बीकानेर सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार


विधि माप विज्ञान विभाग की कार्रवाई, नोखा में अनियमितताएं पाए जाने पर की कार्रवाई


बीकानेर, 19 मार्च। विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा आमजन के हितों और व्यापारिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण के दौरान बुधवार को नोखा में विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई।


निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने राजू फूड प्रोडक्ट्स (नवरंग ब्रांड), नोखा जी फूड प्रोडक्ट, मां वैष्णव ज्वेलर्स (पब्लिक पार्क के पीछे) पर छापा मारकर जांच की। विधि माप विज्ञान अधिकारी दीपक पूनिया ने बताया कि कार्रवाई के तहत राजू फूड प्रोडेक्टस पर आवश्यक घोषणाओं की कमी पाई गई तथा तीनों फर्मों पर कुल चार इलेक्ट्रॉनिक कांटे असत्यापित पाए गए। तीनों फार्मो पर कुल ग्यारह हजार पांच सौ रुपए का चालान कर पाई गई कमियों को दूर करने के लिए पाबंद किया गया।
=========
राजस्थान दिवस सप्ताह : संग्रहालय में स्मारकों की छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित
बीकानेर, 19 मार्च। राजस्थान दिवस सप्ताह-2026 के तहत गुरुवार को गंगा राजकीय संग्रहालय परिसर में बीकानेर वृत्ताधीन चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर एवं बीकानेर जिले के संरक्षित स्मारकों की छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित की गई।
प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शकों को इन ऐतिहासिक स्मारकों की पृष्ठभूमि, स्थापत्य कला एवं ऐतिहासिक महत्व की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
आकर्षक छायाचित्रों के जरिए क्षेत्र की समृद्ध धरोहर को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं आमजन पहुंचे।
इतिहास की छात्रा दिव्यज्योति हर्ष ने बताया कि इस प्रकार की प्रदर्शनी से बीकानेर संभाग के स्मारकों के इतिहास को समझने का अच्छा अवसर मिलता है। साथ ही यह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी उपयोगी सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनी से लोगों में इन स्मारकों को प्रत्यक्ष रूप से देखने की उत्सुकता बढ़ेगी, जिससे पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
=========
पांच साल बाद फिर शुरू हुआ राजीव गांधी तरणताल, विधायक जेठानंद व्यास ने किया शुभारम्भ
बीकानेर, 19 मार्च। राजकीय एमएम खेल मैदान स्थित राजीव गांधी तरणताल एक बार फिर से शुरू हो गया है। विधायक जेठानंद व्यास के प्रयासों से इस तरणताल का नवीनीकरण करवाया गया और अब यह आमजन व तैराकों के लिए खोल दिया गया है। विधायक ने गुरुवार को इसे पुनः शुरू किया।
बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा करीब 19 लाख 50 हजार रुपये की लागत से तरणताल का नवीनीकरण किया गया। लंबे समय से बंद पड़े इस स्विमिंग पूल को फिर से चालू कराने के लिए विधायक व्यास पिछले कई महीनों से लगातार प्रयासरत थे। अब नवीनीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद इसका उद्घाटन कर दिया गया और जल्द ही यहां नियमित रूप से तैराकी शुरू हो जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बना है तरणताल
एमएम ग्राउंड में बना राजीव गांधी तरणताल अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। यह 25 बाय 50 मीटर का तरणताल है, जिससे भविष्य में यहां जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिताएं आयोजित किए जाने की भी संभावना बढ़ गई है।
=========
भारत सरकार के उच्चाधिकारियों के निर्देशन में आपदा प्रबंधन और जन स्वास्थ्य इमरजेंसी हेतु बीकानेर संभाग के ‘मास्टर ट्रेनर्स’ को दिया प्रशिक्षण
बीकानेर, 19 मार्च। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC), राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान (NIDM) और यू.एस. सीडीसी (CDC) इंडिया के सहयोग से बुधवार एवं गुरुवार को बीकानेर में ‘सामुदायिक आधारित सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल एवं आपदा प्रबंधन’ (CB-PHEDM) पर दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम (ToT) आयोजित किया गया। बीकानेर ज़ोन के चारों जिलों (बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़) के 39 अधिकारियों ने इस प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाकर मास्टर ट्रेनर के रूप में दक्षता हासिल की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की, जिनमें पूर्व कैबिनेट सचिव, भारत सरकार श्री अजीत सेठ, अतिरिक्त निदेशक (ग्रामीण स्वास्थ्य) डॉ. प्रवीण असवाल, क्षेत्रीय निदेशक, उदयपुर डॉ. नवीन चारंग, संयुक्त निदेशक, आईडीएसपी, एनसीडीसी (NCDC); डॉ. सौरभ गोयल, कार्यक्रम निदेशक, डीजीएचपी, सीडीसी-इंडिया (CDC-India); डॉ. रूना हट्टी गोखले, संयुक्त निदेशक, आपदा प्रबंधन, राजस्थान; डॉ. मुकेश विजयवर्गीय, संयुक्त निदेशक, बीकानेर; डॉ. देवेंद्र चौधरी, पूर्व निदेशक, एनसीडीसी (NCDC) डॉ सुजीत सिंह तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, सीडीसी-इंडिया (CDC-India) डॉ. रजत गर्ग शामिल रहे।
