बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
ram Ratan Kochar
  • अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम रविवार को, महिलाओं के सम्मान व सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस

बीकानेर, 7 मार्च। जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के सौजन्य से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को रवीन्द्र रंगमंच में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने बताया कि इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष सक्रिय रूप से भागीदारी निभाते हुए महिलाओं से संबंधित कई कार्यक्रम आयोजित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान हनुमानगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी एलईडी के माध्यम से दिखाया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा तथा उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी महिलाओं से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत महिला अधिकारिता विभाग द्वारा पन्नाधाय सुरक्षा सम्मान योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं साथिनों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त समेकित बाल विकास सेवाएं के तहत यशोदा पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में राजीविका के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को 9 टैबलेट वितरित किए जाएंगे। वहीं महिलाओं को पीपीटी के माध्यम से पीसीपीएनडीटी अधिनियम के बारे में जानकारी दी जाएगी तथा जीपीएफ-एसआई द्वारा जागरूकता अभियान के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास, जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि, श्रीमती सुमन छाजेड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
डॉ. अनुराधा सक्सेना ने बताया कि धरणीधर मंदिर में आयोजित महिला सम्मान समारोह एवं गणगौर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग की ओर से प्रतियोगिता के विजेताओं और प्रतिभागियों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के लोगो युक्त मेकअप किट एवं विभागीय प्रचार-प्रसार सामग्री देकर सम्मानित किया गया। साथ ही महिलाओं को विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा उद्यमशीलता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
=====

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी सौरभ राय राठौड़ का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन
सिविल सेवा समाज सेवा का सशक्त माध्यम : प्रो.अखिल रंजन गर्ग , कुलगुरु

pop ronak

बीकानेर, 07 मार्च, संघ लोक सेवा आयोग नई, दिल्ली द्वारा आयोजित भारतीय प्रशासनिक सेवा के घोषित मुख्य परिणाम में बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के संघटक महाविद्यालय यूनिवर्सिटी ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूसीईटी) के पूर्व विद्यार्थी सौरभ राय राठौड़ का भारतीय प्रशासनिक सेवा में अंतिम रूप से 871वीं रैंक के साथ चयन हुआ हैं। बीटीयू जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया की वर्तमान में सौरभ राय भारतीय वन सेवा के अधिकारी हैं और नेशनल फॉरेस्ट एकेडमी-देहरादून में प्रशिक्षण ले रहे हैं। सौरभ मूलतः पाली जिले के शिवतलाव गांव के रहने वाले हैं। सौरभ के पिता लखमन राय राठौड़ उदयपुर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। वर्ष 2023 में सौरभ राय का भारतीय वन सेवा में भी चयन हुआ था। बीटेक स्नातक और इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के विद्यार्थी सौरभ अध्ययन काल से ही मेधावी और प्रतिभावान रहे हैं। सौरभ ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों के बल पर संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रो.अखिल रंजन गर्ग ने सौरभ राय को शुभकामनाए प्रदान करते हुए कहा कि सिविल सेवा केवल एक करियर विकल्प ही नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। सिविल सेवा का करियर युवाओं को व्यापक दृष्टिकोण, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का अवसर देता है। बीटीयू का प्रयास है कि हम रोजगार नियोजन की दिशा में और मजबूती के साथ काम कर ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों के सशक्तिकरण और उन्नति के पुरजोर प्रयास करेंगे। यूसीईटी प्राचार्य डॉ परबंत सिंह संधू ने कहा कि सौरभ की सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। सिविल सेवा में आने के लिए युवाओं में अनुशासन, समर्पण, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच का होना अत्यंत आवश्यक है।

सौरभ राय ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा विश्वविद्यालय के अनुकूल शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों का विषय है। उन्होंने बताया कि सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के दौरान निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अध्ययनकाल में विश्वविद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग ने उन्हें हमेशा प्रेरित किया। उन्होंने युवा विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसके प्रति समर्पण के साथ लगातार प्रयास किया जाए तो कोई भी उपलब्धि असंभव नहीं होती।
============
उच्च तापमान से गेहूं फसल बचाव हेतु एडवाइजरी जारी

बीकानेर, 7 मार्च। मार्च में तापमान तेजी से बढ़ने के कारण गेहूँ की फसल पर उच्च तापमान का प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। अधिक तापमान के कारण दानों के भराव की प्रक्रिया प्रभावित होती है, जिससे दाने छोटे और हल्के रह जाते हैं तथा कुल उत्पादन में कमी आ सकती है। कृषि अनुसंधान केंद्र, स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के शस्य वैज्ञानिक प्रो. अमर सिंह गोदारा ने बताया कि बढ़े हुए

तापमान से गेहूं की फसल में होने वाले नुकसान को कम करने के लिए किसान भाई निम्नलिखित उपाय करें:
पोटेशियम नाइट्रेट का छिड़काव

यदि दिन का तापमान 32°C से अधिक हो जाए तो गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए 2.0 प्रतिशत पोटेशियम नाइट्रेट (13:00:45) का छिड़काव करें। इसके लिए 2.5 किलोग्राम पोटेशियम नाइट्रेट (KNO₃) को 125 लीटर पानी में घोलकर प्रति बीघा की दर से फसल पर छिड़काव करें।
सिंचाई प्रबंधन
उच्च तापमान के प्रभाव को कम करने के लिए फसल में अतिरिक्त सिंचाई कर खेत में नमी बनाये रखे।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि किसान ध्यान रखें कि तेज हवा चलने के समय सिंचाई न करें, क्योंकि इससे फसल के गिरने की संभावना बढ़ जाती है।
===========
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का जिला स्तरीय वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित

