बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025

18 मार्च को उद्यमी संवाद समारोह, मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा करेंगे उद्योगपतियों से संवाद

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

इंडस्ट्रियल पार्क प्रमोशन सहित तीन नई नीतियों का किया जाएगा अनावरण

pop ronak

226 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास और 119 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का होगा लोकार्पण

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की योजनाओं के लाभार्थियों को सौंपे जाएंगे चेक, स्वीकृति पत्र और भूमि आवंटन पत्र

जयपुर, 17 मार्च। राजस्थान दिवस उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों के क्रम में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा बुधवार (18 मार्च) को उद्यमी संवाद समारोह का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा उद्योगपतियों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान 3 नई नीतियों का अनावरण, विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, भूमि आवंटन पत्र सहित अन्य सौगातें भी दी जाएंगी।

राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री राजस्थान इंडस्ट्रियल पार्क प्रमोशन पॉलिसी, राजस्थान एयरोस्पेस एंड डिफेंस और राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी का अनावरण करेंगे। इसके अलावा रीको आद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े 119 करोड़ रुपये लागत के 40 कार्यों का लोकार्पण और 226 करोड़ रुपये के 46 कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा।

श्री शर्मा एकीकृत क्लस्टर विकास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार और विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना के तहत लाभार्थियों को ऋण के चेक सौपेंगे। साथ ही, एमएसएमई नीति, निर्यात प्रोत्साहन नीति, आरएफसी की युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र देंगे। इस अवसर पर रीको के ऋण के स्वीकृति पत्र, जोधपुर-पाली-मारवाड़ और बूढ़ी बावल औद्योगिक क्षेत्रों के आरक्षण पत्र सहित लीज डीड और अलॉटमेंट लेटर भी प्रदान किए जाएंगे। वहीं, सीएसआर के तहत एसएमएस हॉस्पिटल और ‘अपना घर‘ को डमी चेक भी दिए जाएंगे।
——–
राव बीकाजी की टेकरी पर विद्यार्थियों को दी गई ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी

बीकानेर, 18 मार्च। राजस्थान दिवस सप्ताह 2026 के अंतर्गत बुधवार को संरक्षित स्मारक राव बीकाजी की टेकरी पर एक शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शुभम उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को आमंत्रित कर बीकानेर की ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान ‘बीकानेर की धरोहरें – हमारा गौरव’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय व्यवस्थापक मांगीलाल ढाका ने बताया कि धरोहरों के इतिहास से जुड़ी जानकारी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक रही। उन्होंने कहा कि यदि विभाग द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन किया जाता रहे, तो आमजन में धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और हमारी ऐतिहासिक विरासत सुरक्षित बनी रहेगी।
============

जयपुर/नई दिल्ली, 17 मार्च । राजस्थान ने ‘हर घर जल’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान, केंद्र सरकार के ‘जल जीवन मिशन 2.0’ की नई गाइडलाइन्स के तहत एमओयू (MoU) करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित जल शक्ति मंत्रालय में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल और राजस्थान के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल की उपस्थिति में इस ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

प्रधानमंत्री का आभार और मिशन को नई गति
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश की जनता, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र से विशेष आग्रह किया था। “यह एमओयू राज्य में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। ‘डबल इंजन’ की सरकार प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध जल पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
जल जीवन मिशन के इस विस्तारित स्वरूप (वर्जन 2.0) का मुख्य उद्देश्य मिशन को पहले से अधिक प्रभावी, जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है। एमओयू की मुख्य विशेषताएं निम्नलिखित हैं:

सेवा गुणवत्ता: नलों के माध्यम से न केवल जल पहुँचाना, बल्कि उसकी नियमितता और शुद्धता सुनिश्चित करना।

समयबद्ध लक्ष्य: परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए कड़े मानक तय किए गए हैं।

महिलाओं को राहत: दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ जल की उपलब्धता से महिलाओं का दैनिक जीवन सुगम होगा और उनके जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार आएगा।

उच्च स्तरीय गरिमामय उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना, राजस्थान जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अखिल अरोड़ा सहित केंद्र और राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राजस्थान द्वारा सबसे पहले एमओयू किए जाने से अब प्रदेश को इस मिशन के तहत बजटीय आवंटन और क्रियान्वयन में प्राथमिकता मिलने की संभावना है।

