खौफनाक वारदात- जेठ ने छोटे भाई की पत्नी को गोलियों से भूना
पटना में खौफनाक वारदात: जेठ ने छोटे भाई की पत्नी को गोलियों से भूना



- पहले भी भाई पर जानलेवा हमले का आरोपी रहा है श्लोक यादव
पटना। 7 अप्रैल। बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ पारिवारिक रंजिश के चलते एक युवक ने अपने ही छोटे भाई की पत्नी की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस नृशंस हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


करीब से मारी तीन गोलियां, मौके पर मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान मीरा देवी के रूप में हुई है। आरोपी श्लोक यादव और उसकी भाभी मीरा देवी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि श्लोक ने आपा खो दिया और अवैध हथियार निकालकर मीरा देवी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपी ने बेहद करीब से तीन गोलियां दागीं, जिससे मीरा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।


पति ने खुद को कमरे में बंद कर बचाई जान
वारदात के समय मृतका के पति भी घर में ही मौजूद थे। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर वे बुरी तरह सहम गए और अपनी जान बचाने के लिए तुरंत एक कमरे में घुसकर खुद को अंदर से लॉक कर लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी श्लोक यादव का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी अपने सगे भाई पर गोली चलाने के मामले में नामजद रह चुका है।
पुलिस की कार्रवाई: छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे जमीनी विवाद या गंभीर पारिवारिक रंजिश की बात सामने आ रही है।
बाढ़ थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी श्लोक यादव वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजने का दावा किया है।