बीकानेर, 7 मार्च। गर्भवतियों की हर माह 9, 18 तथा 27 तारीख को निशुल्क चिकित्सकीय प्रसव पूर्व जांच के लिए देश भर में चलाए चल रहे प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट सेवा प्रदाताओं को जिला स्तरीय पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया गया। शनिवार को स्थानीय रेस्टोरेंट सभागार में आयोजित समारोह में उपनिदेशक डॉ राहुल हर्ष, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पुखराज साध, जिला प्रजनन अस्पताल शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ भवानी शंकर गहलोत ने विजेताओं को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

कार्यक्रम के दौरान उपनिदेशक बीकानेर जोन डॉ. राहुल हर्ष ने कहा कि वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू किए गए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 तारीख को सभी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा प्रसव पूर्व जांच की जाती है। बाद में इसे विस्तारित करते हुए 18 एवं 27 तारीख को भी यह सेवाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य “मां वाउचर योजना” के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को निशुल्क सोनोग्राफी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने कहा कि सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने के लिए पीएचसी, सीएचसी, उपकेंद्रों तथा अस्पतालों में ओपीडी व आईपीडी सेवाओं का अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण संचालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक अस्पताल से प्रतिदिन ओडीके ऐप के माध्यम से ऑनलाइन रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डॉ. साध ने बताया कि विभागीय प्रयासों से शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) तथा मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) में उल्लेखनीय कमी आई है, हालांकि लक्ष्य अभी भी दूर है और इसके लिए सभी को समर्पित प्रयास करने होंगे।

आरसीएचओ डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न घटकों जैसे एएनसी, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, मां वाउचर योजना, पीएमएसएमए तथा किलकारी मोबाइल सेवा की प्रगति प्रस्तुत करते हुए सम्मानित कार्मिकों को बधाई दी।

डिप्टी सीएमएचओ (स्वास्थ्य) डॉ. लोकेश गुप्ता ने सुरक्षित मातृत्व के साथ-साथ ब्रेस्ट कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर की नियमित स्क्रीनिंग को भी मातृ स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण अंग बताया। जिला टीबी अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर मोदी ने मातृ स्वास्थ्य सेवाओं के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य, सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स तथा आईएमआर-एमएमआर के डेमोग्राफिक विश्लेषण पर प्रकाश डाला। जिला ड्रग वेयरहाउस प्रभारी डॉ. नवल किशोर गुप्ता ने कहा कि अधिकांश क्षेत्रों में स्टाफ की उपलब्धता पर्याप्त है, आवश्यकता है जिम्मेदारीपूर्वक सेवाएं देने की। जिला गुणवत्ता प्रबंधक सुनील सेन ने लेबर रूम प्रोटोकॉल, प्रसव वॉच कार्यक्रम एवं सुरक्षित डिलीवरी प्रबंधन पर तकनीकी प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम समन्वयक मालकोश आचार्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला पीसीपीएनडीटी समन्वयक महेंद्र सिंह चारण, ब्लॉक सीएमओ डॉ. कैलाश गहलोत, डॉ. विभय तवर, डॉ. शिवराज सिद्ध, डॉ दुर्गा टाक, बीपीओ हेतराम बेनीवाल, फारूक कोहरी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संचालन एवं प्रबंधन में कैलाश तवर, विनीत पुरोहित एवं तुषार पवार का सहयोग रहा।

ये हुए सम्मानित
आरसीएच इंडिकेटर्स में उत्कृष्ट योगदान के लिए उपस्वास्थ्य केंद्र भुट्टों का कुआँ, मलकीसर छोटा, अथाना जोहड़, मयासर, कोडमदेसर, भरूपावा, बांगडसर, 5 पीएचएम, सीएचसी कक्कू तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फोर्ट डिस्पेंसरी की महिला स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया। विशेष योगदान श्रेणी में गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. जुगल किशोर छाबड़ा, ब्लॉक सीएमओ बीकानेर एवं कोलायत डॉ. सुनील जैन, जेएसए मनीष गोस्वामी, सहयोगी संस्थान जपाईगो के प्रतिनिधि जीवराज सिंह तथा रियायती दरों पर सोनोग्राफी सेवाओं के लिए बजरंग डायग्नॉस्टिक सेंटर नोखा को सम्मानित किया गया।
======
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अस्मिता लीग दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को

बीकानेर, 7 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को बीकानेर में महिलाओं और बालिकाओं के लिए अस्मिता लीग दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता बीकानेर जिला प्रशासन तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत केंद्र, साइन स्पोर्ट्स अकैडमी और जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी।
यह खेल उत्सव रविवार को प्रातः 9 बजे श्री करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले की महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम खेलो इंडिया और अस्मिता लीग इनिशिएटिव के तहत आयोजित किया जा रहा है।

जिला युवा अधिकारी रूबी पाल ने बताया कि प्रतियोगिताओं को तीन आयु वर्गों में विभाजित किया गया है। पहला वर्ग 13 वर्ष से कम, दूसरा वर्ग 13 से 18 वर्ष तथा तीसरा वर्ग 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं एवं बालिकाएं होंगी। इन आयु वर्गों में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता के साथ-साथ रस्साकशी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने वाली सभी महिला एवं बालिका प्रतिभागियों के लिए अस्मिता पोर्टल या खेलो इंडिया पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा। कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष तथा माय भारत केंद्र कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *