हिन्दु धर्मयात्रा के लिए जुटा व्यापार जगत, गणेश बोथरा ने बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल से मांगी भागीदारी, जुगल राठी ने दिया पूर्ण समर्थन
हिन्दु धर्मयात्रा के लिए जुटा व्यापार जगत



बीकानेर, 7 मार्च । आगामी 19 मार्च को हिंदू नव संवत्सर के उपलक्ष्य में निकलने वाली भव्य धर्मयात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में भारतीय नववर्ष समारोह समिति के अध्यक्ष गणेश बोथरा और सह-संयोजक विजय कोचर ने शनिवार को बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के पदाधिकारियों से मुलाकात कर इस सांस्कृतिक महोत्सव में सक्रिय सहभागिता की अपील की।


नववर्ष समारोह समिति के अध्यक्ष गणेश बोथरा ने व्यापार मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी और सचिव संजय जैन सांड से आग्रह किया कि बीकानेर के व्यापार और उद्योग जगत से जुड़ी तमाम संस्थाएं इस धर्मयात्रा का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का सहयोग न केवल यात्रा की शोभा बढ़ाएगा, बल्कि सामाजिक एकता का एक मजबूत संदेश भी देगा।


व्यापार मंडल निभाएगा सक्रिय भूमिका
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने समिति को आश्वस्त किया कि व्यापार जगत इस धर्मयात्रा में अपनी पूरी ताकत और उत्साह के साथ शामिल होगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मंडल से जुड़ी सभी सहभागी संस्थाएं इस आयोजन को सफल बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगी।
गणेश बोथरा का हुआ भव्य अभिनंदन
व्यापार मंडल कार्यालय पहुँचने पर गणेश बोथरा का समिति का अध्यक्ष बनने पर जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया। इस दौरान वेद अग्रवाल, परविंदर सिंह, प्रेम रतन जोशी, सुशील यादव, हरिओम पुरोहित, शांतिलाल कोचर और रविन्द्र शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने बोथरा का अभिनंदन किया। उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने एक स्वर में धर्मयात्रा को बीकानेर के गौरव का प्रतीक बनाने का संकल्प लिया।