=====

राजस्थान दिवस पर गुरुवार को रवींद्र रंगमंच में होगी भव्य सांस्कृतिक संध्या, सायं 6 बजे होगी शुरू

बीकानेर, 18 मार्च। राजस्थान दिवस के अवसर पर 19 मार्च को रवींद्र रंगमंच में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम सायं 6 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें बीकानेर के विभिन्न लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।

कार्यक्रम में पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि कलाकार दलों में वर्षा सैनी व दल (भवाई–तराजू नृत्य), अफसान खान व दल (लंगा गायन), माने खां व दल (मांड गायन), गिरीश व दल (गणगौर गायन), अनिल बोड़ा व दल (रोबीला), शौकीन व दल (मशक वादन), नारायण रंगा व दल (हवेली संगीत) तथा वसीम व दल (राजस्थानी नृत्य) अपनी प्रस्तुति देंगे। शोभा व दल द्वारा गणगौर से संबंधित प्रस्तुति दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक संध्या में राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं—गीत, संगीत और नृत्य—का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए जनप्रतिनिधियों, कार्मिकों, सामाजिक संस्थाओं, स्कूल कॉलेज विद्यार्थियों आदि को आमंत्रित किया गया है।

==============

अवैध गैस रिफिलिंग पर रसद विभाग की कार्रवाई, 4 सिलेंडर सहित उपकरण जब्त
बीकानेर,18 मार्च । जिला रसद अधिकारी श्री नरेश शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार रात्रि को शहर में अवैध गैस रिफिलिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान शिवबाड़ी क्षेत्र में बकरी चौक एवं सर्वोदय बस्ती स्थित मोर पंख भवन के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर जांच की गई।

डीएसओ  शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से ऑटो में गैस भरी जा रही थी। इस पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों से कुल 4 घरेलू गैस सिलेंडर, 2 गैस रिफिलिंग मोटर एवं 2 कांटे (तोलन यंत्र) जब्त किए।

जिला रसद अधिकारी श्री नरेश शर्मा ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का इस प्रकार व्यावसायिक उपयोग करना एवं अवैध रिफिलिंग करना कानूनन अपराध है। इस प्रकार की गतिविधियों से दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है, जिससे जन-जीवन को खतरा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि जिले में अवैध गैस रिफिलिंग के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
========
जिला स्तरीय जनसुनवाई और सतर्कता समिति की बैठक स्थगित
बीकानेर, 18 मार्च। राजस्थान दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्रियों के अपने प्रभार जिलों के दौरों पर रहने और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होने के कारण मार्च के तीसरे गुरुवार को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय जनसुनवाई और सतर्कता समिति की बैठक को भी आगामी आदेशों तक स्थगित किया गया है। जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
============
‘राजस्थान संपर्क’ पर नागरिक संतुष्टि स्तर ‘ऑल टाइम हाई लेवल’ पर मार्च 2026 में सिटीजन संतुष्टि स्तर 80 प्रतिशत से अधिक पहुंचा
मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा के निर्देशों पर मंत्रीगण एवं एसीएस से शासन सचिव स्तर के अधिकारी संपर्क हेल्पलाइन (181) का कर रहे नियमित दौरा

जयपुर, 18 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पारदर्शी, जवाबदेह एवं नागरिक-केंद्रित शासन की दिशा में राजस्थान ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। प्रदेश की नागरिक-केंद्रित शासन व्यवस्था के तहत संचालित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) पर परिवादों का द्रुत गति से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में मार्च 2026 में लोक शिकायतों के निस्तारण में नागरिक संतुष्टि का स्तर ‘ऑल टाइम हाई लेवल’, 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है, जो पूर्व माह के लगभग 69.54 प्रतिशत की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है।

राजस्थान सरकार लोक शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा कई बार स्वयं राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का निरीक्षण कर परिवादियों से सीधा संवाद स्थापित कर चुके हैं, वे पूर्व में निस्तारित प्रकरणों में दी गई राहत एवं समाधान का नियमित फीडबैक ले रहे हैं तथा उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। पिछले दिनों में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने भी राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का दौरा कर शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद कर फीडबैक लिया है।

