मंगल पांडे के कदमों की माटी हर माथे का चंदन
मंगल पांडे के कदमों की माटी हर माथे का चंदन



आजादी के प्रथम नायक की 169वीं पुण्यतिथि पर बीकानेर में उमड़ा श्रद्धासैलानी


बीकानेर, 8 अप्रैल। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रथम नायक अमर शहीद मंगल पांडे की 169वीं पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को बीकानेर के मंगल पांडे सर्किल पर भव्य पुष्पांजलि और स्मरण सभा का आयोजन किया गया। शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण समाज और मंगल पांडे स्मारक समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजनों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।


विदेशी दासता के खौफ को चुनौती दी- गणेशदास सेवग
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेशाध्यक्ष श्री गणेशदास सेवग ने मंगल पांडे के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारत की वीर गाथाओं में मंगल पांडे एक अविस्मरणीय व्यक्तित्व हैं, जिन्हें राष्ट्र के गौरव के रूप में सदैव पूजा जाएगा। उन्होंने कहा कि मंगल पांडे ने उस दौर में विद्रोह का बिगुल फूंका जब अंग्रेजी हुकूमत का भयंकर खौफ व्याप्त था।
माटी के वंदन से गूंजा आयोजन
विशिष्ट अतिथि और कल्याण फाउंडेशन ऑफ इंडिया की निदेशक कामिनी विमल भोजक ‘मैया’ ने वीर सपूतों की शहादत पर प्रकाश डालते हुए काव्यमयी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा:
“बीकानेर की इस धरती से वतन वीर का वंदन है,
मंगल के कदमों की माटी हर माथे का चन्दन है।”
उन्होंने कहा कि भारत की मिट्टी ऐसे फौलादी वीर पैदा करती है जो धर्म और संप्रभुता की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने से पीछे नहीं हटते।
प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण की मांग
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आर.के. शर्मा ने मंगल पांडे द्वारा भारतीयों में संचारित किए गए जोश की सराहना की। इस अवसर पर शाकद्वीपीय ब्राह्मण बंधु ट्रस्ट ने बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास से मंगल पांडे प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण की मांग भी उठाई।
संस्कारों से जोड़ने की पहल
महासभा के प्रांतीय महासचिव राजेश शर्मा ने संचालन करते हुए सुझाव दिया कि बच्चों को वीर सपूतों के कार्यों से अवगत कराने के लिए लघु नाटकों का मंचन किया जाना चाहिए। स्मारक समिति के शिवरतन सेवग ने कहा कि समाज के लिए यह गर्व का विषय है कि वे उस कुल से संबंध रखते हैं जिसमें मंगल पांडे जैसे अद्भुत वीर ने जन्म लिया।
गणमान्य जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में आभार सचिव मनोज कुमार शर्मा (मनसा महाराज) ने व्यक्त किया। इस दौरान नितिन वत्सस, एडवोकेट दिलीप कुमार सेवग, कोच मनोज कुमार सेवग, गणेश कुमार शर्मा, युवा अध्यक्ष नीलेश शर्मा, खुश भोजक, नताशा वत्सस, सुधीर शर्मा और जैनेंद्र शर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
