बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रानी बाजार के स्पा सेंटर पर छापा, अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त 4 युवक गिरफ्तार
बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रानी बाजार के स्पा सेंटर पर छापा



बीकानेर , 09 अप्रैल। बीकानेर की कोटगेट थाना पुलिस ने शहर में चल रही अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार रात रानी बाजार स्थित ‘सिल्वर स्क्वायर मॉल’ में संचालित ‘डिलाइट स्पा’ पर छापेमारी की। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर से अनैतिक कार्यों में संलिप्त चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें उत्तर प्रदेश और गुजरात के निवासी भी शामिल हैं।


कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से इस स्पा सेंटर में संदिग्ध और अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और मॉल में दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान मौके पर सूचना सही पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया।


गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए युवकों में अंकित (22) व योगेश (24) निवासी ललितपुर (उत्तर प्रदेश), वश (32) निवासी बनासकांठा (गुजरात) और महेश (32) निवासी व्यास कॉलोनी, बीकानेर शामिल हैं। ये सभी वर्तमान में बीकानेर के विभिन्न क्षेत्रों में रहकर इस स्पा सेंटर के माध्यम से गतिविधियों का संचालन कर रहे थे।
देह व्यापार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
थानाधिकारी के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA Act) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बिंदु पर भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या इस संचालन के पीछे कोई बड़ा संगठित गिरोह सक्रिय है।
उल्लेखनीय है कि कोटगेट पुलिस पिछले कुछ समय से शहर के कैफे और स्पा सेंटर्स पर कड़ी निगरानी रख रही है। हाल ही में पुलिस ने एक कैफे में अवैध रूप से बने केबिनों को भी ध्वस्त किया था। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने आस-पास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।
