खेल से नाता जोड़ो, नशे से रिश्ता तोड़ो, बीकानेर में सजेगा ‘समर मिस्टर राजस्थान 2026’ का मंच
बीकानेर में सजेगा 'समर मिस्टर राजस्थान 2026' का मंच



बीकानेर। 5 अप्रैल। बीकानेर के खेल प्रेमियों और बॉडी बिल्डिंग के दीवानों के लिए आज का दिन बेहद खास होने वाला है। स्व. जेठमल जी भाटी की पुण्य स्मृति में कम्यूनिटी वेलफेयर सोसायटी और राजस्थान स्टेट बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘पांचवीं समर मिस्टर राजस्थान स्टेट बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप 2026’ का भव्य आयोजन रविवार पुष्करणा स्टेडियम में किया जा रहा है।


नशे के खिलाफ खेलों का शंखनाद
प्रतियोगिता का मुख्य ध्येय “खेल से नाता जोड़ो और नशे से रिश्ता तोड़ो” रखा गया है। कम्यूनिटी वेलफेयर सोसायटी के संरक्षक राजकुमार किराडू ने बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे की गर्त से निकालकर फिटनेस और खेलों के प्रति जागरूक करना है। शनिवार को जिम संचालकों और खेल प्रेमियों की तैयारी बैठक में आयोजन को अंतिम रूप दिया गया, जिसकी समीक्षा राजस्थान बॉडी बिल्डिंग संघ के अध्यक्ष नवीन यादव और अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने की।


लाखों के पुरस्कारों की होगी बौछार
प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए बॉडी बिल्डर्स अपनी मसल्स और फिटनेस का लोहा मनवाएंगे। विजेताओं के लिए आकर्षक इनाम रखे गए हैं:
- समर मिस्टर राजस्थान (प्रथम): 71,000 रुपये
- द्वितीय स्थान: 51,000 रुपये
- तृतीय स्थान (बेस्ट पोजर): 31,000 रुपये
इसके अलावा प्रत्येक भार वर्ग में प्रथम तीन विजेताओं को क्रमशः 5000, 3000 और 2000 रुपये की नकद राशि दी जाएगी।
पारदर्शिता के लिए ‘ऑन-स्क्रीन’ वेट और CCTV
आयोजन को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। खिलाड़ियों का वजन (Body Weight) ऑन-स्क्रीन प्रदर्शित किया जाएगा ताकि कोई संशय न रहे। पूरे परिसर में CCTV कैमरे लगाए गए हैं और निर्णय प्रक्रिया के लिए प्रदेश के अनुभवी जूरी सदस्यों का पैनल नियुक्त किया गया है।
रविवार का कार्यक्रम शिड्यूल:
प्रातः 08:00 बजे: टीमों का आगमन। प्रातः 10:00 बजे: वेटिंग (वजन) प्रक्रिया। सायं 05:00 बजे: मुख्य प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह।
तैयारी बैठक में प्रेम कुमार व्यास, विक्रम सिंह चौहान, सत्यनारायण व्यास, शिवरतन रंगा सहित बीकानेर के अनेक जिम संचालक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