बीकानेर से डिप्टी सीएमएचओ स्वास्थ्य डॉ लोकेश गुप्ता, डॉ अनिल वर्मा, डॉ गौतम लूनिया, एपिडेमियोलॉजिस्ट नीलम प्रताप सिंह राठौड़, डॉ भरत ओझा, डाटा मैनेजर प्रदीप चौहान, डीपीसी रेनू बिस्सा, मोनिका शर्मा सहित चारों जिलों के अधिकारी कार्मिक शामिल हुए।
प्रधानमंत्री के आपदा जोखिम प्रबंधन एजेंडा को मिलेगी मजबूती
यह पहल माननीय प्रधानमंत्री के आपदा जोखिम प्रबंधन संबंधी ‘दस सूत्रीय एजेंडा’ के अनुरूप है। इसका उद्देश्य स्थानीय क्षमता निर्माण और गांवों को आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर अब सामुदायिक स्तर पर जोखिम की समयपूर्व पहचान और त्वरित प्रतिक्रिया हेतु टियर-I एवं टियर-II प्रशिक्षणों का नेतृत्व करेंगे। इस उपलब्धि के साथ राजस्थान में ज़ोनल स्तर के सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण हो गए हैं। कुल 8 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 400 से अधिक अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में दक्ष बनाया गया है, जो भविष्य में किसी भी सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करेंगे।
========
राजस्थानी भाषा अकादमी की दो दिवसीय पुस्तक-प्रदर्शनी रही ज्ञानवर्द्धक
बीकानेर, 19मार्च। राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी की ओर से राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में अकादमी पुस्तकालय में आयोजित दो दिवसीय पुस्तक-प्रदर्शनी का गुरुवार को समापन हुआ। अकादमी सचिव शरद केवलिया ने बताया कि पुस्तक-प्रदर्शनी में गत 53 वर्षों से प्रकाशित हो रही अकादमी की मुखपत्रिका ‘जागती जोत‘ के सभी अंक रखे गये। इसके साथ ही अकादमी द्वारा प्रकाशित विविध विषयों की राजस्थानी पुस्तकें, अकादमी द्वारा दिये जाने वाले प्रकाशन-सहयोग के तहत प्रकाशित कुछ वर्षों की राजस्थानी पुस्तकें तथा पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकें भी प्रदर्शित की गईं।
*योजनाओं की ली जानकारी*- एक नवाचार के तहत प्रदर्शनी स्थल पर राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं, उपलब्धियों व बजट घोषणाओं जैसे महिला सशक्तीकरण, खेल, ऊर्जा, खाद्य, कृषि, सड़क, उद्योग, धरोहर संरक्षण, शिक्षा, आवास, जल, चिकित्सा, सामाजिक सुरक्षा आदि से संबधित जानकारी को फ्लैक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिसे प्रदर्शनी में आए युवाओं ने उपयोगी माना।
गुरुवार को प्रदर्शनी का बड़ी संख्या में साहित्यकारों, विद्यार्थियों, आमजन ने अवलोकन किया। डॉ. नमामीशंकर आचार्य, महेश उपाध्याय ने कहा कि पुस्तक-प्रदर्शनी से विशेषकर बच्चे पुस्तकें पढ़ने के प्रति प्रेरित-प्रोत्साहित होंगे। संत साईंनाथ पब्लिक स्कूल, श्रीरामसर के विद्यार्थियों व अध्यापकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। शिक्षक प्रहलाद पुरोहित, भास्कर आचार्य, भावना आचार्य ने कहा कि पुस्तक-प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक सिद्ध होगी। रेणुका पंवार, प्रभा टाक, विराज गिरि, कुसुम सेन, वरुण पंवार आदि विद्यार्थियों ने पुस्तक-प्रदर्शनी में रखी गई राजस्थानी बाल-साहित्य से संबंधित पुस्तकों को मनोरंजक बताया। विद्यार्थियों ने पुस्तकालय में बैठकर अपनी पसंदीदा पुस्तकों का अध्ययन भी किया।
================
राजस्थान दिवस 2026- बीकानेर में बिखरे लोक संस्कृति के रंग,
चिकित्सा मंत्री की मौजूदगी में सजी भव्य सांस्कृतिक संध्या
बीकानेर, 19 मार्च । राजस्थान स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में आज बीकानेर की शाम लोक संस्कृति के नाम रही। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सांस्कृतिक संध्या’ ने बीकानेर के दर्शकों को राजस्थानी कला और संगीत के जादू से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पारंपरिक गायन और लोक नृत्यों की वे प्रस्तुतियां रहीं, जिन्होंने मरुधरा की समृद्ध विरासत को जीवंत कर दिया।
गणमान्य अतिथियों ने किया दीप प्रज्वलन
समारोह का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने किया। उनके साथ बीकानेर पूर्व विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी और जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान समूचा वातावरण ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
हवेली संगीत और गणगौर नृत्य ने मोहा मन
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला नारायण रंगा और उनके दल द्वारा प्रस्तुत ‘हवेली संगीत’ से शुरू हुआ। उनके गायन ‘हे री सखी…’ ने श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। इसके बाद गिरीश एवं दल ने गणगौर गायन के माध्यम से बीकानेर की संस्कृति को प्रस्तुत किया।