विभागों के प्रभारी सचिव नियमित कर रहे संपर्क हेल्पलाइन (181) का दौरा
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने लोक शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से सभी विभागों के प्रभारी सचिवों को एक परिपत्र जारी कर 4 मार्च से 28 अप्रैल तक राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) पर निर्धारित तिथियों में स्वयं उपस्थित रहकर शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों की अनुपालना में सभी विभागों के प्रभारी एसीएस से शासन सचिव स्तर के अधिकारी राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) केन्द्र पर निर्धारित तिथियों में स्वयं उपस्थित रहकर शिकायतकर्ताओं से कॉल पर वार्ता कर फीडबैक ले रहे हैं। इस पहल के माध्यम से प्रकरणों की सुनवाई, तथ्यात्मक समीक्षा तथा त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान में लगातार सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

क्रांतिकारी सुधारों को मिल रही उल्लेखनीय गति
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने बताया कि नागरिक-केंद्रित शासन राज्य सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है और राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) ने ‘नेक्स्ट जेन जन संपर्क’ के रूप में प्रौद्योगिकी के माध्यम से नागरिकों एवं सरकार के बीच की दूरी को काफी कम कर दिया है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) में क्रांतिकारी सुधारों को उल्लेखनीय गति प्रदान की जा रही है। सभी विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव से शासन सचिव स्तर के वरिष्ठ अधिकारी प्रतिदिन राजस्थान संपर्क केंद्र का दौरा कर नागरिकों से सीधा संवाद कर रहे हैं। इससे शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा रहा हैं।

एक दिन में 25,254 प्रकरणों का निस्तारण

उल्लेखनीय है कि 24 फरवरी, 2026 को राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) पर दैनिक शिकायत निस्तारण का ‘ऑल टाइम हाई लेवल’, 25,254 प्रकरण दर्ज किया गया था। इस दिन दर्ज शिकायतें सिर्फ 11,788 थीं, जिससे स्पष्ट है कि प्रदेश में शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही, औसत निस्तारण अवधि घटकर 7 दिवस रह गई है, जो शिकायतों के तेजी से हो रहे समाधान को दर्शाता है।

