मुस्लिम प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा को सौंपी ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ पर आधारित विशेष नज़्म
मुस्लिम प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा को सौंपी 'ऑपरेशन नीलकंठ' पर आधारित विशेष नज़्म


- मशहूर उर्दू शाइर वली मोहम्मद ग़ौरी की रचना से प्रभावित हुए एसपी; शहर क़ाज़ी की सरपरस्ती में मिला प्रतिनिधिमंडल
- नज़्म के जरिए आम आवाम को नशाखोरी के दुष्परिणामों के प्रति किया जाएगा जागरूक; बीकानेर को नशामुक्त बनाने का संकल्प
बीकानेर, 4 जून। बीकानेर जिला पुलिस प्रशासन द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी और नशाखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान को अब सामाजिक और साहित्यिक स्तर पर भी बड़ा समर्थन मिल रहा है। गुरुवार सुबह मुस्लिम समाज की प्रमुख शख़्सियतों के एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने बीकानेर के शहर क़ाज़ी शाहनवाज हुसैन की सरपरस्ती में पुलिस अधीक्षक (SP) मृदुल कच्छावा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उर्दू के जाने-माने शाइर वली मोहम्मद ग़ौरी द्वारा पुलिस के ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ पर केंद्रित लिखी गई एक मक़बूल नज़्म एसपी को उनके कार्यालय में सप्रेम भेंट की।


एसपी मृदुल कच्छावा की भावना से प्रेरित होकर रची नज़्म
उल्लेखनीय है कि बीकानेर जिले को पूरी तरह से नशामुक्त करने और युवा पीढ़ी को इस दलदल से बाहर निकालने के लिए एसपी मृदुल कच्छावा के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस लगातार तस्करों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। जिला पुलिस अधीक्षक के इसी दृढ़ संकल्प और जनहितैषी भावना से प्रेरित होकर बीकानेर के प्रख्यात उर्दू शाइर वली मोहम्मद ग़ौरी ने इस सामाजिक बुराई के खिलाफ यह बेहतरीन नज़्म कलमबद्ध की है। इस सारगर्भित रचना को साहित्यिक हलकों और आम जनता के बीच बेहद पसंद किया जा रहा है।


नज़्म बनेगी जन-जागरूकता का सशक्त माध्यम: क़ासिम बीकानेरी
मुलाकात के दौरान मौजूद शाइर व कहानीकार क़ासिम बीकानेरी ने बताया कि इस रचनात्मक पहल का उद्देश्य पुलिस के अभियान को सामाजिक मजबूती देना है। इस अवसर पर शाइर वली मोहम्मद ग़ौरी ने स्वयं विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस नज़्म के माध्यम से वे और समाज के प्रबुद्ध जन नशाखोरी के विनाशकारी दुष्परिणामों का आम आवाम, विशेषकर युवाओं के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। इसके जरिए परिवारों को तबाह होने से बचाने और भटके हुए लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में ये प्रबुद्धजन रहे शामिल
पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे इस उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में सरपरस्त के रूप में शहर क़ाज़ी शाहनवाज़ हुसैन, मुफ़्ती-ए-शहर मुफ़्ती मोहम्मद अशफ़ाक़ उल्लाह ग़ौरी मंज़री, प्रमुख समाजसेवी एन.डी. क़ादरी और शाइर-कहानीकार क़ासिम बीकानेरी सहित समाज के अन्य प्रबुद्ध नागरिक मौजूद थे। एसपी मृदुल कच्छावा ने इस साहित्यिक भेंट के लिए पूरे प्रतिनिधिमंडल का आभार जताया और कहा कि समाज के सहयोग से ही ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ को पूरी तरह सफल बनाया जा सकता है।


