अब एक ‘स्मार्ट कार्ड’ से होगा साइबर ठगों का शिकार, बैंकों में लगेंगे विशेष क्यूआर कोड
अब एक 'स्मार्ट कार्ड' से होगा साइबर ठगों का शिकार, बैंकों में लगेंगे विशेष क्यूआर कोड


- बीकानेर पुलिस की डिजिटल स्ट्राइक
बीकानेर, 27 फरवरी। साइबर अपराधों के बढ़ते ग्राफ पर लगाम लगाने और आमजन की गाढ़ी कमाई को सुरक्षित रखने के लिए बीकानेर साइबर पुलिस स्टेशन ने एक क्रांतिकारी पहल की है। पुलिस ने एक “साइबर पुलिस डिजिटल सेवा कार्ड (Smart PDF)” तैयार किया है, जो नागरिकों के लिए किसी सुरक्षा कवच से कम नहीं है। इस पहल को धरातल पर उतारने के लिए बीकानेर के लीड बैंक कार्यालय ने जिले की समस्त बैंक शाखाओं को विशेष निर्देश जारी किए हैं।


बैंकों में दिखेंगे जागरूकता पोस्टर और क्यूआर कोड
लीड बैंक कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, बीकानेर की सभी बैंक शाखाओं को अब अपने मुख्य द्वार, कैश काउंटर और एटीएम जैसे प्रमुख स्थानों पर साइबर जागरूकता पोस्टर प्रदर्शित करने होंगे।


त्वरित सहायता: इस डिजिटल कार्ड का मुख्य उद्देश्य रिस्पॉन्स टाइम (प्रतिक्रिया समय) को कम करना है। साइबर ठगी होने पर नागरिक बिना समय गंवाए सीधे इस कार्ड के जरिए शिकायत दर्ज कर सकेंगे।
अपडेटेड वर्जन: नागरिकों को प्रेरित किया जाएगा कि वे पोस्टर पर दिए क्यूआर कोड को स्कैन करें, ताकि उन्हें भविष्य में भी इस डिजिटल कार्ड का अद्यतन (Updated) संस्करण मिलता रहे।
10-इन-1 डिजिटल सुरक्षा: एक क्लिक पर मिलेंगी ये सुविधाएँ
इस ‘स्मार्ट पीडीएफ’ कार्ड में 10 ऐसी महत्वपूर्ण सेवाएँ जोड़ी गई हैं, जो एक आम नागरिक के डिजिटल जीवन को सुरक्षित बनाएंगी. निवेशक सुरक्षा (Investment Safeguard): किसी भी यूपीआई आईडी या बैंक खाते को निवेश से पहले सत्यापित करें कि वह SEBI में पंजीकृत है या नहीं।
गुम मोबाइल की रिपोर्ट (CEIR): चोरी या खोए हुए मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक करने की सुविधा।
आधार-सिम लिंक (TAF-COP): आपके आधार पर कितनी सिम चल रही हैं, इसकी जानकारी लें और फर्जी नंबर बंद करवाएं।
साइबर हेल्पलाइन: राष्ट्रीय नंबर 1930 और बीकानेर साइबर थाना नंबर 7877045498 पर सीधा संपर्क।
निजी सामग्री सुरक्षा (StopNCII): बिना सहमति के वायरल हुए निजी फोटो/वीडियो को इंटरनेट से हटवाने की सुरक्षित सुविधा।
फर्जी कॉल रिपोर्ट: ‘संचार साथी’ पोर्टल के जरिए संदिग्ध कॉल्स की शिकायत।
M-Kavach 2 ऐप: मोबाइल को मालवेयर और एडवेयर से बचाने के लिए सुरक्षा ऐप।
वित्तीय साक्षरता की ओर बड़ा कदम
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बीकानेर पुलिस और बैंकिंग सेक्टर का यह समन्वय देश में एक मॉडल बन सकता है। साइबर पुलिस स्टेशन बीकानेर के अनुसार, जागरूकता ही बचाव का सबसे बड़ा हथियार है। इस डिजिटल कार्ड के माध्यम से नागरिक न केवल ठगी की रिपोर्ट कर सकेंगे, बल्कि सोशल मीडिया चैनलों के माध्यम से नवीनतम साइबर खतरों से अपडेट भी रह सकेंगे।