राजस्थान सरकार का यह प्रयास नागरिकों की आवाज को सीधे सरकार तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का घर बैठे समाधान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रदेश के नागरिक राजकीय विभागों से जुड़ी अपनी किसी भी परिवेदना के लिए टोल-फ्री नंबर 181 पर कॉल करें या राजस्थान संपर्क पोर्टल अथवा ऐप का उपयोग कर सकते हैं।
=================
गुरुवार को आएंगे केंद्रीय मंत्री  मेघवाल
बीकानेर, 18 मार्च। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल 19 मार्च को प्रातः 9:50 बजे बीकानेर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। श्री मेघवाल यहां हिंदू धर्म यात्रा एवं महाआरती कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। केंद्रीय मंत्री विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेने के पश्चात रात्रि 10:20 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
===========
प्रभारी मंत्री श्री खींवसर गुरुवार को लेंगे बैठक
बीकानेर, 18 मार्च। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर गुरुवार दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में बजट घोषणा की क्रियान्विति तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक के पश्चात प्रेस वार्ता का आयोजन किया जाएगा।
============
बालिका सैनिक स्कूल चयन परीक्षा: उत्तर कुंजी जारी
बीकानेर, 18 मार्च। बजट घोषणा वर्ष 2024-25 की अनुपालना के तहत प्रथम चरण में सम्मिलित दो बालिका सैनिक स्कूलों के लिए चयन परीक्षा 8 मार्च को आयोजित की गई थी। परीक्षा आयोजन के पश्चात इसकी उत्तर कुंजी जारी की गई है। शिक्षा विभागीय परीक्षाओं के पंजीयक ने बताया कि परीक्षार्थी, उत्तर कुंजी शाला दर्पण पोर्टल के होम पेज पर देख सकते हैं। किसी भी प्रश्न में आपत्ति होने पर परीक्षार्थी प्रमाण सहित 21 मार्च को रात्रि 12:00 तक आपत्ति कार्यालय की ईमेल आईडी balikasanik2026@gmail.com पर भेज सकते हैं।
============
राजस्थानी भाषा अकादमी की दो दिवसीय पुस्तक-प्रदर्शनी आरंभ
बीकानेर, 18 मार्च। राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी की ओर से राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार को अकादमी सभागार में दो दिवसीय पुस्तक-प्रदर्शनी आरंभ हुई।
अकादमी सचिव शरद केवलिया ने बताया कि पुस्तक-प्रदर्शनी में अकादमी की मुखपत्रिका जागती जोत के वर्ष 1973 से अब तक के सभी अंक प्रदर्शित किये गये हैं, साथ ही अकादमी द्वारा दिये गये प्रकाशन-सहयोग के तहत प्रकाशित कुछ वर्षों की पुस्तकें भी रखी गई हैं। केवलिया ने बताया कि एक नवाचार के तहत प्रदर्शनी में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, उपलब्धियों, बजट घोषणाओं आदि से संबंधित विभिन्न फ्लैक्स भी प्रदर्शित किये गये हैं। प्रदर्शनी के प्रथम दिन बड़ी संख्या में साहित्यकारों, विद्यार्थियों, आमजन ने पुस्तकों व फ्लैक्स का अवलोकन किया। गुरुवार को भी आमजन पुस्तक-प्रदर्शनी का निशुल्क अवलोकन कर सकते हैं।
===============
राजस्थानी में हो रहा है उत्कृष्ट साहित्य-सृजन
राजस्थानी भाषा अकादमी की ओर से ‘आधुनिक राजस्थानी साहित्य-दसा अर दिसा’ संगोष्ठी आयोजित
बीकानेर, 18 मार्च। राजस्थानी में उत्कृष्ट साहित्य-सृजन हो रहा है, युवा रचनाकार भी समसामयिक विषयों पर कलम चला रहे हैं तथा राजस्थानी भाषा-साहित्य का भविष्य उज्ज्वल है। राजस्थानी को संवैधानिक मान्यता मिलने से राजस्थानी भाषा का चहुंमुखी विकास होगा। ये विचार साहित्यकारों ने राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी की ओर से राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को अकादमी सभागार में आयोजित राजस्थानी संगोष्ठी ‘आधुनिक राजस्थानी साहित्य-दसा अर दिसा’ में व्यक्त किये।
वरिष्ठ साहित्यकार डाॅ. शंकरलाल स्वामी ने कहा कि राजस्थानी के वरिष्ठ व युवा रचनाकार निरंतर राजस्थानी भाषा-साहित्य के भंडार को समृद्ध कर रहे हैं। डाॅ. अजय जोशी ने कहा कि नयी पीढ़ी को राजस्थानी में लिखने-बोलने के साथ-साथ साहित्य सृजन हेतु प्रेरित-प्रोत्साहित किया जाए। कमल रंगा ने आधुनिक राजस्थानी साहित्य की विविध विधाओं में हो रहे लेखन कार्य की जानकारी देते हुए कहा कि साहित्यिक आलोचना व अनुवाद कार्य पर विशेष ध्यान दिया जाये। पृथ्वीराज रतनू ने बताया कि राजस्थानी साहित्य का समृद्ध इतिहास रहा है व राजस्थानी में आज भी बेहतरीन साहित्य रचा जा रहा है। राजेन्द्र जोशी ने कहा कि वर्तमान में राजस्थानी में जो सृजन कार्य हो रहा है, वह अन्य भारतीय भाषाओं के समकक्ष है। उन्होंने अधिकाधिक राजकीय विद्यालयों-महाविद्यालयों में राजस्थानी विषय शुरू किये जाने की आवश्यकता जताई। राजाराम स्वर्णकार ने कहा कि करोड़ों लोगों की मातृभाषा राजस्थानी को मान्यता मिलने से युवाओं को रोजगार के नये अवसर मिलेंगे। गोविंद जोशी ने कहा कि आधुनिक राजस्थानी साहित्यकारों ने सामाजिक विसंगतियों पर कलम चलाई है। डाॅ. कृष्णलाल बिश्नोई ने राजस्थानी कविता प्रस्तुत की। जुगल पुरोहित, सुभाष बिश्नोई, हरीशचंद्र शर्मा ने भी विचार व्यक्त किये।
अकादमी सचिव शरद केवलिया ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डाॅ. नमामीशंकर आचार्य ने राजस्थानी साहित्य के इतिहास की विस्तृत जानकारी दी। वरिष्ठ कवि राजेन्द्र स्वर्णकार ने राजस्थानी में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर विशन मतवाला, गोपाल कुमार व्यास, अंजली टाक, केशव जोशी, श्रीनिवास थानवी, कानसिंह, मनोज मोदी, रोहित कुमार स्वामी, रेणु प्रजापत, दिव्या राजपुरोहित आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *