्रा उपस्थित रहेंगे। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को कुलगुरु प्रो. राजेन्द्र बाबू दुबे ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें विभिन्न समितियों ने अपनी प्रगति का प्रेजेंटेशन दिया।

डिग्रियों का आंकड़ा: 1694 छात्र बनेंगे स्नातक और शोधार्थी
कुलसचिव डॉ. देवा राम सैनी ने बताया कि समारोह में विभिन्न संकायों के कुल 1694 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। इनमें कृषि संकाय के सबसे अधिक 1475 स्नातक (UG), 52 स्नातकोत्तर (PG) और 31 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, सामुदायिक विज्ञान और आईएबीएम (IABM) के प्रतिभावान छात्रों को भी राज्यपाल के हाथों डिग्रियाँ प्राप्त करने का गौरव हासिल होगा।

मेधावियों पर होगी स्वर्ण वर्षा
परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेंद्र सिंह राठौड़ के अनुसार, शैक्षणिक उत्कृष्टता प्रदर्शित करने वाले 17 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक (Gold Medals) से नवाजा जाएगा। समारोह का मुख्य आकर्षण ‘कुलाधिपति स्वर्ण पदक’ (Chancellor’s Gold Medal) होगा, जो स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के दो सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्राओं को प्रदान किया जाएगा।

बैठक के दौरान कुलगुरु प्रो. दुबे ने सभी समितियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समय सीमा में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के कड़े निर्देश दिए। इस अवसर पर अनुसंधान निदेशक डॉ. एन.के. शर्मा, प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. दीपाली धवन सहित विश्वविद्यालय के सभी वरिष्ठ अधिष्ठाता और अधिकारी मौजूद रहे।

===========

जिला कलेक्टर ने की ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान की समीक्षा, 8 मार्च को होगा भव्य आयोजन

बीकानेर, 6 मार्च । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन बीकानेर महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई इबारत लिखने को तैयार है। शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में ‘जिला स्तरीय टास्क फोर्स’ एवं ‘महिला समाधान समिति’ की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अभियान की वास्तविक सार्थकता तभी है जब जिले की अंतिम छोर पर बैठी बालिका भी शिक्षित और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने।

जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। आगामी 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए उन्होंने पन्नाधाय सुरक्षा सम्मान योजना के तहत दिए जाने वाले पुरस्कारों के चयन में पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने महिला अधिकारिता विभाग को निर्देश दिए कि इस वर्ष के आयोजन केवल रस्म अदायगी न होकर समाज में सार्थक संदेश देने वाले होने चाहिए।

र्ष 2026 की थीम: “गिव टू गेन” (उदारता और सहयोग)
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सोहन लाल ने बैठक में जानकारी दी कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस “गिव टू गेन” थीम पर आधारित होगा। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की सशक्त भूमिका स्थापित करने के लिए सभी विभागों को उदारता और आपसी सहयोग के साथ समन्वय स्थापित करना होगा। वहीं, महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक सुश्री अनुराधा माथुर ने ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पीड़ित महिलाओं को 24 घंटे सुरक्षा और विधिक सहायता सुनिश्चित की जा रही है।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध और महिला बाल विकास उपनिदेशक श्री सुभाष विश्नोई सहित विभिन्न विभागों के आलाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से उम्मीद जगी है कि इस वर्ष महिला दिवस पर बीकानेर में ‘नारी शक्ति’ का एक नया स्वरूप देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *