महासमुंद के खल्लारी माता मंदिर में रोपवे हादसा, तार टूटने से एक महिला की मौत, 16 घायल
महासमुंद के खल्लारी माता मंदिर में रोपवे हादसा, तार टूटने से एक महिला की मौत, 16 घायल


- सीएम साय ने दिए जांच के आदेश
महासमुंद/रायपुर, 22 मार्च 2026 (रविवार)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रविवार सुबह एक हृदय विदारक रोपवे हादसा हो गया। मंदिर दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रॉली का तार (केबल) अचानक टूट जाने से वह ऊंचाई से नीचे गिरकर चट्टानों से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में रायपुर निवासी एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसे के समय मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी।


कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11:15 बजे हुई।


ट्रॉली की स्थिति: एक ट्रॉली में 8 श्रद्धालु नीचे आ रहे थे, जबकि दूसरी में 5 श्रद्धालु ऊपर मंदिर की ओर जा रहे थे। 4 अन्य लोग नीचे अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
तार टूटना: अचानक मुख्य केबल टूट गई, जिससे नीचे आ रही ट्रॉली अनियंत्रित होकर पत्थरों से जा टकराई। तार टूटने के झटके से दूसरी ट्रॉली भी प्रभावित होकर जंक्शन से टकरा गई।
हताहत: हादसे में रायपुर की रहने वाली आयुषी सतकर नामक महिला की जान चली गई। घायलों में 3 साल के बच्चे से लेकर 65 साल के बुजुर्ग तक शामिल हैं।
रेस्क्यू और उपचार
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सभी 16 घायलों को तत्काल बागबाहरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, 8 गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घायलों में 12 रायपुर और 4 महासमुंद के निवासी बताए जा रहे हैं।
महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोप-वे दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है।
इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु के असामयिक निधन एवं कई श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना ने मन को गहराई से व्यथित किया है। दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए…
— Brijmohan Agrawal (@brijmohan_ag) March 22, 2026
मुख्यमंत्री और सांसद ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया (X) पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे की विस्तृत जांच होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों की चौबीसों घंटे निगरानी करने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक कार्रवाई: रोपवे सील
महासमुंद जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने बताया कि मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक (SP) ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा की दृष्टि से रोपवे को आगामी आदेश तक सील कर दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमित तकनीकी निरीक्षण और सुरक्षा प्रोटोकॉल की अनदेखी इस बड़े हादसे की मुख्य वजह हो सकती है।
घटना में मरने और घायलों की सूची
आयुषी सातकर (रायपुर) – मृत, ऋषभ धावरे (रायपुर) – घायल, छायांश धावरे (रायपुर) – घायल, गोविंद स्वामी (महासमुंद) – घायल, नमिता स्वामी (महासमुंद) – घायल
कुश्मिता स्वामी (महासमुंद) – घायल, मांशवी गोडारिया (महासमुंद) – घायल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
खल्लारी माता मंदिर के पहाड़ी पर हुए रोपवे हादसा मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि, यह बहुत ही दर्दनाक घटना है। दोषियों को बख्सा नहीं जाएगा। जो भी मामले में दोषी पाए जाएंगे उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रखरखाव पर उठे गंभीर सवाल
इस हादसे ने रोपवे के मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि इस रोपवे का संचालन डिजर्ट प्राइवेट लिमिटेड, कोलकाता द्वारा किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि, क्या समय पर सुरक्षा ऑडिट और मशीनी जांच की गई थी।
प्रशासनिक मुस्तैदी और कलेक्टर का बयान
हादसे की जानकारी मिलते ही खल्लारी पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वर्तमान में नीति आयोग की बैठक के लिए दिल्ली प्रवास पर मौजूद महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिल्ली से ही अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करना है। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। मेंटेनेंस में जिस किसी की भी लापरवाही सामने आएगी, उस पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम बागबाहरा नमिता मारकोले ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी घायलों को सहायता पहुंचाई जा रही है।
मृतका आयुषी सातकर रायपुर की रहने वाली है। उनके पति ऋषभ धावरे और देवर छायांश धावरे घायल हुए है, जिनका बागबाहरा में इलाज जारी है। साथ ही महासमुंद के गोविंद स्वामी, नमिता स्वामी,कुश्मिता स्वामी और मांशवी गोडारिया घायल हुए है जिन्हें इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है। इस हादसे में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी दुःख जताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए है।
