पीबीएम के फिजियोथेरेपी विभाग में शांति यज्ञ: ‘यज्ञ भारतीय संस्कृति का प्रतीक और रोग निवारण में उपयोगी


बीकानेर, 13 जुलाई। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध पीबीएम अस्पताल के फिजिकल मेडिसिन एवं रिहेबिलिटेशन विभाग (फिजियोथेरेपी विभाग) के बेहतर रखरखाव और शुद्ध वातावरण बनाने के उद्देश्य से रविवार को एक शांति यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. निधि अग्रवाल ने रोगियों की सेवार्थ एक एयर कंडीशनर भी भेंट किया। अस्थिरोग विभागाध्यक्ष एवं फिजिकल मेडिसिन एवं रिहेबिलिटेशन विभागाध्यक्ष डॉ. बी.एल. खजौटिया इस यज्ञ में मुख्य यजमान थे। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गुंजन सोनी, पीबीएम अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र वर्मा और ट्रॉमा सेंटर के सीएमओ डॉ. एल.के. कपिल भी यजमान के रूप में शामिल हुए। यह यज्ञ पंडित शंकर भादानी और पंडित श्याम भादानी ने संपन्न करवाया। यज्ञ में विशेष रूप से चिकित्सा के देवता भगवान धन्वंतरि और चंद्रमा की पूजा की गई, साथ ही विश्व शांति की कामना की गई।




यज्ञ का महत्व और फिजियोथेरेपी की भूमिका
डॉ. बी.एल. खजौटिया ने बताया कि यज्ञ भारतीय संस्कृति का एक अभिन्न अंग है, जिससे वातावरण, मन और मस्तिष्क की शुद्धि होती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अस्थिरोग के इलाज के बाद और उससे पहले भी फिजियोथेरेपी का बहुत महत्व है। उन्होंने कहा कि यह विभाग मरीज के फिजियोथेरेपी के साथ-साथ उनके सुखद भविष्य के लिए भी काम करता है, और इसी उद्देश्य से फिजियोथेरेपी विभाग में यज्ञ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। कवि एवं कथाकार राजेंद्र जोशी ने कहा कि यज्ञ एक वैज्ञानिक और आध्यात्मिक प्रक्रिया है, जो पर्यावरण को शुद्ध करने, मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और समग्र कल्याण को बढ़ावा देने में मदद करती है।


गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
यज्ञ में समाजसेवी श्योदान सिंह, खत्री मोदी समाज के दिनेश मोदी, डॉ. संजय तंवर, डॉ. विक्रांत सिंह, मारवाड़ जन सेवा समिति के रमेश व्यास, कृष्ण जल सेवा समिति के श्याम सोनी, महावीर विकलांग सेवा समिति के अध्यक्ष अनंत वीर जैन सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।