बीकानेर में ‘थम्भ पूजन’ के साथ होली का श्रीगणेश, परकोटे के भीतर गूंजी चंग की थाप, 3 मार्च तक चलेगा फाग का उल्लास
बीकानेर में 'थम्भ पूजन' के साथ होली का श्रीगणेश


बीकानेर, 23 फरवरी। थार मरुस्थल की सांस्कृतिक राजधानी बीकानेर में सोमवार को रियासतकालीन परंपराओं के साथ ‘होली के उत्सव’ का विधिवत आगाज हो गया। परकोटे के भीतर स्थित ऐतिहासिक चौकों में थम्भ पूजन की रस्म अदा की गई, जिसके साथ ही शहर में रम्मतों, गेर और स्वांग का सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार को मरुनायक चौक, कीकाणी व्यासों का चौक और लालाणी व्यासों के चौक में शुभ मुहूर्त में लकड़ी का थम्भ स्थापित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। यह उत्सव 3 मार्च को धुलंडी (रंगोत्सव) के साथ संपन्न होगा।


बीकानेर की होली अपनी विशिष्ट ‘फक्कड़पन’ और लोक संस्कृति के लिए देशभर में विख्यात है। आगामी 24 फरवरी को मोहता चौक में बहुप्रतीक्षित भांग सम्मेलन का आयोजन होगा, वहीं नत्थूसर गेट पर फक्कड़दाता की रम्मत के साथ लोक नाट्य का दौर शुरू होगा। इसी क्रम में 26 फरवरी को बिस्सा चौक में ‘भक्त पूर्णमल की रम्मत’ और भट्टड़ों के चौक में प्रसिद्ध ‘स्वांग मेहरी रम्मत’ के मंचन के साथ लक्ष्मीनाथ मंदिर में फूलों की होली खेली जाएगी।


27 और 28 फरवरी को उत्सव अपने चरम पर होगा। 27 फरवरी को व्यास जाति की पारंपरिक गेर निकलेगी, जबकि 28 फरवरी को बीकानेर की अनूठी पहचान ‘हर्षों और व्यासों का पानी डोलची खेल’ आयोजित होगा। इसी दिन फागणियां फुटबॉल और आचार्य चौक में ‘अमर सिंह राठौड़ रम्मत’ का मंचन होगा। 1 मार्च को बारह गुवाड़ में ‘हड़ाऊ मेहरी रम्मत’ के बाद 2 मार्च को होलिका दहन और 3 मार्च को रंगोत्सव के साथ रंगों का यह त्योहार विदा लेगा।
जस्सूसर गेट, नत्थूसर गेट, बड़ा बाजार और गंगाशहर जैसे क्षेत्रों में अब प्रतिदिन चंग की धमाल सुनाई देगी। थम्भ पूजन के साथ ही शहर के मांगलिक कार्यों पर विराम लग गया है और अब पूरा बीकानेर ‘होली है’ के उद्घोष के साथ फाग के रंगों में सराबोर नजर आएगा।
बीकानेर होली कैलेंडर: प्रमुख आयोजन एक नजर में
तिथि प्रमुख आयोजन स्थान
24 फरवरी भांग सम्मेलन एवं फक्कड़दाता रम्मत मोहता चौक / नत्थूसर गेट
26 फरवरी स्वांग मेहरी रम्मत एवं फूलों की होली भट्टड़ों का चौक /
27 फरवरी व्यास जाति की गेर एवं जमनादास कल्ला रम्मत कीकाणी व्यासों का चौक
28 फरवरी डोलची मार खेल एवं अमर सिंह राठौड़ रम्मत हर्षों-व्यासों का चौक / आचार्य चौक
02 मार्च होलिका दहन समस्त बीकानेर
03 मार्च धुलंडी (रंगोत्सव) संपूर्ण शहर
