बीकानेर में छेड़छाड़ के विवाद पर बवाल, दो समुदायों में पथराव और लाठी-सरिए चले, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात



बीकानेर। 7 अप्रैल। बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र के चौखूंटी इलाके में सोमवार रात छेड़छाड़ के एक कथित मामले ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते पत्थरबाजी और लाठी-जंग में बदल गई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में युवक हाथों में लाठियां और सरिए लेकर आमने-सामने नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया है। सूचना पर पुलिस बल मौके पर तुरंत पहुंच गया। हालात को काबू में करने के लिए जगह-जगह पर पुलिस कर्मी तैनात किए गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल रातभर मौके पर मुस्तैद रहा।



जानकारी के अनुसार, विवाद सोमवार रात करीब 10 बजे शुरू हुआ। आरोप है कि कुछ युवकों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोग उग्र हो गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से भीड़ जुट गई और पथराव शुरू हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि संकरी गलियों में लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंक रहे हैं और लाठियां लहरा रहे हैं। पुलिस की भनक लगते ही उपद्रवी मौके से गलियों में फरार हो गए।


भाजपा नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक
घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और भाजपा नेता वेद व्यास व विजय उपाध्याय कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान कानून-व्यवस्था और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा नेता वेद व्यास और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। देर रात तक क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी रही।
थाने पहुंचा मामला, कार्रवाई का आश्वासन
मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में लोग और हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि नयाशहर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए परिवाद सौंपा। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर आरोपी पक्ष के लोग संगठित होकर मोहल्ले में घुसे और लाठियों-सरियों से हमला किया।
प्रशासनिक मुस्तैदी और वर्तमान स्थिति
नयाशहर थानाधिकारी (SHO) रोहित चौधरी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। रातभर क्षेत्र में गश्त जारी रही और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों और हमलावरों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शहर में भाईचारा बनाए रखें।
सारी रात पुलिस की गश्त जारी रही
इसके बाद पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई। नयाशहर थाना पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। नयाशहर थाना SHO रोहित चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। सारी रात पुलिस की गश्त जारी रही।
फिलहाल पूरी तरह स्थिति शांत है
SHO रोहित चौधरी ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांत है। दोनों पक्षों के लोगों को समझाया गया। जिससे इलाके में दोबारा अशांति न फैले। उपद्रव करने वाले युवकों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से परिवाद नहीं दिया गया है, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
