शिक्षा निदेशक का बड़ा कदम- मंत्रालयिक कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए समस्त अधिकारियों को निर्देश जारी
कमल नारायण आचार्य


बीकानेर, 17 मार्च । शिक्षा निदेशालय और शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ के बीच हुई सकारात्मक वार्ता के सुखद परिणाम आने शुरू हो गए हैं। वार्ता की क्रियान्विति के प्रथम चरण में शिक्षा निदेशक श्री सीताराम जाट (IAS) ने अधीनस्थ अधिकारियों को मंत्रालयिक संवर्ग की रुकी हुई पदोन्नति (DPC) प्रक्रिया को तुरंत पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं।


डीपीसी प्रक्रिया में तेजी: इन पदों पर होगी पदोन्नति
शिक्षा निदेशक द्वारा जारी पत्र के अनुसार, समस्त संयुक्त निदेशकों और जिला शिक्षा अधिकारियों (मुख्यालय) को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ संवर्गों की वर्ष 2025-26 तक की नियमित एवं रिव्यू डीपीसी (DPC) को बिना किसी विलंब के संपन्न करें। इसमें निम्नलिखित पदोन्नतियां शामिल हैं। सहायक कर्मचारी से कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक, वरिष्ठ सहायक से सहायक प्रशासनिक अधिकारी


संघ की मांगों पर त्वरित कार्रवाई
शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ राजस्थान-बीकानेर के प्रदेशाध्यक्ष कमल नारायण आचार्य ने बताया कि निदेशालय द्वारा जारी यह निर्देश कर्मचारियों की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि संघ के नोटिस में दी गई अन्य शेष मांगों पर भी शासन और प्रशासन स्तर पर कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन मांगों में संस्थापन एवं प्रशासनिक अधिकारियों की डीपीसी तिथियां तय करना और केडर रिव्यु पदों को ऑनलाइन अपडेट करना प्रमुख है।
कर्मचारियों में हर्ष का माहौल
कल ही निदेशालय के समक्ष प्रस्तावित धरना स्थगित किया गया था और आज ही विभाग द्वारा आदेश जारी होने से मंत्रालयिक कर्मचारियों में हर्ष व्याप्त है। लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे हजारों कर्मचारियों को इस निर्णय से लाभ मिलेगा और उनके करियर में प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा।