लोक नृत्य: वर्षा सैनी और उनके दल ने हैरतअंगेज ‘भवई-तराजू नृत्य’ पेश किया, जबकि शोभा सुथार के ‘गणगौर नृत्य’ और वसीम एवं दल के राजस्थानी लोक नृत्यों ने दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
सूफी और मांड गायन: अफसान खान ने लंगा गायन और माने खां ने अपनी मखमली आवाज में ‘मांड गायन’ पेश कर शाम को यादगार बना दिया।
मुख्यमंत्री की पहल: 14 से 19 मार्च तक चला उत्सव
इस अवसर पर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की अनूठी पहल पर इस वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को ‘राजस्थान दिवस’ के रूप में भव्यता से मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 14 मार्च से शुरू हुए इस उत्सव के माध्यम से राज्य सरकार ने प्रत्येक वर्ग को सौगातें दी हैं और प्रदेश की बहुरंगी संस्कृति को जन-जन तक पहुँचाया है।
प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) आयुक्त श्रीमती अपर्णा गुप्ता, भाजपा नेता श्याम पंचारिया, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा और पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन संजय पुरोहित द्वारा किया गया और समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
================
बीकानेर विकास की नई राह, प्रभारी मंत्री खींवसर ने परखीं योजनाएं; मोठ को जीआई टैग और सोलर हब बनाने पर जोर
बीकानेर, 19 मार्च । राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री व बीकानेर जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक मैराथन समीक्षा बैठक ली। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु जिले की बजट घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन, ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता रहा। मंत्री ने दोटूक शब्दों में कहा कि बजट घोषणाओं को पूरा करने में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गैस संकट पर बड़ी राहत: सोमवार से बढ़ जाएगी व्यावसायिक आपूर्ति
पिछले कुछ दिनों से शहर में जारी गैस किल्लत पर चर्चा करते हुए जिला रसद अधिकारी ने आश्वस्त किया कि घरेलू गैस की आपूर्ति अब सुचारू है।
व्यावसायिक सिलेंडर: होटल और उद्योगों के लिए राहत की खबर है कि आगामी सोमवार से 20 फीसदी अतिरिक्त व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी, जिससे बाजार में व्याप्त संकट दूर होने की उम्मीद है।
बीकानेर की पहचान ‘मोठ’ को मिलेगा ग्लोबल टैग (GI Tag)
एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) के तहत बीकानेर की ‘मोठ’ को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की कवायद तेज हो गई है।
प्रोसेसिंग यूनिट: जिले में 6 करोड़ रुपये की लागत से मोठ प्रोसेसिंग यूनिट लगाने पर विचार किया जा रहा है।
ऑर्गेनिक ब्रांडिंग: प्रभारी सचिव देबाशीष पृष्टी ने सुझाव दिया कि बीकानेर के प्रसिद्ध ‘ऑर्गेनिक भुजिया’ को प्रमोट कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सकती है।
रेलवे फाटक और बुनियादी ढांचे की समय सीमा तय
शहरवासियों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं:
कोटगेट-सांखला फाटक: पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट का कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
लालगढ़ आरओबी: इस ओवरब्रिज का 90 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे जल्द ही यातायात सुगम होगा।
शिक्षा: जिले के 680 जर्जर स्कूल भवनों में से 511 को हटा दिया गया है, जबकि 96 में मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। फोर्ट स्कूल की हेरिटेज बिल्डिंग के लिए ADB से 10 करोड़ रुपये दिलाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
ऊर्जा और नवाचार: पूगल बनेगा सोलर पावर हाउस
राजस्थान को बिजली में आत्मनिर्भर बनाने के लिए बीकानेर एक बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है।
2450 मेगावाट प्रोजेक्ट: पूगल में विशाल सरकारी सोलर पार्क का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसमें 900 मेगावाट का बैटरी बैकअप भी शामिल होगा।
सरकारी पेट्रोल पंप: पंचायत समिति की जमीन पर इंडियन ऑयल खुद का पेट्रोल पंप संचालित करने की योजना बना रहा है, जिससे सरकार को राजस्व और जनता को शुद्ध ईंधन मिलेगा।
किसान हित: सोलर पंप सब्सिडी पर चर्चा
पश्चिमी राजस्थान की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए जिला परिषद सीईओ ने मांग रखी कि यहाँ पानी गहरा होने के कारण सब्सिडी का दायरा 10 किलोवाट से बढ़ाकर 50 किलोवाट किया जाए। प्रभारी मंत्री ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार से विशेष नीति बनाने का आश्वासन दिया।
