बीकानेर में सनसनीखेज वारदात: जांच करने पहुंची महिला पुलिसकर्मी पर छोड़ दिया ‘पिटबुल’, गंभीर रूप से घायल
बीकानेर में सनसनीखेज वारदात: जांच करने पहुंची महिला पुलिसकर्मी पर छोड़ दिया 'पिटबुल', गंभीर रूप से घायल


बीकानेर, 11 मार्च । जयनारायण व्यास कॉलोनी (JNVC) थाना क्षेत्र के चाणक्य नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सरकारी ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करवाया गया। एक मामले की जांच करने पहुंची हेड कॉन्स्टेबल पर मकान मालकिन ने अपने पालतू पिटबुल (Pitbull) डॉग से हमला करवा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।


राजकार्य में बाधा और जानलेवा हमला
घटना 2 मार्च की है, लेकिन इसकी एफआईआर 10 मार्च को दर्ज करवाई गई है। एएसआई शारदा ने बताया कि वह हेड कॉन्स्टेबल माली जाखड़ के साथ चाणक्य नगर निवासी मनीषा मोदी के घर एक प्रकरण की जांच के सिलसिले में पहुंची थीं।


हमले का तरीका: जैसे ही पुलिसकर्मी घर के पास पहुंचीं, आरोपी महिला ने पिटबुल का दरवाजा खोल दिया। आक्रामक कुत्ते ने बाहर निकलते ही हेड कॉन्स्टेबल माली जाखड़ के हाथ और पैरों पर बुरी तरह हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
खुद को कमरे में किया बंद: आरोप है कि हमला करवाने के बाद मां-बेटी (मकान मालकिन) खुद को घर के अंदर सुरक्षित बंद कर लिया और बाहर घायल पुलिसकर्मी की मदद के लिए नहीं आईं। साथ आई एएसआई ने जैसे-तैसे कुत्ता छुड़वाकर घायल साथी को अस्पताल पहुंचाया।
क्रॉस ब्रीड का शिकारी कुत्ता है पिटबुल
पिटबुल एक क्रॉस ब्रीड प्रजाति है। जो लोग जानवरों को पालने में रुचि रखते हैं, उनके बीच इस डॉग को एक ‘गार्ड डॉग’ के रूप में जाना जाता है। इस आक्रामक और हमलावर कुत्ते को किसी बड़े फार्म या फिर बड़े खेतों में इसे एक रक्षक के रूप में पाला जाता है। जानकारों के मुताबिक, इस ब्रीड को 19वीं सदी के अंत के दशकों में तैयार किया गया था। पिटबुल को बुल एंड टेरियर डॉग के साथ अमेरिकन बुली टाइप डॉग की मेटिंग से बनाया गया था। इंग्लैंड और कुछ दूसरे देशों में इसे अमेरिकन पिटबुल टेरियर के नाम से जाना जाता है। इसके दूसरे नामों में इसे स्टैफोर्डशायर फाइटिंग डॉग, बुल बेटर डॉग, यांकी टेरियर और रिबेल टेरियर कहा जाता है। पिटबुल अपनी ताकत और मजबूत जबड़े की वजह से लड़ाकू डॉग की तरह ही बिहेव करता है।
अमेरिका समेत 41 देशों में बैन है पिटबुल
पिटबुल डॉग अमेरिका, जर्मनी, डेनमार्क, स्पेन, ब्रिटेन, आयरलैंड, रोमानिया, कनाडा, इटली और फ्रांस समेत 41 देशों में बैन है। कई देशों में पिटबुल प्रजाति के कुत्ते को रिहायशी इलाकों में पालने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। एक्सपर्ट के मुताबिक, पिटबुल प्रजाति के कुत्ते किसी व्यक्ति या जानवर को कब्जे में लेने के बाद अपने जबड़ों को लॉक कर लेते हैं, ऐसे में छुड़ा पाना आसान नहीं होता है।
पुलिस की कार्रवाई
एएसआई पूर्णाराम ने बताया कि घायल हेड कॉन्स्टेबल फिलहाल प्राथमिक उपचार के बाद अपने गांव चली गई हैं। पुलिस ने इस मामले को राजकार्य में बाधा और जानबूझकर हमला करवाने की धाराओं में दर्ज किया है। आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
